नोएल टाटा के हाथों में Tata Group की कमान, रतन टाटा के बाद कितनी बदली ग्रुप की तस्वीर? यहां है पूरी डिटेल
रतन टाटा के निधन के बाद नोएल टाटा ने टाटा ट्रस्ट्स की कमान संभाली. करीब दो साल में टाटा ग्रुप के कारोबार और मुनाफे में बड़ा बदलाव आया है. FY26 में टाटा संस का स्टैंडअलोन मुनाफा बढ़कर 31,961 करोड़ रुपये पहुंच गया, जबकि कंसोलिडेटेड मुनाफा घटकर 26,616 करोड़ रुपये रह गया. जानें रतन टाटा और नोएल टाटा के दौर में कंपनी की वित्तीय स्थिति और शेयरों का प्रदर्शन कितना बदला.
Highlights
- 1991 में समूह की कमान संभालने के बाद टेटली, कोरस और जगुआर लैंड रोवर जैसे बड़े अधिग्रहण किए. TCS का IPO और इंडिका-नैनो जैसे प्रोजेक्ट भी उनकी विरासत का हिस्सा रहे.
- FY17 में टाटा संस का स्टैंडअलोन मुनाफा ₹824 करोड़ था, जो FY26 में बढ़कर ₹31,961.11 करोड़ हो गया.
- FY16 से FY26 के बीच TCS, Tata Steel, Titan और Trent के मार्केट कैप में बढ़ोतरी हुई.
9 अक्टूबर 2024 को जब रतन टाटा ने दुनिया को अलविदा कहा, तो सवाल सिर्फ एक था कि नमक से सॉफ्टवेयर तक फैले इस कारोबारी साम्राज्य को अब कौन और कैसे संभालेगा? रतन टाटा दो दशक से ज्यादा समय तक टाटा संस के चेयरमैन रहे और आखिरी सांस तक टाटा ट्रस्ट्स के मुखिया रहे. उनके निधन के दो दिन बाद उनके सौतेले भाई नोएल टाटा को टाटा ट्रस्ट्स की कमान मिली.
तब से करीब दो साल बीत चुके हैं. इस दौरान समूह ने अहमदाबाद का भयावह विमान हादसा देखा, JLR पर साइबर हमला झेला, TCS के शेयरों में भारी गिरावट देखी और बॉम्बे हाउस के भीतर नेतृत्व को लेकर खींचतान भी सामने आई. चंद्रशेखरन की दोबारा नियुक्ति और टाटा संस की लिस्टिंग को लेकर टाटा ट्रस्ट्स और कंपनी के बोर्ड के बीच मतभेद बढ़े.
लेकिन सवाल सिर्फ इतना नहीं है कि टाटा ग्रुप के भीतर क्या चल रहा है. असली सवाल यह भी है कि रतन टाटा के बाद कारोबार कितना आगे बढ़ा, नोएल टाटा के दौर में कंपनी की वित्तीय स्थिति कैसी रही और समूह के शेयरों ने निवेशकों को कितना फायदा या नुकसान पहुंचाया?
रतन टाटा के निधन के बाद 25 में से 20 शेयरों में आई गिरावट
Ace Analyser के बाजार आंकड़ों के मुताबिक, टाटा ग्रुप के 25 लिस्टेड शेयरों में से 20 शेयरों में रतन टाटा के निधन के बाद गिरावट आई है, जबकि 5 शेयर बढ़त बनाए रखने में कामयाब रहे हैं.
