ऑटो से इलेक्ट्रॉनिक्स तक निवेश की बहार, टोयोटा से रॉयल एनफील्ड तक बना रहे नए प्लान
भारत में मजबूत घरेलू मांग को देखते हुए बड़ी कंपनियां उत्पादन क्षमता बढ़ाने में जुट गई हैं. हुंडई तालेगांव प्लांट में 80,000 गाड़ियों की अतिरिक्त क्षमता जोड़ेगी, टोयोटा 1 लाख यूनिट बढ़ाएगी और रॉयल एनफील्ड 20 लाख बाइक बनाने का लक्ष्य लेकर चल रही है. वहीं, LG इलेक्ट्रॉनिक्स आंध्र प्रदेश में ₹5,000 करोड़ का निवेश करेगी.
भारतीय कंपनियों ने अब कारोबार के विस्तार की तैयारी तेज कर दी है. बाजार में लगातार बनी डिमांड और त्योहारों के बाद भी बिक्री की रफ्तार बरकरार रहने से कंपनियां अपनी उत्पादन क्षमता बढ़ाने में जुट गई हैं. ऑटोमोबाइल से लेकर कंज्यूमर इलेक्ट्रॉनिक्स सेक्टर तक नई फैक्ट्रियों, प्लांट के विस्तार और बड़े कैपेक्स की तैयारी हो रही है. मारुति सुजुकी, हुंडई मोटर इंडिया, टोयोटा, रॉयल एनफील्ड और LG जैसी कंपनियां इस निवेश की दौड़ में आगे हैं.
निजी कंपनियों का यह कदम इसलिए भी अहम है क्योंकि पिछले कुछ सालों से प्राइवेट सेक्टर के निवेश में अपेक्षित तेजी नहीं दिख रही थी. अब घरेलू बाजार में मजबूत मांग कंपनियों को नई उत्पादन क्षमता तैयार करने का भरोसा दे रही है.
हुंडई और टोयोटा बढ़ाएंगी गाड़ियों का प्रोडक्शन
ऑटोमोबाइल सेक्टर में बढ़ती मांग को देखते हुए कंपनियां अपने प्लांट का विस्तार कर रही हैं. हुंडई मोटर इंडिया पुणे के पास तालेगांव प्लांट में दूसरे चरण का विस्तार करने की तैयारी में है. इसके तहत अगले 12 से 18 महीनों में उत्पादन क्षमता में सालाना 80,000 गाड़ियों का इजाफा किया जाएगा.
वहीं, टोयोटा जनवरी 2027 से कर्नाटक के बिदादी प्लांट में अतिरिक्त 1 लाख गाड़ियों की उत्पादन क्षमता शुरू करने जा रही है. इससे कंपनी को घरेलू बाजार की मांग पूरी करने में मदद मिलेगी.
रॉयल एनफील्ड का बड़ा प्लान, 20 लाख बाइक बनाने का लक्ष्य
बाइक बनाने वाली कंपनी रॉयल एनफील्ड भी उत्पादन क्षमता बढ़ा रही है. कंपनी तमिलनाडु के चेय्यार प्लांट में मौजूदा सालाना क्षमता 16.5 लाख मोटरसाइकिल से बढ़ाकर 18 लाख यूनिट करने की तैयारी में है.
कंपनी का लक्ष्य अगले वित्त वर्ष के मध्य तक इस प्लांट की क्षमता 20 लाख मोटरसाइकिल सालाना करने का है. कंपनी के मुताबिक, मौजूदा समय में मांग के मुकाबले उत्पादन क्षमता कम पड़ रही है. पिछले त्योहारी सीजन में भी सप्लाई की कमी देखने को मिली थी. ऐसे में नई क्षमता से आने वाले त्योहारी सीजन में डिमांड पूरी करने में मदद मिलेगी.
LG इलेक्ट्रॉनिक्स लगाएगी ₹5,000 करोड़ का प्लांट
कंज्यूमर इलेक्ट्रॉनिक्स सेक्टर में भी कंपनियां निवेश बढ़ा रही हैं. LG इलेक्ट्रॉनिक्स आंध्र प्रदेश में नया मैन्युफैक्चरिंग प्लांट तैयार कर रही है. कंपनी इस प्रोजेक्ट पर अलग-अलग चरणों में करीब ₹5,000 करोड़ का निवेश करेगी.
इस प्लांट के पहले चरण में अगले महीने से कमर्शियल प्रोडक्शन शुरू होने की उम्मीद है. इससे घरेलू बाजार में इलेक्ट्रॉनिक्स प्रोडक्ट की बढ़ती मांग पूरी करने में मदद मिलेगी.
VECV भी बढ़ाएगी कमर्शियल व्हीकल की क्षमता
कमर्शियल व्हीकल बनाने वाली कंपनी वीई कमर्शियल व्हीकल्स (VECV) भी उत्पादन क्षमता बढ़ाने की तैयारी में है. कंपनी साल के अंत तक 55,000 यूनिट की अतिरिक्त उत्पादन क्षमता जोड़ेगी.
ट्रांसपोर्ट और लॉजिस्टिक्स सेक्टर में वाहनों की मांग बढ़ने से कमर्शियल व्हीकल कंपनियों को भी अपने प्रोडक्शन नेटवर्क का विस्तार करने का मौका मिल रहा है.
आखिर कंपनियां क्यों बढ़ा रही हैं निवेश?
दरअसल, भारतीय बाजार में मांग का मजबूत बने रहना कंपनियों के लिए बड़ा संकेत है. महंगाई और वैश्विक आर्थिक अनिश्चितताओं के बावजूद ऑटोमोबाइल और घरेलू इस्तेमाल के सामानों की बिक्री में मजबूती बनी हुई है.
पहले कंपनियां नई उत्पादन क्षमता तैयार करने को लेकर सतर्क थीं. इसकी वजह मांग को लेकर अनिश्चितता और निवेश पर मिलने वाले रिटर्न की चिंता थी. लेकिन अब मौजूदा प्लांट पूरी क्षमता के करीब काम कर रहे हैं. ऐसे में कंपनियों को लग रहा है कि अगर समय रहते उत्पादन नहीं बढ़ाया गया तो बाजार की मांग पूरी करना मुश्किल हो सकता है.
अर्थव्यवस्था के लिए क्या है इसके मायने?
कंपनियों के इस निवेश से मैन्युफैक्चरिंग सेक्टर को मजबूती मिल सकती है. नई उत्पादन इकाइयों से रोजगार के अवसर बढ़ने, सप्लाई चेन को विस्तार मिलने और ऑटो कंपोनेंट्स से लेकर इलेक्ट्रॉनिक्स तक कई दूसरे उद्योगों को फायदा होने की संभावना है.
हालांकि, इस निवेश का वास्तविक असर इस बात पर निर्भर करेगा कि कंपनियां अपनी घोषित योजनाओं को कितनी तेजी से पूरा करती हैं और बाजार में मांग आगे भी कितनी मजबूत बनी रहती है.
Latest Stories
बॉम्बे हाई कोर्ट से Tata Trusts को नहीं मिली राहत, 30 नवंबर को ही होगी सन्स की बोर्ड मीटिंग
गोल्ड में आई तेजी के बीच पैसा लगाना है तो क्या चुनें? ETF या Mutual Fund, कौन बेहतर?
नए साल से बदल जाएगी UPI पेमेंट की ये सुविधा, HDFC ग्राहकों को लगेगा झटका!
