TV9 NETWORK
User
Sign In

By signing in or creating an account, you agree with Associated Broadcasting Company's Terms & Conditions and Privacy Policy.

बॉम्बे हाई कोर्ट से Tata Trusts को नहीं मिली राहत, 30 नवंबर को ही होगी सन्स की बोर्ड मीटिंग

Tata Sons की 30 नवंबर को होने वाली बोर्ड बैठक पर बॉम्बे हाई कोर्ट ने रोक लगाने से इनकार कर दिया है. कोर्ट ने Tata Sons और छह निदेशकों समेत दूसरे प्रतिवादियों को दोनों मुकदमों पर अपना जवाब दाखिल करने का निर्देश दिया है. इस मामले की अगली सुनवाई 18 जनवरी 2027 को होगी.

टाटा संस Image Credit: Money9

Highlights

  • बॉम्बे हाई कोर्ट ने Tata Trusts की बैठक टालने की मांग खारिज की.
  • Tata Sons की बोर्ड बैठक 30 नवंबर को तय कार्यक्रम के मुताबिक होगी.
  • एन. चंद्रशेखरन की दोबारा नियुक्ति को लेकर Tata Sons और Tata Trusts के बीच विवाद जारी है.

Tata Sons की 30 नवंबर को होने वाली बोर्ड मीटिंग तय कार्यक्रम के मुताबिक होगी. बॉम्बे हाई कोर्ट ने शुक्रवार को दो Tata Trusts की ओर से दायर याचिकाओं पर तत्काल राहत देने से इनकार कर दिया. इन ट्रस्टों ने एन. चंद्रशेखरन को तीसरी बार पांच साल के कार्यकाल के लिए कार्यकारी अध्यक्ष नियुक्त किए जाने को चुनौती दी थी.

जस्टिस अभय आहूजा की बेंच ने कहा कि बोर्ड मीटिंग में लिया गया कोई भी फैसला कोर्ट के अंतिम आदेश के अधीन रहेगा. कोर्ट ने Tata Sons और छह निदेशकों समेत दूसरे प्रतिवादियों को दोनों मुकदमों पर अपना जवाब दाखिल करने का निर्देश दिया है. इस मामले की अगली सुनवाई 18 जनवरी 2027 को होगी.

कोर्ट के इस फैसले के बाद बोर्ड मीटिंग का रास्ता साफ हो गया है, लेकिन चंद्रशेखरन की दोबारा नियुक्ति को लेकर कानूनी चुनौती अभी जारी रहेगी. दोनों ट्रस्टों ने कोर्ट से मीटिंग पर रोक लगाने या उसे टालने की मांग की थी. इसके अलावा उन्होंने यह भी मांग की थी कि अगर किसी प्रस्ताव पर नॉमिनी डायरेक्टर्स के बीच मतभेद होता है, तो चंद्रशेखरन को अपने कास्टिंग वोट का इस्तेमाल करने से रोका जाए.

कोर्ट ने क्या कहा?

सुनवाई के दौरान कोर्ट ने कहा, “हम आज कोई राहत नहीं दे रहे हैं. 30 नवंबर को होने वाली बैठक तय कार्यक्रम के मुताबिक होने दीजिए. बैठक का कोई भी नतीजा हमारे अंतिम आदेशों के अधीन होगा.”

कोर्ट ने Tata Sons और अन्य प्रतिवादियों को दोनों मुकदमों पर जवाब दाखिल करने का निर्देश दिया है. अब इस मामले की अगली सुनवाई 18 जनवरी 2027 को होगी.

दो Tata Trusts ने नियुक्ति को बताया अमान्य

Sir Dorabji Tata Trust और RD Tata Trust ने गुरुवार को Tata Sons और उसके छह निदेशकों के खिलाफ मुकदमे दायर किए थे. दोनों ट्रस्टों ने 17 सितंबर को बोर्ड की ओर से चंद्रशेखरन को दोबारा नियुक्त करने के लिए पारित प्रस्ताव को अमान्य बताया है.

ट्रस्टों का तर्क है कि इस प्रस्ताव को कंपनी के Articles of Association के आर्टिकल 121 के तहत जरूरी सकारात्मक वोट नहीं मिले थे. इसी आधार पर उन्होंने चंद्रशेखरन की दोबारा नियुक्ति को चुनौती दी है.

दोनों ट्रस्टों ने हर्जाने की भी मांग की है. Sir Dorabji Tata Trust ने 50 करोड़ रुपये और RD Tata Trust ने 15 करोड़ रुपये के हर्जाने के साथ 18% सालाना ब्याज मांगा है.

Tata Sons ने मीटिंग टालने का किया विरोध

Tata Sons ने बोर्ड मीटिंग टालने की मांग का विरोध किया. कंपनी की ओर से पेश हुए वकील हरीश साल्वे ने कोर्ट को बताया कि बोर्ड के लिए बैठक करना जरूरी है. उन्होंने कहा कि भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) के निर्देश के मुताबिक कंपनी को 12 दिसंबर तक केंद्रीय बैंक को यह बताना है कि अनिवार्य लिस्टिंग को लेकर उसका क्या फैसला है.

वहीं, Sir Dorabji Tata Trust की ओर से पेश हुए अभिषेक मनु सिंघवी ने दलील दी कि RBI की समयसीमा का इस्तेमाल बोर्ड मीटिंग को लेकर कृत्रिम जल्दबाजी दिखाने के लिए किया जा रहा है.

इसे भी पढ़ें- नोएल टाटा के हाथों में Tata Group की कमान, रतन टाटा के बाद कितनी बदली ग्रुप की तस्वीर? यहां है पूरी डिटेल