TV9 NETWORK
User
Sign In

By signing in or creating an account, you agree with Associated Broadcasting Company's Terms & Conditions and Privacy Policy.

बैंकिंग सलाहकार बन रहे ChatGPT-Gemini, 53% भारतीय ले रहे AI की मदद; अमेरिका-ब्रिटेन को छोड़ा पीछे

भारत में बैंकिंग से जुड़े कामों के लिए AI का इस्तेमाल तेजी से बढ़ रहा है. 53 फीसदी भारतीय ग्राहक बैंकिंग के लिए GenAI की मदद ले रहे हैं. यह आंकड़ा वैश्विक औसत से काफी ज्यादा है. ग्राहक अब सेविंग अकाउंट की ब्याज दरों, लोन और वित्तीय सलाह के लिए ChatGPT, Claude और Gemini का सहारा ले रहे हैं.

बैंकिंग में एआई का बढ़ता इस्तेमाल Image Credit: Canva

Highlights

  • भारत में 53 फीसदी ग्राहक बैंकिंग से जुड़े कामों के लिए GenAI का इस्तेमाल कर रहे हैं, जबकि वैश्विक औसत 23 फीसदी है.
  • बैंकिंग के लिए AI इस्तेमाल करने वाले वैश्विक ग्राहकों में 74 फीसदी ChatGPT, Claude और Gemini जैसे प्लेटफॉर्म का इस्तेमाल करते हैं.
  • AI के इस्तेमाल के बावजूद निवेश सलाह के लिए 34 फीसदी लोग इंसानी सलाहकार को पसंद करते हैं. वहीं 42 फीसदी AI और इंसानी सलाह दोनों चाहते हैं.

AI in Banking: भारत में बैंकिंग से जुड़े कामों के लिए आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) का इस्तेमाल तेजी से बढ़ रहा है. अब ग्राहक सेविंग अकाउंट की ब्याज दरों की तुलना करने, लोन और दूसरे वित्तीय प्रोडक्ट्स की जानकारी लेने और पैसों का बजट बनाने के लिए बैंक जाने या रिलेशनशिप मैनेजर से बात करने के बजाय ChatGPT, Claude और Gemini जैसे AI प्लेटफॉर्म की मदद ले रहे हैं.

McKinsey की Global Banking Annual Review 2026 के मुताबिक, भारत में सर्वे में शामिल 53 फीसदी ग्राहक बैंकिंग से जुड़े कामों के लिए GenAI का इस्तेमाल कर रहे हैं. यह आंकड़ा दुनिया के औसत 23 फीसदी से काफी ज्यादा है. इस मामले में भारत अमेरिका और ब्रिटेन जैसे देशों से भी आगे है. रिपोर्ट के मुताबिक, अब पैसों से जुड़े कई फैसलों को प्रभावित करने में सॉफ्टवेयर एजेंट की भूमिका बढ़ रही है.

अमेरिका और ब्रिटेन से आगे भारत

McKinsey की रिपोर्ट के अनुसार, बैंकिंग से जुड़े कामों में GenAI का इस्तेमाल करने वाले ग्राहकों का अनुपात भारत में 53 फीसदी है. वहीं ब्रिटेन में यह आंकड़ा 25 फीसदी और अमेरिका में 20 फीसदी है. ब्राजील में 36 फीसदी और मैक्सिको में 35 फीसदी ग्राहक बैंकिंग के लिए GenAI का इस्तेमाल कर रहे हैं.

रिपोर्ट के मुताबिक, दुनिया भर में बैंकिंग से जुड़े कामों के लिए AI इस्तेमाल करने वाले ग्राहकों में से 74 फीसदी ChatGPT, Claude या Gemini जैसे प्लेटफॉर्म का इस्तेमाल करते हैं. यह संख्या अपने बैंक के चैटबॉट का इस्तेमाल करने वाले ग्राहकों से करीब दोगुनी है.

इससे बैंकों के सामने नई चुनौती खड़ी हो रही है. ग्राहक बैंक से लेनदेन तो कर रहे हैं, लेकिन उस लेनदेन से पहले जानकारी और सलाह के लिए दूसरे AI प्लेटफॉर्म पर जा रहे हैं.

ग्राहक क्यों ले रहे AI की मदद?

AI की मदद से ग्राहक अलग-अलग बैंकों के सेविंग अकाउंट की ब्याज दरों की तुलना कर सकते हैं. इसके अलावा वे लोन, बैंकिंग सेवाओं और दूसरे वित्तीय प्रोडक्ट्स के बारे में जानकारी हासिल कर सकते हैं. इसके लिए उन्हें बैंक की शाखा में जाने या किसी कर्मचारी पर निर्भर रहने की जरूरत नहीं पड़ती.

EY India की एक रिपोर्ट Customer Experience Reimagined: The New Frontier for Indian Banking in 2026 में भी ग्राहकों की डिजिटल सेवाओं को लेकर बढ़ती मांग सामने आई है. 2,030 बैंकिंग ग्राहकों पर किए गए सर्वे में 55 फीसदी लोगों ने बैंकिंग ऐप, वेबसाइट और चैटबॉट पर बेहतर डिजिटल सपोर्ट की मांग की. इसके अलावा 48 फीसदी ग्राहक तेज जवाब और साफ जानकारी चाहते हैं. वहीं 41 फीसदी ने शिकायतों के बेहतर समाधान और 44 फीसदी ने भाषा से जुड़ी बेहतर सुविधाओं की जरूरत बताई.

EY की रिपोर्ट के मुताबिक, 49 फीसदी उभरते पेशेवर और 51 फीसदी मध्यम आयु वर्ग के कारोबारी AI आधारित वित्तीय सलाह, ऑटोमेटेड सेविंग और बजट बनाने जैसे डिजिटल टूल को अहम मानते हैं.