| कंपनी का नाम | रिटर्न (%) |
|---|---|
| तेजस नेटवर्क्स लिमिटेड | 14.04 |
| द इंडियन होटल्स कंपनी लिमिटेड | 5.17 |
| टाटा इन्वेस्टमेंट कॉरपोरेशन लिमिटेड | 5.01 |
| ओरिएंटल होटल्स लिमिटेड | 4.63 |
| रैलिस इंडिया लिमिटेड | 3.22 |
| टाटा केमिकल्स लिमिटेड | -0.83 |
| बनारस होटल्स लिमिटेड | -1.29 |
| टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज लिमिटेड | -1.35 |
| वोल्टास लिमिटेड | -1.85 |
| टायो रोल्स लिमिटेड | -2.91 |
| टाटा टेक्नोलॉजीज लिमिटेड | -4.98 |
| आर्टसन लिमिटेड | -5.19 |
| नेल्को लिमिटेड | -5.55 |
| टाटा पावर कंपनी लिमिटेड | -6.38 |
| ऑटोमोटिव स्टैम्पिंग्स एंड असेंबलीज लिमिटेड | -8.17 |
| टाइटन कंपनी लिमिटेड | -8.22 |
| टाटा स्टील लिमिटेड | -8.84 |
| टाटा कम्युनिकेशंस लिमिटेड | -9.31 |
| ऑटोमोबाइल कॉरपोरेशन ऑफ गोवा लिमिटेड | -9.98 |
| टाटा टेलीसर्विसेज (महाराष्ट्र) लिमिटेड | -11.13 |
| TRF लिमिटेड | -11.91 |
| टाटा कंज्यूमर प्रोडक्ट्स लिमिटेड | -12.7 |
| टाटा एलेक्सी लिमिटेड | -14.21 |
| टाटा मोटर्स लिमिटेड | -14.31 |
| ट्रेंट लिमिटेड | -2 |
नोएल टाटा के दौर में चेयरमैन की कुर्सी को लेकर टकराव
एन. चंद्रशेखरन 2017 से टाटा संस के चेयरमैन हैं और उनका मौजूदा कार्यकाल फरवरी 2027 में खत्म हो रहा है. सर दोराबजी टाटा ट्रस्ट और सर रतन टाटा ट्रस्ट ने उन्हें पांच साल का विस्तार देने की सिफारिश की थी. हालांकि, 24 फरवरी 2026 को बोर्ड की बैठक में इस प्रस्ताव पर सहमति नहीं बन पाई. नोएल टाटा ने चंद्रशेखरन को दोबारा नियुक्त करने का समर्थन नहीं किया और इसके लिए कुछ शर्तें रखीं. इनमें टाटा संस की लिस्टिंग नहीं कराने की शर्त भी शामिल थी.
अगस्त 2026 में चंद्रशेखरन ने दोबारा नियुक्ति की इच्छा नहीं जताई थी, लेकिन सितंबर में मामला बदल गया. 17 सितंबर 2026 को बोर्ड ने बहुमत से उन्हें फिर से एग्जीक्यूटिव चेयरमैन नियुक्त करने का प्रस्ताव पास कर दिया. नोएल टाटा ने इस प्रस्ताव के खिलाफ वोट दिया. इसके बाद टाटा ट्रस्ट्स ने बोर्ड के फैसले को नियमों का उल्लंघन बताते हुए ‘लीगल नलिटी’ यानी कानूनी रूप से शून्य करार दिया.
टाटा संस की लिस्टिंग पर भी विवाद
टाटा संस अभी एक प्राइवेट कंपनी है. भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) ने इसे अपर-लेयर NBFC की श्रेणी में रखा था. इस नियम के तहत सितंबर 2025 तक कंपनी की लिस्टिंग जरूरी थी. हालांकि, टाटा संस ने इस नियम से बाहर निकलने के लिए अपना रजिस्ट्रेशन सरेंडर करने की अर्जी दी थी, जिसे RBI ने खारिज कर दिया. नोएल टाटा और टाटा ट्रस्ट्स कंपनी की लिस्टिंग के पक्ष में नहीं हैं. वहीं, कंपनी में हिस्सेदारी रखने वाला शापूरजी पालोनजी ग्रुप लिस्टिंग का समर्थन करता रहा है.
चंद्रशेखरन की नियुक्ति पर कोर्ट पहुंचे टाटा ट्रस्ट्स
चेयरमैन की नियुक्ति को लेकर विवाद अब बॉम्बे हाई कोर्ट तक पहुंच गया है. सर दोराबजी टाटा ट्रस्ट (SDTT) और आरडी टाटा ट्रस्ट ने टाटा संस और उसके डायरेक्टर्स से कुल 65 करोड़ रुपये के हर्जाने की मांग की है. दोनों ट्रस्ट का आरोप है कि 17 सितंबर 2026 को चंद्रशेखरन को दोबारा एग्जीक्यूटिव चेयरमैन नियुक्त करने का प्रस्ताव कंपनी के आर्टिकल्स ऑफ एसोसिएशन का उल्लंघन करके पास किया गया. उनका दावा है कि इस फैसले से टाटा संस में उनकी हिस्सेदारी की कीमत को नुकसान पहुंचा है.
