कभी 24000 थी सैलरी, आज 10.88 करोड़ की नेटवर्थ! कानपुर के इस लड़के ने किया कमाल, MF-SIP में निवेश से हुए मालामाल
2017 में 2.9 लाख रुपये सालाना की नौकरी गंवाने वाले मुकुंद प्रजापति ने हार नहीं मानी. अगले नौ साल में उनकी सैलरी 1.5 करोड़ रुपये सालाना के जॉब ऑफर तक पहुंच गई. वहीं, अनुशासित बचत, 10,000 रुपये की SIP, शेयर बाजार और रियल एस्टेट में निवेश से उन्होंने 10.88 करोड़ रुपये की नेटवर्थ बनाई. जानिए उनकी पूरी निवेश रणनीति.
नौकरी छूटने का डर आज ज्यादातर IT कर्मचारियों को सताता है. खासकर ऐसे समय में जब कंपनियां लगातार छंटनी कर रही हैं और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) के बढ़ते इस्तेमाल से कई नौकरियों पर खतरा मंडरा रहा है. लेकिन कानपुर के रहने वाले मुकुंद प्रजापति की कहानी बताती है कि नौकरी जाने के बाद भी किस तरह मेहनत, सही वित्तीय फैसलों और अनुशासित निवेश से आर्थिक स्थिति बदली जा सकती है.
साल 2017 में महज 2.9 लाख रुपये सालाना (महीने का लगभग 24 हजार) की नौकरी से करियर शुरू करने वाले मुकुंद आज करीब 10.88 करोड़ रुपये की नेटवर्थ के मालिक हैं. 36 साल के मुकुंद को अब UAE की एक कंसल्टिंग कंपनी से करीब 1.5 करोड़ रुपये सालाना का ऑफर मिला है. हालांकि, उन्होंने इस नई नौकरी से मिलने वाली संभावित कमाई को अपनी संपत्ति में शामिल नहीं किया है. उनकी यह दौलत सिर्फ बढ़ती सैलरी का नतीजा नहीं है, बल्कि इसके पीछे निवेश, बचत और खर्चों पर नियंत्रण की लंबी रणनीति है.
पहली नौकरी में ही लगा झटका, 2.9 लाख रुपये की सालाना सैलरी पर हुई थी शुरुआत
मुकुंद प्रजापति ने साल 2015 में नोएडा के एक निजी कॉलेज से कंप्यूटर साइंस में इंजीनियरिंग की पढ़ाई पूरी की थी. उनकी पढ़ाई के लिए पिता ने करीब 2.5 लाख रुपये का एजुकेशन लोन लिया था. पढ़ाई पूरी करने के बाद उन्होंने लगभग एक साल तक नौकरी पाने की तैयारी की.
FE की एक रिपोर्ट के अनुसार, साल 2017 की शुरुआत में उन्हें एक बड़ी IT सर्विस कंपनी में मैनुअल टेस्टिंग की पहली नौकरी मिली. उनकी सालाना सैलरी करीब 2.9 लाख रुपये थी. हालांकि, नौकरी जारी रखने के लिए उन्हें कंपनी के सात इंटरनल एग्जाम आठ प्रयासों के भीतर पास करने थे. वह इन परीक्षाओं में सफल नहीं हो सके और कंपनी ने उन्हें नौकरी से निकाल दिया.
मुकुंद के लिए यह बड़ा झटका था. उन्होंने कमाई शुरू ही की थी और घर के खर्चों में भी योगदान देने लगे थे. पिता पर उनकी इंजीनियरिंग की पढ़ाई का कर्ज भी था. ऐसे में नौकरी जाना उनके लिए आर्थिक और मानसिक दोनों तरह से मुश्किल समय था.
लेकिन उन्होंने हार नहीं मानी. नौकरी जाने के करीब 15 दिन बाद एक दोस्त की सलाह पर उन्होंने IBM में दोबारा आवेदन किया. फरवरी 2017 में उन्हें यहां नौकरी मिल गई.
IBM में पांच साल काम किया, लेकिन सैलरी में नहीं हुई खास बढ़ोतरी
IBM में मुकुंद को JD Edwards नाम के एंटरप्राइज सॉफ्टवेयर प्लेटफॉर्म पर काम करना पड़ा. हालांकि, उनकी दिलचस्पी बिग डेटा (Big Data) के क्षेत्र में थी. इस क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए उन्होंने खुद से Python, SQL, Hadoop और Spark जैसी टेक्नोलॉजी सीखनी शुरू की.
