TV9 NETWORK
User
Sign In

By signing in or creating an account, you agree with Associated Broadcasting Company's Terms & Conditions and Privacy Policy.

FASTag Rules: नियम तोड़ने पर लगेगा 5 गुना जुर्माना, अब ये गलतियां पड़ेंगी भारी

सड़क परिवहन मंत्रालय ने MLFF टोलिंग सिस्टम के तहत टोल टैक्स चोरी करने वालों पर सख्ती की है. नंबर प्लेट छिपाने, उससे छेड़छाड़ करने या FASTag नहीं मिलने पर लागू टोल शुल्क का 5 गुना जुर्माना देना होगा.

फॉस्टटैग Image Credit: money9

Highlights

  • FASTag के नए नियमों के तहत टोल टैक्स चोरी करने पर 5 गुना जुर्माना.
  • नंबर प्लेट छिपाने, उसमें छेड़छाड़ करने और FASTag डिटेक्ट नहीं होने पर होगी कार्रवाई.
  • नया नियम सभी मौजूदा MLFF टोल प्लाजा और भविष्य में शुरू होने वाले प्लाजा पर लागू होगा.

FASTag New Rules: सड़क पर गाड़ी चलाने वालों के लिए जरूरी खबर है. अगर कोई वाहन चालक टोल टैक्स देने से बचने के लिए अपनी गाड़ी का रजिस्ट्रेशन नंबर छिपाता है, उसमें छेड़छाड़ करता है या FASTag नहीं लगाता है, तो उसे अब भारी जुर्माना भरना पड़ सकता है. सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्रालय (Ministry of Road Transport and Highways) ने मल्टी-लेन फ्री फ्लो (MLFF) टोलिंग सिस्टम के तहत ऐसे मामलों में लागू टोल शुल्क का 5 गुना जुर्माना लगाने का फैसला किया है.

यह जुर्माना लागू टोल शुल्क की वसूली के अलावा लगाया जाएगा यानी वाहन चालक को टोल शुल्क भी देना होगा और उसके ऊपर पांच गुना जुर्माना भी भरना पड़ेगा. यह नियम सभी मौजूदा MLFF टोल प्लाजा पर लागू होगा. इसके अलावा भविष्य में जहां भी बैरियर-लेस इलेक्ट्रॉनिक टोल कलेक्शन सिस्टम शुरू किया जाएगा, वहां भी यह व्यवस्था लागू होगी.

इन मामलों में लगेगा 5 गुना जुर्माना

मंत्रालय के मुताबिक, अगर कोई वाहन चालक जानबूझकर टोल शुल्क देने से बचने की कोशिश करता है, तो उस पर कार्रवाई की जाएगी. इसमें गाड़ी की आगे या पीछे की नंबर प्लेट को छिपाना, नंबर प्लेट के साथ छेड़छाड़ करना या रजिस्ट्रेशन नंबर को ढकना शामिल है.

हालांकि, जुर्माना तभी लगाया जाएगा, जब यह साबित हो कि वाहन चालक ने जानबूझकर टोल शुल्क से बचने की कोशिश की है. इसके अलावा, अगर नंबर प्लेट के साथ छेड़छाड़ या उसे छिपाने के साथ FASTag भी डिटेक्ट नहीं होता है, तो ऐसे मामले भी कार्रवाई के दायरे में आएंगे.

नियम के तहत संबंधित टोल प्लाजा पर लागू यूजर फीस का पांच गुना जुर्माना लगाया जाएगा. जुर्माने की रकम अथॉरिटी को ट्रांसफर की जाएगी.

तकनीक की मदद से पकड़े जाएंगे नियम तोड़ने वाले

मंत्रालय ने बताया कि नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों की पहचान के लिए मजबूत टेक्नोलॉजी आधारित सिस्टम का इस्तेमाल किया जाएगा. इसके जरिए उन वाहनों की पहचान की जाएगी, जो जानबूझकर टोल भुगतान से बचने की कोशिश करेंगे.

क्या है MLFF टोलिंग सिस्टम?

मल्टी-लेन फ्री फ्लो (MLFF) एक बैरियर-लेस इलेक्ट्रॉनिक टोल कलेक्शन सिस्टम है. इसमें टोल प्लाजा पर बैरियर लगाने की जरूरत नहीं होती. इस सिस्टम में सड़क के ऊपर लगे गैन्ट्री पर FASTag रीडर और ऑटोमैटिक नंबर प्लेट रिकग्निशन (ANPR) कैमरे लगाए जाते हैं.

ये कैमरे और रीडर गुजरने वाले वाहनों की पहचान करते हैं और लागू टोल शुल्क FASTag के जरिए अपने आप काट लिया जाता है. इस सिस्टम में टोल चुकाने के लिए वाहन चालकों को रुकने की जरूरत नहीं होती.

इस व्यवस्था का मकसद टोल प्लाजा पर वाहनों के इंतजार का समय कम करना, ट्रैफिक जाम घटाना, ईंधन की खपत कम करना और गाड़ियों से होने वाले प्रदूषण को कम करना है.

वाहन चालकों को मंत्रालय की सलाह

मंत्रालय ने वाहन चालकों को चेतावनी दी है कि वे टोल भुगतान से बचने के लिए नंबर प्लेट छिपाने, उसमें छेड़छाड़ करने या FASTag नहीं लगाने जैसी हरकतों से बचें. मंत्रालय ने वाहन मालिकों को सलाह दी है कि वे अपनी गाड़ियों की नंबर प्लेट हमेशा साफ और दिखाई देने वाली स्थिति में रखें. साथ ही FASTag को भी सही तरीके से लगाएं, ताकि टोल भुगतान बिना किसी रुकावट के हो सके.

इसे भी पढ़ें- जीते-जी बुक कर सकेंगे अपना अंतिम संस्कार! दिल्ली का स्टार्टअप दे रहा खास पैकेज, ₹6 हजार से शुरू हो रही प्री-बुकिंग

इस कदम का मकसद MLFF टोलिंग सिस्टम के तहत जानबूझकर टोल चोरी के मामलों पर रोक लगाना और नियमों का पालन सुनिश्चित करना है.