सर दोराबजी टाटा ट्रस्ट ने 50 करोड़ रुपये और आरडी टाटा ट्रस्ट ने 15 करोड़ रुपये के हर्जाने की मांग की है. दोनों ट्रस्ट इस रकम पर मुकदमा दायर करने की तारीख से भुगतान होने तक 18% सालाना ब्याज भी चाहते हैं. सर दोराबजी टाटा ट्रस्ट के पास टाटा संस के 1,13,067 साधारण शेयर हैं, जो कंपनी की जारी साधारण शेयर पूंजी का करीब 27.98% है. वहीं, आरडी टाटा ट्रस्ट के पास 8,838 साधारण शेयर हैं, जिनकी हिस्सेदारी करीब 2.19% है.
नए कारोबारों में ₹29,000 करोड़ के घाटे का अनुमान
टाटा ग्रुप के नए कारोबारों में बढ़ता घाटा भी नोएल टाटा के सामने बड़ी चुनौती है. टाइम्स ऑफ इंडिया की रिपोर्ट के मुताबिक, FY26 में टाटा ग्रुप के नए कारोबारों का कुल घाटा करीब 29,000 करोड़ रुपये पहुंचने का अनुमान है. यह पहले लगाए गए 5,700 करोड़ रुपये के अनुमान से काफी ज्यादा है. FY26 के पहले नौ महीनों में ही इन कारोबारों का घाटा 21,700 करोड़ रुपये पहुंच गया था, जबकि पूरे FY25 में यह 16,550 करोड़ रुपये था.
टाटा डिजिटल, एयर इंडिया, टाटा इलेक्ट्रॉनिक्स और तेजस नेटवर्क्स को इस घाटे की बड़ी वजह बताया गया है. रिपोर्ट के मुताबिक, FY26 में टाटा डिजिटल को 5,000 करोड़ रुपये, एयर इंडिया को 20,000 करोड़ रुपये, टाटा इलेक्ट्रॉनिक्स को 3,000 करोड़ रुपये और तेजस नेटवर्क्स को 1,000 करोड़ रुपये का घाटा होने का अनुमान है.
एयर इंडिया पर सबसे ज्यादा घाटे का दबाव
टाटा ग्रुप के नए कारोबारों में एयर इंडिया सबसे बड़ा घाटा दर्ज करने वाला कारोबार है. FY26 में इसका घाटा 20,000 करोड़ रुपये तक पहुंचने का अनुमान है, जबकि पहले यह अनुमान 2,000 करोड़ रुपये था. FY26 के पहले नौ महीनों में ही एयर इंडिया को 15,000 करोड़ रुपये का घाटा हो चुका था. FY25 में कंपनी का घाटा 11,000 करोड़ रुपये रहा था.
रिपोर्ट में जानकारों ने एयर इंडिया के घाटे के लिए केवल मैनेजमेंट को जिम्मेदार ठहराने पर सवाल उठाए हैं. उनके मुताबिक, पाकिस्तान का एयरस्पेस बंद होने, सालाना करीब 5,000 करोड़ रुपये के अनुमानित खर्च, 100 डॉलर से ऊपर कच्चे तेल की कीमत और अहमदाबाद विमान हादसे ने कंपनी की मुश्किलें बढ़ाई हैं.
टाटा डिजिटल में ₹24,000 करोड़ से ज्यादा का निवेश
टाटा डिजिटल की शुरुआत 2019 में टाटा संस के चेयरमैन एन. चंद्रशेखरन ने की थी. इसके तहत BigBasket, Tata 1mg, Croma, Tata CLiQ और सुपर ऐप Tata Neu जैसे कारोबार आते हैं. रिपोर्ट के मुताबिक, अधिग्रहण समेत टाटा संस अब तक इसमें 24,000 करोड़ रुपये से ज्यादा का निवेश कर चुका है.
