TV9 NETWORK
User
Sign In

By signing in or creating an account, you agree with Associated Broadcasting Company's Terms & Conditions and Privacy Policy.

कैबिनेट ने दी परिसीमन विधेयक को मंजूरी, लोकसभा में 50% बढ़ेंगी सीटें, महिलाओं को मिलेगा 33% आरक्षण

केंद्र सरकार ने महिला आरक्षण लागू करने की दिशा में बड़ा कदम उठाया है. शुक्रवार को केंद्रीय कैबिनेट ने परिसीमन (Delimitation) से जुड़े संविधान संशोधन विधेयक को मंजूरी दे दी.

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी Image Credit: tv9 bharatvarsh

Highlights

  • कैबिनेट ने दी परिसीमन विधेयक को मंजूरी.
  • लोकसभा में 50% बढ़ेंगी सीटें.
  • महिलाओं को मिलेगा 33% आरक्षण.

केंद्र सरकार ने महिला आरक्षण लागू करने की दिशा में बड़ा कदम उठाया है. शुक्रवार को केंद्रीय कैबिनेट ने परिसीमन (Delimitation) से जुड़े संविधान संशोधन विधेयक को मंजूरी दे दी. इसके तहत लोकसभा की सीटों में सभी राज्यों के लिए एक समान 50 फीसदी बढ़ोतरी का प्रस्ताव है. हालांकि, सीटें बढ़ने के बावजूद 2051 तक राज्यों के बीच लोकसभा सीटों का मौजूदा अनुपात बरकरार रहेगा. इस प्रस्ताव का मुख्य उद्देश्य महिलाओं को लोकसभा में 33 फीसदी आरक्षण देने का रास्ता तैयार करना है. सरकार संसद के विशेष सत्र में इस विधेयक को दोबारा पेश करने की तैयारी कर रही है. इससे पहले अप्रैल में यह विधेयक संसद में पारित नहीं हो पाया था.

लोकसभा में 50% बढ़ेंगी सीटें, क्या होगा इसका मतलब?

कैबिनेट की मंजूरी के बाद प्रस्तावित विधेयक के तहत लोकसभा की कुल सीटों में 50 फीसदी की बढ़ोतरी की जाएगी. खास बात यह है कि यह बढ़ोतरी सभी राज्यों के लिए एक समान होगी. यानी किसी एक राज्य की सीटें दूसरे राज्य के मुकाबले ज्यादा अनुपात में नहीं बढ़ाई जाएंगी.

उदाहरण के तौर पर, अगर किसी राज्य के पास अभी लोकसभा की 20 सीटें हैं, तो 50 फीसदी बढ़ोतरी के बाद वहां सीटों की संख्या 30 हो जाएगी. इसी तरह दूसरे राज्यों में भी उनकी मौजूदा सीटों के अनुपात में बढ़ोतरी होगी. इससे लोकसभा में सांसदों की कुल संख्या बढ़ जाएगी और महिलाओं को 33 फीसदी आरक्षण देने के लिए अतिरिक्त सीटों का रास्ता तैयार होगा.

2051 तक नहीं बदलेगा राज्यों के बीच सीटों का अनुपात

इस प्रस्ताव का एक अहम पहलू यह है कि लोकसभा की सीटें बढ़ने के बावजूद 2051 तक राज्यों के बीच सीटों का मौजूदा अनुपात नहीं बदलेगा. इसका मतलब है कि किसी राज्य की लोकसभा में जितनी हिस्सेदारी अभी है, सीटें बढ़ने के बाद भी उसकी आनुपातिक हिस्सेदारी बरकरार रहेगी.

महिला आरक्षण लागू करने के लिए क्यों जरूरी है परिसीमन?

संसद और राज्य विधानसभाओं में महिलाओं को 33 फीसदी आरक्षण देने के लिए 2023 में नारी शक्ति वंदन अधिनियम पारित किया गया था. हालांकि, इस कानून के प्रावधानों को लागू करने के लिए जनगणना और उसके बाद परिसीमन की प्रक्रिया से जोड़ा गया है.

परिसीमन का मतलब है जनसंख्या और तय नियमों के आधार पर चुनावी क्षेत्रों की सीमाओं और सीटों का नए सिरे से निर्धारण करना. सरकार अब लोकसभा की सीटें बढ़ाकर महिला आरक्षण लागू करने का रास्ता तैयार करना चाहती है. प्रस्तावित व्यवस्था से लोकसभा में महिलाओं के लिए एक तिहाई सीटें आरक्षित करने में मदद मिलेगी. इससे संसद में महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने का लक्ष्य पूरा किया जा सकेगा.

संसद के विशेष सत्र में पेश होगा विधेयक

कैबिनेट की मंजूरी के बाद अब सरकार की नजर संसद के विशेष सत्र पर है. लोकसभा की बैठक 30 नवंबर को और राज्यसभा की बैठक 2 दिसंबर को होगी. संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू के मुताबिक, संसदीय कामकाज की जरूरत के हिसाब से दोनों सदनों की कार्यवाही 3 दिसंबर तक पूरी हो सकती है.

यह विशेष बैठक मानसून सत्र का ही विस्तार है. मानसून सत्र 13 अगस्त को अनिश्चितकाल के लिए स्थगित कर दिया गया था, लेकिन इसे औपचारिक रूप से समाप्त नहीं किया गया था. इसलिए संसद को कम समय के नोटिस पर दोबारा बुलाना संभव हुआ.

सरकार के सामने बहुमत की चुनौती

सरकार के सामने इस विधेयक को पारित कराने की बड़ी चुनौती होगी. संविधान संशोधन विधेयक पास कराने के लिए संसद में विशेष बहुमत की जरूरत होती है. मौजूदा स्थिति में सत्तारूढ़ राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) के पास अकेले यह बहुमत नहीं है. ऐसे में सरकार को विपक्षी दलों का समर्थन जुटाना होगा. इससे पहले अप्रैल में भी सरकार ने इस विधेयक को पारित कराने की कोशिश की थी, लेकिन उसे सफलता नहीं मिली थी.

यह भी पढ़ें: कैश के ढेर पर बैठी हैं ये तीन महारत्न कंपनियां, मजबूत हैं फंडामेंटल्स, 150% तक उछले शेयर, भाव ₹300