उन्होंने ऑनलाइन कोर्स किए और वीकेंड पर भी प्रैक्टिस की. लेकिन अनुभव नहीं होने के कारण उन्हें लंबे समय तक बिग डेटा प्रोजेक्ट पर काम करने का मौका नहीं मिला.
मई 2020 में आखिरकार उन्हें बिग डेटा प्रोजेक्ट पर काम करने का अवसर मिला. इस दौरान उन्हें कई बार रोजाना 12 से 15 घंटे तक काम करना पड़ता था. इसके बावजूद उनकी सैलरी में उस हिसाब से बढ़ोतरी नहीं हुई.
जनवरी 2022 तक IBM में पांच साल काम करने के बाद भी उनकी सालाना सैलरी करीब 3.78 लाख रुपये ही थी. मुकुंद को लगता था कि उनके काम और मेहनत के मुकाबले उन्हें पर्याप्त वेतन नहीं मिल रहा है.
3.78 लाख से बढ़कर 13 लाख हुई सैलरी
IBM में सैलरी नहीं बढ़ने से परेशान होकर मुकुंद ने दूसरी कंपनियों में नौकरी तलाशनी शुरू कर दी. उन्होंने कई जगह इंटरव्यू दिए और उन्हें चार कंपनियों से ऑफर मिले. इन कंपनियों ने उन्हें 7.5 लाख रुपये से लेकर 13 लाख रुपये तक सालाना सैलरी देने की पेशकश की.
जब उन्होंने अपने मैनेजर को इन ऑफर्स के बारे में बताया तो कंपनी ने उन्हें सबसे ज्यादा 13 लाख रुपये सालाना का काउंटर ऑफर दिया. मुकुंद ने इसे स्वीकार कर लिया और मार्च 2022 में उनकी सैलरी बढ़कर करीब 13 लाख रुपये सालाना हो गई.
इसके बाद उनके करियर में तेजी से बदलाव आया. साल 2022 के आखिर में उन्होंने एक ग्लोबल एयरोस्पेस कंपनी जॉइन की. यहां उन्हें 23 लाख रुपये सालाना सैलरी के साथ 5 लाख रुपये का जॉइनिंग बोनस भी मिला.
साल 2025 की शुरुआत में उन्होंने एक कंसल्टिंग कंपनी जॉइन की, जहां उनकी सालाना सैलरी 48 लाख रुपये थी. इसके करीब दो महीने बाद उन्हें 62 लाख रुपये सालाना का बेहतर ऑफर मिला. इस ऑफर के साथ 5 लाख रुपये का जॉइनिंग बोनस भी था.
अब साल 2026 में उन्हें UAE की एक कंसल्टिंग कंपनी से करीब 1.5 करोड़ रुपये सालाना का ऑफर मिला है.
| समय | करियर में बदलाव | सालाना सैलरी |
|---|---|---|
| 2017 की शुरुआत | पहली नौकरी, इंटरनल एग्जाम में असफल होने पर छंटनी | 2.9 लाख रुपये |
| जनवरी 2022 | IBM में पांच साल पूरे | 3.78 लाख रुपये |
| मार्च 2022 | IBM ने बाहरी ऑफर के बराबर सैलरी की | 13 लाख रुपये |
| 2022 के आखिर में | ग्लोबल एयरोस्पेस कंपनी जॉइन की | 23 लाख + 5 लाख बोनस |
| 2025 की शुरुआत | कंसल्टिंग कंपनी में नौकरी | 48 लाख रुपये |
| 2025 | दो महीने बाद बेहतर ऑफर स्वीकार किया | 62 लाख + 5 लाख बोनस |
| 2026 | UAE की कंसल्टिंग कंपनी से ऑफर | करीब 1.5 करोड़ रुपये |
2022 से शुरू की असली निवेश की कहानी
मुकुंद के परिवार में बचपन से ही बचत को काफी महत्व दिया जाता था. उनके पिता एक निजी मैन्युफैक्चरिंग कंपनी में अकाउंट्स ऑफिसर थे और उनकी मासिक कमाई करीब 25,000 से 30,000 रुपये थी. उनकी मां घर संभालने के साथ आसपास के लोगों के कपड़ों की सिलाई करके परिवार की आमदनी में योगदान देती थीं.