FY26 में टाटा डिजिटल का कंसोलिडेटेड घाटा 5,000 करोड़ रुपये से ज्यादा रहने का अनुमान है. पहले नौ महीनों में ही यह 3,750 करोड़ रुपये पार कर चुका था. FY25 में कंपनी का कुल घाटा 4,610 करोड़ रुपये था. इसमें BigBasket का 2,007 करोड़ रुपये, Croma का 1,091 करोड़ रुपये, Tata 1mg का 276 करोड़ रुपये और Tata CLiQ का 14 करोड़ रुपये का घाटा शामिल था.
टाटा इलेक्ट्रॉनिक्स और तेजस नेटवर्क्स पर भी दबाव
सेमीकंडक्टर कारोबार से जुड़ी टाटा इलेक्ट्रॉनिक्स को FY26 में 3,000 करोड़ रुपये का घाटा होने का अनुमान है. वहीं, लिस्टेड टेलीकॉम कंपनी तेजस नेटवर्क्स को FY25 में 500 करोड़ रुपये का मुनाफा हुआ था, लेकिन FY26 में इसके 1,000 करोड़ रुपये के घाटे में जाने का अनुमान है.
रतन टाटा ने कैसे बदली थी टाटा ग्रुप की तस्वीर?
– 1991 में संभाली कमान: रतन टाटा ने जेआरडी टाटा से समूह की कमान संभाली. उस समय टाटा ग्रुप की कंपनियां अलग-अलग तरीके से काम करती थीं. उन्होंने समूह को एकजुट करने पर जोर दिया.
– ग्लोबल पहचान दिलाई: उनके नेतृत्व में टाटा ग्रुप ने 2000 में टेटली, 2007 में कोरस स्टील और 2008 में जगुआर लैंड रोवर का अधिग्रहण किया. इससे समूह की अंतरराष्ट्रीय मौजूदगी बढ़ी.
– TCS का IPO: 2004 में टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (TCS) का IPO आया. आज यह टाटा ग्रुप की सबसे कीमती कंपनियों में शामिल है.
– ऑटो सेक्टर में नई पहचान: इंडिका और नैनो जैसी कारों के जरिए टाटा मोटर्स ने भारतीय ऑटोमोबाइल बाजार में अपनी अलग पहचान बनाई.
– 2012 में रिटायरमेंट: रतन टाटा ने दिसंबर 2012 में टाटा संस के नियमित चेयरमैन पद से रिटायरमेंट लिया.
– 2016 में फिर संभाली कमान: साइरस मिस्त्री को हटाए जाने के बाद अक्टूबर 2016 से फरवरी 2017 तक रतन टाटा ने अंतरिम चेयरमैन की जिम्मेदारी संभाली.
2016-17 में कैसी थी Tata Sons की हालत?
इकोनॉमिक टाइम्स की रिपोर्ट के मुताबिक, FY17 में टाटा संस का स्टैंडअलोन रेवेन्यू 23% बढ़कर 9,985 करोड़ रुपये पहुंचा था. हालांकि, कंपनी का स्टैंडअलोन मुनाफा 73% गिरकर 824 करोड़ रुपये रह गया था.
कंसोलिडेटेड आधार पर रेवेन्यू 13% बढ़कर 1.73 लाख करोड़ रुपये हुआ, जबकि मुनाफा 20% गिरकर 18,431 करोड़ रुपये रहा. मुनाफे में गिरावट की बड़ी वजह 6,773 करोड़ रुपये के एक्सेप्शनल आइटम थे. इनमें NTT Docomo विवाद से जुड़े 5,528 करोड़ रुपये के संदिग्ध रिकवरी प्रावधान भी शामिल थे.
उस समय टाटा ग्रुप का टेलीकॉम कारोबार भी बड़ी चुनौती बना हुआ था. इस कारोबार पर करीब 34,000 करोड़ रुपये का कर्ज था और समूह इसके बड़े हिस्से को बंद करने पर विचार कर रहा था.
नोएल टाटा के दौर में कितनी बदली तस्वीर?
अब FY26 के आंकड़ों पर नजर डालें तो टाटा संस का स्टैंडअलोन रेवेन्यू 42,366.55 करोड़ रुपये रहा, जो FY25 के 38,834.58 करोड़ रुपये से ज्यादा है. वहीं, स्टैंडअलोन मुनाफा 26,231.74 करोड़ रुपये से बढ़कर 31,961.11 करोड़ रुपये हो गया.
