TV9 NETWORK
User
Sign In

By signing in or creating an account, you agree with Associated Broadcasting Company's Terms & Conditions and Privacy Policy.

इंस्टामार्ट में AI खाएगा 340 नौकरियां, कंपनी पर बढ़ते घाटे के बीच Swiggy ने लिया फैसला

Swiggy अपने क्विक कॉमर्स बिजनेस Instamart से 340 कर्मचारियों की छंटनी करने जा रही है. AI पर बढ़ते फोकस और कारोबार के पुनर्गठन के बीच कॉरपोरेट और सपोर्ट टीमों पर असर पड़ेगा. Q2 FY27 में कंपनी का घाटा 922 करोड़ रुपये रहा.

स्विगी इंस्टामार्ट Image Credit: TV9 Bharatvarsh

Highlights

  • कंपनी की कॉरपोरेट और सपोर्ट टीमों पर पड़ेगा असर. प्रभावित कर्मचारियों को सेवरेंस पैकेज और दूसरी नौकरी खोजने में मदद मिलेगी.
  • Blinkit, Zepto, Flipkart Minutes और Amazon Now से मुकाबले के बीच Instamart अपनी रणनीति बदल रहा है. कंपनी प्राइवेट लेबल प्रोडक्ट्स पर भी ध्यान दे रही है
  • Swiggy का घाटा सालाना आधार पर 15.6% घटा, लेकिन पिछली तिमाही के ₹791 करोड़ के मुकाबले बढ़ गया.

ऑनलाइन फूड और ग्रॉसरी डिलीवरी कंपनी Swiggy अपने क्विक कॉमर्स बिजनेस इंस्टामार्ट में 340 कर्मचारियों की छंटनी करने जा रही है. कंपनी अपने कारोबार को अगले चरण के लिए तैयार करने और खर्चों में कटौती करने के मकसद से यह कदम उठा रही है. इस मामले से जुड़े लोगों ने बताया कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) के बढ़ते इस्तेमाल के बीच कंपनी अपने कामकाज और टीमों का ढांचा बदल रही है.

Moneycontrol की रिपोर्ट के मुताबिक, छंटनी का असर मुख्य रूप से Instamart की कॉरपोरेट और सपोर्ट टीमों में काम करने वाले कर्मचारियों पर पड़ेगा. कंपनी प्रभावित कर्मचारियों को सेवरेंस पैकेज, दूसरी नौकरी खोजने में मदद और जरूरत पड़ने पर दूसरी जगह शिफ्ट होने के लिए सहायता भी दे रही है.

लगातार बढ़ते घाटे के बीच लिया फैसला

Instamart पिछले कई तिमाहियों से कारोबार में उम्मीद के मुताबिक प्रदर्शन नहीं कर पा रहा है. इसके साथ ही कंपनी का घाटा भी बढ़ रहा है. ऐसे में Swiggy अपने खर्चों को कम करने और कारोबार को नए सिरे से व्यवस्थित करने पर ध्यान दे रही है.

कंपनी को क्विक कॉमर्स कारोबार में Blinkit, Zepto, Flipkart Minutes और Amazon Now जैसी कंपनियों से कड़ी टक्कर मिल रही है. Blinkit का संचालन Eternal करती है. इस बढ़ती कॉम्पिटिशन के बीच Instamart अपनी कारोबारी रणनीति में बदलाव कर रहा है. हालांकि, Swiggy के पास वित्तीय संसाधनों की कमी नहीं है. रिपोर्ट के मुताबिक, कंपनी के पास करीब 13,500 करोड़ रुपये का कैश और कैश इक्विवेलेंट्स मौजूद है

नई CEO के नेतृत्व में बदल रही Instamart की रणनीति

Instamart की नई CEO नंदिता सिन्हा के नेतृत्व में कंपनी अपनी रणनीति में बदलाव कर रही है. कंपनी की कोशिश अपने कारोबार को नए सिरे से व्यवस्थित करने और प्रतिस्पर्धा के बीच अपनी स्थिति मजबूत करने की है. इसी रणनीति के तहत कर्मचारियों की संख्या और कामकाज के ढांचे में बदलाव किया जा रहा है.

Q2 में 922 करोड़ रुपये रहा Swiggy का घाटा

Swiggy ने वित्त वर्ष 2026-27 की दूसरी तिमाही (Q2 FY27) में 922 करोड़ रुपये का नेट लॉस दर्ज किया. यह पिछले साल की इसी तिमाही में दर्ज 1,092 करोड़ रुपये के घाटे से 15.6% कम है. हालांकि, कंपनी का घाटा पिछली तिमाही के मुकाबले बढ़ा है. Q1 FY27 में Swiggy को 791 करोड़ रुपये का नुकसान हुआ था. कंपनी के क्विक कॉमर्स बिजनेस Instamart के तेजी से विस्तार का असर उसके मुनाफे पर पड़ा था.

ऐसे में कंपनी अब AI के बढ़ते इस्तेमाल, खर्चों में कटौती और कारोबारी रणनीति में बदलाव के जरिए अपने बिजनेस को नए सिरे से तैयार करने में जुटी है.

इसे भी पढ़ें- कैश के ढेर पर बैठी हैं ये तीन महारत्न कंपनियां, मजबूत हैं फंडामेंटल्स, 150% तक उछले शेयर, भाव ₹300