उनके पिता घर के हर छोटे-बड़े खर्च का हिसाब एक डायरी में लिखते थे. स्कूल की फीस से लेकर बिजली के बिल और बचत तक का पूरा रिकॉर्ड रखा जाता था. परिवार में जरूरत की चीजों के लिए कर्ज लेने के बजाय पहले पैसे बचाने की आदत थी. उनकी बचत मुख्य रूप से रिकरिंग डिपॉजिट (RD), फिक्स्ड डिपॉजिट (FD) और पारंपरिक बीमा पॉलिसियों में होती थी. शेयर बाजार में निवेश को लेकर परिवार में ज्यादा जानकारी या दिलचस्पी नहीं थी.
मुकुंद ने भी शुरुआत में बैंक डिपॉजिट, PPF और कुछ छोटी SIP के जरिए ही निवेश किया था. लेकिन साल 2022 में सैलरी बढ़कर 13 लाख रुपये होने के बाद उन्होंने इक्विटी म्यूचुअल फंड में निवेश बढ़ाने का फैसला किया.
उन्होंने डायवर्सिफाइड इक्विटी फंड में हर महीने 10,000 रुपये की SIP शुरू की. इसके साथ निफ्टी 50 इंडेक्स फंड और फ्लेक्सी-कैप फंड में भी निवेश किया. वह हर साल अपनी SIP की रकम बढ़ाते रहे. इसके अलावा, सैलरी में बढ़ोतरी और मिलने वाले बोनस को खर्च करने के बजाय निवेश में लगाते रहे.
यही रणनीति धीरे-धीरे उनके पोर्टफोलियो को बड़ा बनाने में मददगार साबित हुई. नवंबर 2026 तक उनके परिवार के इक्विटी म्यूचुअल फंड निवेश की वैल्यू करीब 2.45 करोड़ रुपये हो चुकी है.
पत्नी की कमाई और खर्चों पर नियंत्रण ने भी बढ़ाई संपत्ति
मुकुंद की शादी साल 2019 में हुई थी. उनकी पत्नी भी IT सेक्टर में काम करती हैं और शुरुआत में उनकी सालाना कमाई करीब 5 लाख रुपये थी.
दोनों ने शादी के बाद से ही अपनी वित्तीय योजना को व्यवस्थित रखा. उनके अलग-अलग सैलरी अकाउंट हैं और घर के खर्चों के लिए एक जॉइंट अकाउंट भी है. दोनों अपनी कमाई के अनुपात में घरेलू खर्चों में योगदान देते हैं. उन्होंने शादी का खर्च भी बिना किसी पर्सनल लोन के पूरा किया.
मुकुंद और उनकी पत्नी ने एक खास नियम बनाया था कि जैसे-जैसे उनकी सैलरी बढ़ेगी, वैसे-वैसे उनके लाइफस्टाइल का खर्च नहीं बढ़ेगा. यानी ज्यादा कमाई होने का मतलब ज्यादा खर्च करना नहीं होगा.
उनके करियर के सबसे अच्छे दौर में दोनों की कुल मासिक इन-हैंड सैलरी 4 लाख रुपये से ज्यादा हो गई थी. इसके बावजूद उनका घरेलू खर्च करीब 1 लाख से 1.2 लाख रुपये महीने तक ही सीमित रहा.
इस तरह हर महीने बचने वाली बड़ी रकम को उन्होंने अलग-अलग निवेश विकल्पों में लगाया. इसमें म्यूचुअल फंड, सीधे शेयरों में निवेश, EPF, PPF, NPS, गोल्ड, डेट निवेश और इंटरनेशनल इक्विटी शामिल हैं.
35 लाख का फ्लैट अब 75 लाख रुपये का
मुकुंद ने वित्तीय निवेश के साथ-साथ रियल एस्टेट में भी पैसा लगाया. उनके परिवार के पास चार प्रॉपर्टी हैं, जिनमें नोएडा का घर, एक किराये का फ्लैट और कानपुर और लखनऊ के पास जमीन के दो प्लॉट शामिल हैं.
उन्होंने साल 2018 में नोएडा में करीब 35 लाख रुपये में एक फ्लैट खरीदा था. रिपोर्ट के मुताबिक, अब इसकी कीमत करीब 75 लाख रुपये हो गई है. इस फ्लैट को किराये पर दिया गया है, जिससे हर महीने करीब 22,000 रुपये की आमदनी होती है.
इसके बाद साल 2021 में उन्होंने कानपुर के पास करीब 30 लाख रुपये में एक प्लॉट खरीदा, जिसकी मौजूदा कीमत वह करीब 85 लाख रुपये मानते हैं. साल 2023 में लखनऊ के पास 40 लाख रुपये में एक और जमीन खरीदी, जिसकी कीमत उनके अनुमान के मुताबिक अब 1.1 करोड़ रुपये है.
