TV9 NETWORK
User
Sign In

By signing in or creating an account, you agree with Associated Broadcasting Company's Terms & Conditions and Privacy Policy.

किसान के बेटे ने अमेरिका में खड़ी कर दी 44 अरब डॉलर की कंपनी, कभी जेब में थे सिर्फ 200 डॉलर

हिमाचल प्रदेश के एक छोटे से गांव में पढ़ाई करने वाले जय चौधरी आज दुनिया के बड़े टेक कारोबारियों में शामिल हैं. कभी 200 डॉलर लेकर अमेरिका पहुंचे जय ने Zscaler जैसी साइबर सिक्योरिटी कंपनी खड़ी की. अब उनकी कंपनी को CrowdStrike करीब 43.9 अरब डॉलर में खरीदने जा रही है.

Jay Chaudhry Success Story Image Credit: Zscaler

Highlights

  • हिमाचल के छोटे से गांव में पढ़ाई करने वाले जय चौधरी ने अमेरिका में बनाई अरबों की कंपनी.
  • कभी जेब में सिर्फ 200 डॉलर लेकर अमेरिका पहुंचे थे जय चौधरी, आज हैं बड़े टेक कारोबारी.
  • उनकी कंपनी Zscaler को CrowdStrike करीब 43.9 अरब डॉलर में खरीदने जा रही है.

Jay Chaudhry Success Story: कहते हैं कि अगर मेहनत और कुछ कर गुजरने का जज्बा हो तो छोटे से गांव से निकलकर भी दुनिया में अपनी पहचान बनाई जा सकती है. हिमाचल प्रदेश के किसान परिवार में जन्मे जय चौधरी की कहानी इसकी मिसाल है. कभी उनके गांव में बिजली और पाइप से पानी तक की सुविधा नहीं थी. पेड़ के नीचे बैठकर पढ़ाई करने वाले जय महज 22 साल की उम्र में 200 डॉलर लेकर अमेरिका पहुंच गए थे. आज वह Zscaler के फाउंडर और CEO हैं. उनकी कंपनी को साइबर सिक्योरिटी सेक्टर की बड़ी कंपनी CrowdStrike करीब 43.9 अरब डॉलर के ऑल-स्टॉक सौदे में खरीदने जा रही है. यह डील पूरी होने पर साइबर सिक्योरिटी इंडस्ट्री की सबसे बड़ी खरीदारी बन सकती है.

हिमाचल के छोटे से गांव में बीता बचपन

जय चौधरी का जन्म 1958 में हिमाचल प्रदेश के पनाह गांव में हुआ था. उनका पूरा नाम जगतार सिंह चौधरी है. उनके माता-पिता भगत और सुरजीत किसान थे. उस समय उनके गांव की आबादी 1,000 से भी कम थी. गांव में बिजली और पाइप से पानी जैसी बुनियादी सुविधाएं भी नहीं थीं. इसके बावजूद जय ने पढ़ाई जारी रखी. वह पेड़ के नीचे बैठकर पढ़ते थे और रोजाना करीब 4 किलोमीटर पैदल चलकर स्कूल जाते थे.

IIT से अमेरिका तक का सफर

जय ने हिमाचल प्रदेश में पढ़ाई के दौरान टॉप रैंक हासिल की, जिसके बाद उन्हें IIT BHU वाराणसी में दाखिला मिला. साल 1980 में उन्होंने इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग की डिग्री पूरी की. 22 साल की उम्र में वह सिर्फ 200 डॉलर लेकर अमेरिका चले गए. टाटा स्कॉलरशिप की मदद से उन्होंने आगे की पढ़ाई की. इसके बाद उन्होंने इलेक्ट्रिकल और कंप्यूटर इंजीनियरिंग में मास्टर डिग्री, इंडस्ट्रियल इंजीनियरिंग एंड मैनेजमेंट में दूसरी मास्टर डिग्री और MBA किया.

पत्नी के साथ शुरू किया पहला बिजनेस

अमेरिका में जय ने IBM और Unisys जैसी टेक कंपनियों में काम किया. यहां उन्हें इंजीनियरिंग, सेल्स और मैनेजमेंट का अनुभव मिला. इसके बाद उन्होंने अपनी पत्नी ज्योति के साथ नौकरी छोड़कर SecureIT नाम की कंपनी शुरू की. शुरुआत में निवेशकों ने उनके बिजनेस में पैसा लगाने से मना कर दिया, क्योंकि उनके पास पहले कोई स्टार्टअप चलाने का अनुभव नहीं था. इसके बाद दोनों ने अपनी जीवनभर की बचत लगाकर कंपनी शुरू की. साल 1998 में VeriSign ने SecureIT का अधिग्रहण कर लिया.

एक के बाद एक बनाई पांच कंपनियां

SecureIT के बाद जय ने CoreHarbor, CipherTrust और AirDefense जैसी कंपनियां शुरू कीं. इन कंपनियों ने ई-कॉमर्स, ईमेल सिक्योरिटी और वायरलेस नेटवर्क सिक्योरिटी के क्षेत्र में काम किया. इनका भी दूसरी कंपनियों ने अधिग्रहण किया. साल 2007 में उन्होंने अपने IIT के साथी के. कैलाश के साथ मिलकर Zscaler की शुरुआत की. इस बार उनका फोकस क्लाउड आधारित साइबर सिक्योरिटी पर था, जिससे कंपनियों के नेटवर्क और डेटा को सुरक्षित रखा जा सके.

Zscaler को 43.9 अरब डॉलर में खरीदेगी CrowdStrike

Zscaler मार्च 2018 में Nasdaq पर लिस्ट हुई. जुलाई 2026 तक कंपनी ने वित्त वर्ष 2026 में 3.35 अरब डॉलर का रेवेन्यू दर्ज किया था. कंपनी के 8,700 से ज्यादा कर्मचारी हैं, जिनमें 40 फीसदी से अधिक भारत में काम करते हैं. इसके भारत में बेंगलुरु, चंडीगढ़, हैदराबाद, पुणे, मुंबई और गुरुग्राम में ऑफिस हैं.

अब 23 नवंबर 2026 को CrowdStrike ने Zscaler को करीब 43.9 अरब डॉलर में खरीदने का समझौता किया है. यह सौदा पूरा होने के बाद CrowdStrike के शेयरधारकों के पास संयुक्त कंपनी की करीब 84.1 फीसदी हिस्सेदारी होगी, जबकि Zscaler के शेयरधारकों के पास 15.9 फीसदी हिस्सेदारी रहेगी. जय चौधरी Zscaler का नेतृत्व जारी रखने के साथ CrowdStrike के बोर्ड में भी शामिल होंगे.

यह भी पढ़ें: Windows 11 यूजर्स को झटका! Microsoft बंद करेगा Calendar, People और Files ऐप्स, जानें पूरी डिटेल