TV9 NETWORK
User
Sign In

By signing in or creating an account, you agree with Associated Broadcasting Company's Terms & Conditions and Privacy Policy.

ब्रोमेट के बाद अब बैक्टीरिया, Bisleri के पानी में फिर मिली गड़बड़ी; FSSAI ने दूसरी बार कंपनी पर कसा शिकंजा

बिसलेरी इंटरनेशनल की मुश्किलें बढ़ गई हैं. पश्चिम बंगाल के जलपाईगुड़ी स्थित प्लांट से लिए गए पानी के सैंपल में कोलीफॉर्म बैक्टीरिया मिला है. दोनों लैब में इसकी पुष्टि के बाद FSSAI ने कंपनी के खिलाफ मुकदमा चलाने की मंजूरी दे दी है. इससे पहले गोवा प्लांट के मामले में भी कंपनी पर कानूनी कार्रवाई शुरू हुई थी.

बिसलरी

Highlights

  • पश्चिम बंगाल के जलपाईगुड़ी स्थित बिसलेरी प्लांट के पानी के सैंपल में कोलीफॉर्म बैक्टीरिया मिला. दोनों लैब ने इसकी पुष्टि की.
  • FSSAI ने 12 अगस्त 2026 को बैच नंबर PB 201 की बिक्री पर रोक लगाई थी. अब कंपनी के खिलाफ मुकदमा चलाने की मंजूरी दी गई है.
  • गोवा प्लांट के सैंपल में भी पहले गड़बड़ी मिली थी. उस मामले में ब्रोमेट और PAHs पाए गए थे.

Bisleri Water Controversy: पैक्ड ड्रिंकिंग वाटर ब्रांड बिसलेरी (Bisleri) की मुश्किलें बढ़ती नजर आ रही हैं. भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (FSSAI) ने कंपनी के खिलाफ एक और मामले में मुकदमा चलाने की मंजूरी दे दी है. पश्चिम बंगाल के जलपाईगुड़ी स्थित कंपनी के प्लांट से लिए गए पानी के सैंपल में कोलीफॉर्म बैक्टीरिया (Coliform Bacteria) मिला है. लैब टेस्ट में इसकी पुष्टि होने के बाद FSSAI ने यह कदम उठाया है.

यह दूसरी बार है जब FSSAI ने बिसलेरी इंटरनेशनल प्राइवेट लिमिटेड के खिलाफ अभियोजन की मंजूरी दी है. इससे पहले गोवा स्थित कंपनी के एक प्लांट से लिए गए सैंपल की जांच में भी गड़बड़ी मिली थी. उस मामले में भी कंपनी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई शुरू की गई थी.

पश्चिम बंगाल के प्लांट में क्या मिला?

FSSAI के मुताबिक, पश्चिम बंगाल के जलपाईगुड़ी के टेलीपारा गांव स्थित बिसलेरी के प्लांट से पैक्ड ड्रिंकिंग वाटर का सैंपल लिया गया था. जांच में इस सैंपल में कोलीफॉर्म बैक्टीरिया पाया गया. प्राइमरी और रेफरल, दोनों लैब ने इसकी पुष्टि की.

कोलीफॉर्म बैक्टीरिया पानी में सीवेज के रिसाव या खराब पाइप के जरिए पहुंच सकता है. खाद्य सुरक्षा नियमों के उल्लंघन को देखते हुए FSSAI ने 12 अगस्त 2026 को केवल एक खास बैच (बैच नंबर PB 201) की बिक्री पर रोक लगा दी थी. अब इस मामले में FSSAI ने बिसलेरी इंटरनेशनल के खिलाफ मुकदमा चलाने की मंजूरी दे दी है.

गोवा प्लांट के मामले में भी हुई थी कार्रवाई

इससे पहले गोवा स्थित बिसलेरी के एक प्लांट से लिए गए पानी के सैंपल की जांच में भी गड़बड़ी सामने आई थी. FSSAI ने बताया था कि उस सैंपल में तय सीमा से ज्यादा ब्रोमेट (Bromate) पाया गया था. खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के तहत इसे असुरक्षित घोषित किया गया था.

बिसलेरी की अपील के बाद सैंपल को रेफरल फूड लैब में भेजा गया. वहां भी जांच में पॉलीन्यूक्लियर एरोमैटिक हाइड्रोकार्बन (PAHs) पाए गए और सैंपल को असुरक्षित बताया गया. इन लैब रिपोर्ट्स के आधार पर FSSAI ने फूड सेफ्टी एक्ट, 2006 के तहत कंपनी के खिलाफ अभियोजन की कार्रवाई शुरू की.

बिसलेरी ने क्या कहा?

बिसलेरी इंटरनेशनल ने सोमवार को कहा था कि उसका प्रोडक्ट पीने के लिए सुरक्षित है. कंपनी ने यह भी कहा कि वह FSSAI के साथ सहयोग करेगी और उठाए गए मुद्दों को सुलझाने के लिए जरूरी कदम उठाएगी. पश्चिम बंगाल के मामले में FSSAI और बिसलेरी इंटरनेशनल की तरफ से तत्काल कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं मिल सकी.

देशभर में पैक्ड पानी के सैंपल ले रहा FSSAI

FSSAI के CEO राजित पुनहानी ने इस सप्ताह की शुरुआत में बताया था कि एजेंसी देशभर में पैक्ड ड्रिंकिंग वाटर के सैंपल इकट्ठा कर रही है. इनकी लैब जांच अगले एक से दो महीने में पूरी होने की उम्मीद है. उन्होंने कहा कि नियामक का मकसद कंपनियों से नियमों का पालन कराना है, न कि लोगों के बीच घबराहट पैदा करना.

FSSAI ने अपनी जांच का दायरा भी बढ़ाया है. केंद्रीय नियामक ने राज्य के खाद्य आयुक्तों और क्षेत्रीय निदेशकों को पैक्ड ड्रिंकिंग वाटर और मिनरल वाटर की निगरानी, जांच और सैंपलिंग बढ़ाने के निर्देश दिए हैं. नियमों का पालन नहीं करने वाली कंपनियों के खिलाफ कार्रवाई करने को भी कहा गया है.

इस साल FSSAI ने फूड बिजनेस ऑपरेटरों और ई-कॉमर्स कंपनियों के खिलाफ भी कार्रवाई बढ़ाई है. इसके अलावा एनर्जी ड्रिंक और अल्कोहलिक बेवरेज बनाने वाली कंपनियों पर भी कार्रवाई की गई है.

इसे भी पढ़ें- जीते-जी बुक कर सकेंगे अपना अंतिम संस्कार! दिल्ली का स्टार्टअप दे रहा खास पैकेज, ₹6 हजार से शुरू हो रही प्री-बुकिंग