TV9 NETWORK
User
Sign In

By signing in or creating an account, you agree with Associated Broadcasting Company's Terms & Conditions and Privacy Policy.

Google Pay और PhonePe चलाने वाले ध्यान दें! HDFC बैंक ने बदला UPI अलर्ट का नियम

HDFC बैंक 1 जनवरी 2027 से ₹500 या इससे कम के UPI ट्रांजैक्शन पर SMS अलर्ट भेजना बंद करेगा. हालांकि, सभी UPI पेमेंट के ईमेल अलर्ट जारी रहेंगे. ₹500 से ज्यादा के ट्रांजैक्शन पर SMS भी मिलेगा. नए नियम से पहले ग्राहकों को अपना रजिस्टर्ड ईमेल आईडी अपडेट करने की सलाह दी गई है.

HDFC बैंक

Highlights

  • 1 जनवरी 2027 से ₹500 तक के UPI पेमेंट पर SMS नहीं आएगा
  • ₹500 से ज्यादा के ट्रांजैक्शन पर SMS अलर्ट पहले की तरह जारी रहेगा
  • सभी UPI पेमेंट के ईमेल अलर्ट मिलेंगे, ईमेल आईडी अपडेट रखना जरूरी

अगर आप HDFC बैंक के ग्राहक हैं और छोटी-छोटी पेमेंट के लिए Google Pay, PhonePe या Paytm से UPI का इस्तेमाल करते हैं तो आपके लिए जरूरी खबर है. HDFC बैंक 1 जनवरी 2027 से UPI ट्रांजैक्शन को लेकर अपने SMS अलर्ट के नियमों में बदलाव करने जा रहा है. नए नियम के तहत ₹500 या इससे कम के UPI ट्रांजैक्शन पर बैंक ग्राहकों को SMS अलर्ट नहीं भेजेगा.

हालांकि, इसका मतलब यह नहीं है कि आपके UPI ट्रांजैक्शन की जानकारी मिलनी बंद हो जाएगी. बैंक सभी UPI ट्रांजैक्शन के लिए ईमेल अलर्ट पहले की तरह जारी रखेगा. इसके लिए ग्राहक का ईमेल आईडी बैंक में रजिस्टर्ड और अपडेट होना जरूरी है.

₹500 तक के UPI पेमेंट पर नहीं आएगा SMS

HDFC बैंक के नए नियम 1 जनवरी 2027 से लागू होंगे. इसके बाद ₹100, ₹200, ₹300 या ₹500 तक के UPI पेमेंट करने पर ग्राहकों को मोबाइल पर SMS नहीं मिलेगा. वहीं, ₹500 से ज्यादा के ट्रांजैक्शन पर SMS अलर्ट पहले की तरह मिलता रहेगा. बैंक ने साफ किया है कि सभी UPI ट्रांजैक्शन के ईमेल अलर्ट जारी रहेंगे. इस बदलाव का असर उन ग्राहकों पर ज्यादा पड़ेगा जो चाय, नाश्ते, सब्जी, किराना, कैब और दूसरे छोटे भुगतान के लिए रोजाना UPI का इस्तेमाल करते हैं.

किस ट्रांजैक्शन पर मिलेगा SMS और किस पर नहीं?

नए नियमों के बाद HDFC बैंक के ग्राहकों के लिए अलर्ट की व्यवस्था इस तरह होगी:

UPI ट्रांजैक्शनSMS अलर्टईमेल अलर्ट
₹100नहीं मिलेगामिलेगा
₹200नहीं मिलेगामिलेगा
₹500नहीं मिलेगामिलेगा
₹501मिलेगामिलेगा
₹1,000मिलेगामिलेगा
₹5,000मिलेगामिलेगा

इस तरह ₹500 तक के भुगतान पर SMS नहीं आएगा, लेकिन ₹500 से ज्यादा के ट्रांजैक्शन पर SMS और ईमेल दोनों मिलते रहेंगे.

RBI के नियमों से जुड़ा है बदलाव

बैंक के इस फैसले के पीछे भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) के इलेक्ट्रॉनिक बैंकिंग ट्रांजैक्शन अलर्ट से जुड़े दिशा-निर्देश हैं. इन दिशा-निर्देशों के मुताबिक, ₹500 से ज्यादा के इलेक्ट्रॉनिक ट्रांजैक्शन पर बैंकों को तत्काल SMS अलर्ट भेजना जरूरी है. वहीं, ₹500 या इससे कम के ट्रांजैक्शन के लिए SMS भेजने का फैसला बैंक अपनी आंतरिक नीति के आधार पर कर सकते हैं. हालांकि, ग्राहकों को ईमेल आईडी उपलब्ध कराने की स्थिति में सभी इलेक्ट्रॉनिक ट्रांजैक्शन के लिए ईमेल अलर्ट भेजने की व्यवस्था जारी रखनी होगी.

HDFC बैंक ग्राहक ऐसे अपडेट करें अपना ईमेल आईडी

अगर आप चाहते हैं कि छोटे UPI ट्रांजैक्शन की जानकारी भी आपको मिलती रहे तो बैंक में अपना रजिस्टर्ड ईमेल आईडी अपडेट रखना जरूरी है.

इसके लिए ये तरीके अपना सकते हैं:

  • HDFC बैंक की मोबाइल बैंकिंग ऐप या नेटबैंकिंग में लॉगइन करें.
  • प्रोफाइल या कॉन्टैक्ट डिटेल्स सेक्शन में जाएं.
  • अपनी रजिस्टर्ड ईमेल आईडी चेक करें.
  • ईमेल आईडी बदलनी है तो अपडेट करने की प्रक्रिया पूरी करें.
  • जरूरी वेरिफिकेशन के बाद नई ईमेल आईडी रजिस्टर हो जाएगी.
  • इसके अलावा ग्राहक नजदीकी HDFC बैंक ब्रांच में जाकर भी अपनी ईमेल आईडी अपडेट करा सकते हैं.

SMS नहीं आने का मतलब पेमेंट फेल होना नहीं

नए नियम लागू होने के बाद अगर ₹500 या इससे कम का UPI पेमेंट करने पर मोबाइल पर SMS नहीं आता है तो घबराने की जरूरत नहीं है.

SMS अलर्ट बंद होने का मतलब यह नहीं है कि आपका ट्रांजैक्शन फेल हो गया है. पेमेंट की स्थिति जानने के लिए ग्राहक अपने UPI ऐप, बैंक अकाउंट स्टेटमेंट या रजिस्टर्ड ईमेल को चेक कर सकते हैं.

इसलिए HDFC बैंक के ग्राहकों को सलाह है कि 1 जनवरी 2027 से पहले अपना ईमेल आईडी अपडेट कर लें, ताकि छोटे से छोटे UPI ट्रांजैक्शन की जानकारी भी उन्हें मिलती रहे.

यह भी पढ़ें- 8th Pay Commission: केंद्रीय कर्मचारियों की बल्ले-बल्ले! सैलरी में 14% बढ़ोतरी, हर महीने मिल सकते हैं ₹15,000 ज्यादा