अब सिर्फ सलाह नहीं, पैसों से जुड़े काम भी कर सकेगा AI

AI का इस्तेमाल अब सिर्फ सवालों के जवाब पाने तक सीमित नहीं रह सकता. आने वाले समय में AI एजेंट ग्राहकों की अनुमति लेकर बैंकिंग से जुड़े कुछ काम भी कर सकेंगे.

McKinsey के सर्वे में शामिल AI इस्तेमाल करने वाले 72 फीसदी ग्राहकों ने कहा कि वे बैंकिंग एजेंट को कम से कम एक वित्तीय काम करने की अनुमति दे सकते हैं. हालांकि, ज्यादातर ग्राहक चाहते हैं कि कोई भी काम करने से पहले AI उनसे अनुमति ले.

रिपोर्ट के मुताबिक, ज्यादातर ग्राहक AI को बिना रोक-टोक अपने पैसे से जुड़े फैसले लेने की छूट नहीं देना चाहते. वे चाहते हैं कि AI एक सक्षम सहायक की तरह काम करे, लेकिन जरूरी फैसलों पर उनकी मंजूरी ले.

निवेश की सलाह के लिए इंसानों पर ज्यादा भरोसा

AI के बढ़ते इस्तेमाल के बावजूद निवेश जैसे बड़े वित्तीय फैसलों में ग्राहक अभी भी इंसानी सलाह को ज्यादा अहमियत देते हैं. McKinsey के वैश्विक सर्वे के मुताबिक, 59 फीसदी लोग सामान्य वित्तीय सवालों के लिए AI की मदद लेना पसंद करते हैं, जबकि सिर्फ 15 फीसदी लोग ऐसे सवालों के लिए इंसानी सलाहकार को चुनते हैं.

लेकिन निवेश की सलाह के मामले में तस्वीर अलग है. इस काम के लिए 24 फीसदी लोग AI को पसंद करते हैं, जबकि 34 फीसदी इंसानी सलाहकार पर भरोसा करते हैं. वहीं 42 फीसदी लोग दोनों की मदद लेने के पक्ष में हैं. ग्राहक सेवा के मामले में भी इंसानों की भूमिका बनी हुई है. AI वॉयस एजेंट से बिना इंतजार के मदद मिलने के बावजूद दो-तिहाई AI यूजर बैंक के किसी कर्मचारी से बात करना पसंद करते हैं.

AI के इस्तेमाल से जुड़े ये हैं बड़े जोखिम

बैंकिंग में AI का इस्तेमाल बढ़ने के साथ कुछ जोखिम भी सामने आ रहे हैं. इनमें गलत जानकारी, डेटा की सुरक्षा, साइबर हमले और एल्गोरिदम में पक्षपात जैसी समस्याएं शामिल हैं.

अगर ग्राहक लोन की पात्रता, ब्याज दर या निवेश से जुड़ा फैसला AI की गलत जानकारी के आधार पर लेते हैं, तो उन्हें आर्थिक नुकसान हो सकता है. इसके अलावा ग्राहक AI प्लेटफॉर्म पर अपनी निजी वित्तीय जानकारी साझा करते हैं. ऐसे में यह सवाल भी अहम हो जाता है कि उनका डेटा कैसे इस्तेमाल और सुरक्षित रखा जा रहा है. McKinsey के मुताबिक, AI इस्तेमाल करने वाले 37 फीसदी ग्राहकों ने डेटा की गोपनीयता को अपनी सबसे बड़ी चिंता बताया. वहीं 62 फीसदी ग्राहक चाहते हैं कि उन्हें AI से जुड़ी सेवाएं और सलाह किसी बाहरी प्लेटफॉर्म के बजाय अपने मुख्य बैंक से मिले.

RBI की FREE-AI कमेटी की रिपोर्ट में भी डेटा प्राइवेसी, साइबर सुरक्षा, पारदर्शिता और जवाबदेही जैसे मुद्दों पर चिंता जताई गई है. रिपोर्ट में AI के इस्तेमाल के लिए बैंकों में बेहतर निगरानी और सुरक्षा व्यवस्था बनाने की जरूरत बताई गई है.

बैंकों के सामने ग्राहकों का भरोसा बनाए रखने की चुनौती

AI के बढ़ते इस्तेमाल से बैंकों के सामने अब सिर्फ बेहतर मोबाइल ऐप और तेज लेनदेन की सुविधा देने की चुनौती नहीं है. उन्हें ग्राहकों को वित्तीय जानकारी और सलाह देने के मामले में भी बेहतर सेवाएं देनी होंगी. McKinsey के मुताबिक, अगर बैंक बेहतर AI सेवाएं नहीं देते हैं, तो करीब आधे AI यूजर किसी थर्ड पार्टी फाइनेंशियल ऐप की तरफ जा सकते हैं. हालांकि, 62 फीसदी ग्राहक अपने मुख्य बैंक से ही AI आधारित सेवाएं और सलाह लेना पसंद करते हैं.

इसे भी पढ़ें- दिसंबर में बदलेंगे पैसों से जुड़े कई नियम! SBI, HDFC और ICICI बैंक के ग्राहकों को लगेगा झटका, NPS और ITR की भी जरूरी तारीखें

ऐसे में बैंकों के लिए जरूरी होगा कि वे AI की सुविधा के साथ ग्राहकों का भरोसा भी बनाए रखें. आने वाले समय में बैंकिंग का मुकाबला सिर्फ ब्याज दरों और सुविधाओं पर नहीं, बल्कि ग्राहकों को मिलने वाली डिजिटल सलाह की गुणवत्ता और भरोसे पर भी होगा.