TV9 NETWORK
User
Sign In

By signing in or creating an account, you agree with Associated Broadcasting Company's Terms & Conditions and Privacy Policy.

AI की वजह से चांदी के दाम बने रॉकेट, MCX पर लगा 6% अपर सर्किट, आखिर क्या है वजह

चांदी की कीमतों में शुक्रवार को जोरदार तेजी देखने को मिली. MCX पर चांदी का भाव 6% के अपर सर्किट के साथ 1,54,593 रुपये प्रति किलो पहुंच गया. अंतरराष्ट्रीय बाजार में भी चांदी की कीमतों में 10% से ज्यादा की तेजी आई है.

चांदी की कीमतों में आई तेजी Image Credit: money9live

Highlights

  • MCX पर चांदी की कीमतों में जोरदार उछाल, 6% के अपर सर्किट के साथ 1.54 लाख रुपये के पार पहुंची.
  • भारी गिरावट के बाद निवेशकों ने चांदी में खरीदारी की, वैल्यू बाइंग और शॉर्ट कवरिंग से मिला सपोर्ट.
  • चांदी की कीमतों में तेजी के बावजूद खतरा बरकरार, अमेरिकी फेडरल रिजर्व के फैसले पर रहेगी नजर.

चांदी की कीमतों में आई बड़ी गिरावट के बाद अब जोरदार रिकवरी देखने को मिल रही है. शुक्रवार को मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (MCX) पर चांदी की कीमत 6% के अपर सर्किट पर पहुंच गई. इसका भाव बढ़कर 1,54,593 रुपये प्रति किलो हो गया. इस तेजी के पीछे कम कीमत पर खरीदारी और पहले से चांदी की गिरावट पर दांव लगाने वाले ट्रेडर्स की पोजीशन बंद करना बड़ी वजह रही. वहीं, अमेरिका में थैंक्सगिविंग की छुट्टी के कारण कारोबार कम रहने और टेक्नोलॉजी और AI शेयर्स में स्थिरता का भी चांदी को फायदा मिला.

6% के अपर सर्किट पर पहुंची चांदी

शुक्रवार को MCX पर चांदी की कीमतों में अचानक तेज उछाल आया. चांदी का भाव 6% बढ़कर 1,54,593 रुपये प्रति किलो पर पहुंच गया. इस तेजी ने हाल के दिनों में चांदी में आई भारी गिरावट से परेशान निवेशकों को कुछ राहत दी है. वहीं, अंतरराष्ट्रीय बाजार में भी चांदी की कीमतों में जोरदार तेजी रही. Comex पर चांदी 10% से ज्यादा उछलकर 44 डॉलर प्रति औंस के पार कारोबार करती नजर आई.

भारी गिरावट के बाद क्यों बढ़ी खरीदारी?

चांदी की कीमतों में आई तेजी के पीछे दो बड़ी वजहें हैं. पहली वजह वैल्यू बाइंग है, यानी कीमतों में बड़ी गिरावट के बाद निवेशकों को चांदी कम कीमत पर खरीदने का मौका दिखाई दिया. दूसरी वजह शॉर्ट कवरिंग है. इसमें वे ट्रेडर्स अपनी पुरानी पोजीशन बंद करने के लिए खरीदारी करते हैं, जिन्होंने कीमतों में गिरावट की उम्मीद में पहले बिकवाली की थी. इसके अलावा, अमेरिका में थैंक्सगिविंग की छुट्टी के दौरान कम कारोबार और टेक्नोलॉजी व AI शेयरों में स्थिरता से भी चांदी को सपोर्ट मिला.

रिकॉर्ड हाई से 64% तक टूट चुकी है कीमत

चांदी की मौजूदा तेजी को समझने के लिए इसकी पिछली गिरावट पर नजर डालना जरूरी है. जनवरी 2026 में चांदी की कीमत 4.27 लाख रुपये प्रति किलो के रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गई थी. इसके बाद इसमें लगातार गिरावट आई और कीमत करीब 64% तक टूट गई. इस महीने भी चांदी के वायदा भाव में करीब 25,000 रुपये की गिरावट दर्ज की गई थी. अंतरराष्ट्रीय बाजार में 29 जनवरी को चांदी करीब 121.6 डॉलर के रिकॉर्ड स्तर पर थी, जो इस सप्ताह गिरकर 39.50 डॉलर तक आ गई.

आगे चांदी की कीमतों में क्या होगा?

PL Capital के कमोडिटी एक्सपर्ट आशीष राजोडिया के मुताबिक, चांदी में आई तेजी को वैल्यू बाइंग और शॉर्ट कवरिंग से सपोर्ट मिला है. हालांकि, यह तेजी आगे भी जारी रहेगी या नहीं, इसका पता अगले सप्ताह अमेरिका में पूरे बाजार के खुलने के बाद चलेगा. अगर शेयर बाजार स्थिर रहते हैं और ब्याज दरों में बढ़ोतरी की उम्मीद नहीं बढ़ती है, तो सोने और चांदी में रिकवरी जारी रह सकती है. वहीं, डॉलर मजबूत होने और बॉन्ड यील्ड बढ़ने पर कीमतों पर दोबारा दबाव आ सकता है.

इन कीमतों पर रहेगी बाजार की नजर

PL Capital के टेक्निकल एनालिसिस के मुताबिक, अंतरराष्ट्रीय बाजार में चांदी के लिए 37 से 39.50 डॉलर का स्तर अहम सपोर्ट जोन है. ब्रोकरेज का मानना है कि इन स्तरों के आसपास कुछ समय तक कीमतों में उतार-चढ़ाव रह सकता है. वहीं, तेजी के लिए 43 डॉलर का स्तर पहला अहम पड़ाव है. इसके ऊपर जाने पर 46-47 डॉलर और फिर 51-52 डॉलर का स्तर देखने को मिल सकता है. हालांकि, अभी की तेजी को कीमतों में पूरी तरह से बदलाव का संकेत नहीं माना जा सकता. इसके लिए चांदी को लगातार दो सप्ताह तक सपोर्ट जोन के ऊपर सकारात्मक क्लोजिंग देनी होगी.

अमेरिकी फेड के फैसले का भी रहेगा असर

चांदी की कीमतों पर अमेरिकी फेडरल रिजर्व के ब्याज दरों से जुड़े फैसले का भी असर पड़ सकता है. अमेरिका के मजबूत आर्थिक आंकड़ों और अक्टूबर में महंगाई बढ़ने के बाद दिसंबर में ब्याज दरें बढ़ने की उम्मीद मजबूत हुई है. साल 2027 की शुरुआत में भी दरें बढ़ने की आशंका जताई जा रही है. ब्याज दरें बढ़ने से सोने और चांदी जैसी संपत्तियों में निवेश का आकर्षण कम हो सकता है. इस बीच शुक्रवार को MCX पर सोने की कीमत भी 3% से ज्यादा बढ़कर 1.26 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम पहुंच गई.

यह भी पढ़ें: किसान के बेटे ने अमेरिका में खड़ी कर दी 44 अरब डॉलर की कंपनी, कभी जेब में थे सिर्फ 200 डॉलर