साल 2024 में उन्होंने नोएडा में परिवार के रहने के लिए करीब 1.8 करोड़ रुपये का घर खरीदा. इसकी मौजूदा कीमत वह करीब 2.25 करोड़ रुपये बताते हैं. इस घर के लिए उन्होंने होम लोन भी लिया था.
नवंबर 2026 में 11.53 करोड़ रुपये की संपत्ति
मुकुंद प्रजापति के मुताबिक, नवंबर 2026 तक उनके परिवार की कुल संपत्ति करीब 11.53 करोड़ रुपये हो चुकी है. इसमें उनकी और उनकी पत्नी की वित्तीय संपत्ति के साथ रियल एस्टेट निवेश भी शामिल है.
| संपत्ति का प्रकार | अनुमानित वैल्यू |
|---|---|
| चार प्रॉपर्टी (घर, किराये का फ्लैट और दो प्लॉट) | 4.95 करोड़ रुपये |
| इक्विटी म्यूचुअल फंड | 2.45 करोड़ रुपये |
| सीधे शेयरों में निवेश | 65 लाख रुपये |
| फिक्स्ड डिपॉजिट और डेट निवेश | 55 लाख रुपये |
| पत्नी का इक्विटी और म्यूचुअल फंड पोर्टफोलियो | 55 लाख रुपये |
| EPF और VPF | 48 लाख रुपये |
| गोल्ड, ज्वेलरी और गोल्ड ETF | 40 लाख रुपये |
| अन्य लंबी अवधि के निवेश और कंपनी की वेस्टेड इक्विटी | 40 लाख रुपये |
| इंटरनेशनल इक्विटी | 35 लाख रुपये |
| NPS | 28 लाख रुपये |
| बैंक बैलेंस और लिक्विड फंड | 25 लाख रुपये |
| PPF | 22 लाख रुपये |
| कुल संपत्ति | 11.53 करोड़ रुपये |
| बकाया होम लोन | 65 लाख रुपये |
| कुल नेटवर्थ | 10.88 करोड़ रुपये |
करोड़ों की संपत्ति के बावजूद नौकरी जाने का डर क्यों?
इतनी बड़ी संपत्ति और शानदार सैलरी के बावजूद मुकुंद नौकरी को लेकर पूरी तरह आश्वस्त नहीं हैं. इसकी वजह उनका पुराना अनुभव है.
उन्होंने अपने करियर में तीन बार ऐसे हालात देखे, जब उन्हें लगा कि सिर्फ नौकरी और सैलरी पर निर्भर रहना सही नहीं है. पहली बार 2017 में उन्हें नौकरी से निकाल दिया गया था. इसके बाद IBM में पांच साल तक काम करने के बावजूद उनकी सैलरी में खास बढ़ोतरी नहीं हुई. बाद में एक कंपनी में अच्छा प्रदर्शन करने के बावजूद उन्हें खराब रेटिंग मिली.
इसके अलावा, उन्हें AI और ऑटोमेशन की वजह से IT सेक्टर में भविष्य की नौकरियों को लेकर भी चिंता है. उनका मानना है कि आज भले ही अच्छी सैलरी मिल रही हो, लेकिन यह जरूरी नहीं कि आने वाले समय में भी नौकरी और कमाई बनी रहे.
इसी वजह से UAE की कंपनी से मिले करीब 1.5 करोड़ रुपये सालाना के ऑफर को भी उन्होंने अपनी मौजूदा संपत्ति या भविष्य की वित्तीय योजना में शामिल नहीं किया है. वह विदेश जाने से जुड़े खर्चों और परिवार के फैसलों को भी ध्यान में रख रहे हैं. उनके मुताबिक, केवल ज्यादा सैलरी देखकर जिंदगी के बड़े फैसले लेना सही नहीं है.
(यह कहानी FE में छपी रिपोर्ट के हवाले से तैयार किया गया है.)
Latest Stories
दुश्मन के टैंक को 8 KM दूर से करेगी तबाह! Adani Defence ने दिखाई Bagheera AT1 की ताकत
Swiggy और Burger King पर लगा ₹72000 का जुर्माना, वेज की जगह भेज दिए नॉनवेज बर्गर; जानें पूरा मामला
वॉर इंजरी पेंशन पर SC का बड़ा फैसला! दुश्मन की गोली नहीं… अब खुद की बंदूक से घायल होने पर भी मिलेगा लाभ