हालांकि, कंसोलिडेटेड नतीजों में तस्वीर अलग है. कंपनी का रेवेन्यू 5,65,391.85 करोड़ रुपये से बढ़कर 6,61,399.21 करोड़ रुपये पहुंच गया, लेकिन मुनाफा 40,985.19 करोड़ रुपये से घटकर 26,615.72 करोड़ रुपये रह गया.
दोनों दौर में कितना बदला Tata Sons का कारोबार?
| पैरामीटर | FY17 | FY26 |
|---|---|---|
| स्टैंडअलोन रेवेन्यू | 9,985 | 42,366.55 |
| स्टैंडअलोन मुनाफा | 824 | 31,961.11 |
| कंसोलिडेटेड रेवेन्यू | 1,73,000 | 6,61,399.21 |
| कंसोलिडेटेड मुनाफा | 18,431 | 26,615.72 |
सोर्स: FY17 के आंकड़े इकोनॉमिक टाइम्स की रिपोर्ट और FY26 के आंकड़े टाटा संस की एनुअल रिपोर्ट 2025-26 से.
टाटा ग्रुप के शेयरों का कैसा रहा प्रदर्शन?
| कंपनी | FY16 मार्केट कैप | FY26 मार्केट कैप |
|---|---|---|
| TCS | 4,95,770 | 8,53,471 |
| Tata Steel | 38,010 | 2,39,434 |
| Titan | 29,022 | 3,50,862 |
| Trent | 6,683 | 1,17,121 |
नोएल टाटा के दौर में नए कारोबार दांव
टाटा ग्रुप की FY26 रिपोर्ट में पिछले कुछ सालों के दौरान शुरू किए गए नए कारोबारों का भी जिक्र है. समूह ने इलेक्ट्रॉनिक्स, सेमीकंडक्टर, डिजिटल, एयरलाइन, बैटरी और डेटा सेंटर जैसे क्षेत्रों में निवेश बढ़ाया है.
2017 से 2026 के बीच समूह के कुछ बड़े कदम इस तरह रहे:
- Tata Electronics: इलेक्ट्रॉनिक्स मैन्युफैक्चरिंग, सेमीकंडक्टर फाउंड्री, असेंबली और टेस्टिंग के क्षेत्र में कारोबार बढ़ाया.
- Tata Digital: बिगबास्केट, क्रोमा, 1mg और टाटा क्लिक जैसे कारोबारों के जरिए डिजिटल प्लेटफॉर्म को आगे बढ़ाया.
- Air India: एयरलाइन कारोबार को दोबारा टाटा समूह के पास लाया गया.
- Tejas Networks: स्वदेशी टेलीकॉम नेटवर्किंग और टेक्नोलॉजी कारोबार को आगे बढ़ाया.
- Agratas: बैटरी निर्माण के क्षेत्र में निवेश किया.
- HyperVault: TCS के जरिए AI डेटा सेंटर प्लेटफॉर्म की शुरुआत की.
- Tata Motors: कमर्शियल व्हीकल और पैसेंजर व्हीकल कारोबार को अलग-अलग किया.
- Tata Capital: कंपनी का IPO आया.
- Tata Advanced Systems: Airbus के साथ C295 विमान के निर्माण से जुड़ा बड़ा कदम उठाया.
इन नए कारोबारों के जरिए टाटा ग्रुप ने भविष्य के उन क्षेत्रों में अपनी मौजूदगी बढ़ाई है, जहां आने वाले वर्षों में बड़े निवेश और ग्रोथ की संभावना है.
इसे भी पढ़ें- काल नहीं… कमाई की मशीन बन सकता है AI, इन 3 स्टॉक्स में 28% तक तेजी की उम्मीद, रखें नजर
Latest Stories
जीते-जी बुक कर सकेंगे अपना अंतिम संस्कार! दिल्ली का स्टार्टअप दे रहा खास पैकेज, ₹6 हजार से शुरू हो रही प्री-बुकिंग
AI की वजह से चांदी के दाम बने रॉकेट, MCX पर लगा 6% अपर सर्किट, आखिर क्या है वजह
कैबिनेट ने दी परिसीमन विधेयक को मंजूरी, लोकसभा में 50% बढ़ेंगी सीटें, महिलाओं को मिलेगा 33% आरक्षण
