HR को दे दिए सारे टैक्स प्रूफ, फिर भी आ सकता है इनकम टैक्स का नोटिस! ITR भरते समय न करें ये 3 गलतियां
कंपनी के HR को LIC, हेल्थ इंश्योरेंस और होम लोन के टैक्स प्रूफ देने के बाद भी इनकम टैक्स विभाग का नोटिस आ सकता है. इसकी वजह Form 16 और ITR में जानकारी का अंतर हो सकता है. Section 143(1) के तहत आने वाले इंटिमेशन से बचने के लिए AIS, Form 26AS और निवेश के दस्तावेजों का मिलान जरूरी है.
Highlights
- HR को टैक्स प्रूफ देने से ITR की सभी जानकारियां अपने आप पूरी नहीं होतीं
- Section 143(1) में Form 16 और AIS के आंकड़ों का मिलान होता है
- टैक्स नोटिस से बचने के लिए ओरिजिनल दस्तावेज और PDF सुरक्षित रखें
अगर आप नौकरीपेशा हैं और हर साल अपनी कंपनी के HR डिपार्टमेंट को टैक्स बचाने के लिए सभी जरूरी दस्तावेज जमा कर देते हैं, तो यह मत समझिए कि आपका टैक्स से जुड़ा काम पूरा हो गया है. कई बार सभी प्रूफ जमा करने और कंपनी से Form 16 मिलने के बाद भी इनकम टैक्स विभाग की तरफ से नोटिस या इंटिमेशन आ सकता है. इसकी वजह आपके टैक्स डिडक्शन और इनकम टैक्स रिटर्न (ITR) में दर्ज जानकारी के बीच अंतर होना है.
दरअसल, कंपनी का HR डिपार्टमेंट आपके दिए गए दस्तावेजों के आधार पर हर महीने कटने वाले TDS की गणना करता है. इसके बाद Form 16 में टैक्स और डिडक्शन की जानकारी दी जाती है. लेकिन ITR भरते समय कई ऐसी जानकारियों की जरूरत होती है, जो Form 16 में पूरी तरह दर्ज नहीं होतीं. ऐसे में अगर आपने बिना जांच किए रिटर्न फाइल कर दिया, तो बाद में परेशानी हो सकती है.
HR को दस्तावेज देने के बाद भी क्यों आ सकता है टैक्स नोटिस?
इसका एक उदाहरण एक नौकरीपेशा व्यक्ति नरेश का है. उन्होंने अपने ऑफिस में होम लोन के ब्याज और मूलधन के भुगतान, कई LIC पॉलिसी, हेल्थ इंश्योरेंस और NPS में निवेश के दस्तावेज जमा किए थे. जब उन्होंने ITR फाइल करने के लिए टैक्स एक्सपर्ट से संपर्क किया, तो उनसे पॉलिसी नंबर, NPS अकाउंट की जानकारी और होम लोन से जुड़े विस्तृत दस्तावेज मांगे गए. उन्हें लगा कि जब ये सभी दस्तावेज पहले ही HR को दिए जा चुके हैं, तो दोबारा इनकी जरूरत क्यों है?
दरअसल, कंपनी आपके दस्तावेजों का इस्तेमाल TDS की गणना के लिए करती है, जबकि इनकम टैक्स रिटर्न में कई अतिरिक्त जानकारियां भरनी होती हैं. इनमें NPS का PRAN नंबर, इंश्योरेंस पॉलिसी नंबर, बैंक या लोन देने वाली संस्था की जानकारी और 31 मार्च तक होम लोन के मूलधन का बकाया शामिल हो सकता है.
Section 143(1) का नोटिस क्यों भेजता है इनकम टैक्स विभाग?
इनकम टैक्स रिटर्न जमा करने के बाद विभाग का सिस्टम उसकी जांच करता है. इसी प्रक्रिया के तहत सेक्शन 143(1) के अंतर्गत इंटिमेशन भेजा जा सकता है. इसमें आपके ITR में दर्ज इनकम, टैक्स डिडक्शन और अन्य जानकारियों का मिलान कंपनी की तरफ से दी गई Form 16 की जानकारी और Annual Information Statement (AIS) में उपलब्ध आंकड़ों से किया जाता है.
अगर इन जानकारियों में अंतर मिलता है, तो सिस्टम उसे फ्लैग कर सकता है. उदाहरण के लिए, आपने ITR में होम लोन के ब्याज या इंश्योरेंस पर टैक्स छूट का दावा किया है, लेकिन विभाग के पास उपलब्ध आंकड़ों में इसकी जानकारी अलग है, तो आपका रिटर्न जांच के दायरे में आ सकता है.
ऐसी स्थिति में विभाग आपके वैध डिडक्शन को स्वीकार नहीं कर सकता है. इससे आपका टैक्स रिफंड कम हो सकता है या अतिरिक्त टैक्स डिमांड भी बन सकती है.
Form 16 में नहीं मिलती ये जरूरी जानकारियां
Form 16 नौकरीपेशा लोगों के लिए एक अहम टैक्स दस्तावेज है, लेकिन यह आपके सभी निवेश और टैक्स छूट का पूरा रिकॉर्ड नहीं होता. ITR भरते समय कुछ अतिरिक्त जानकारियां भी जरूरी हो सकती हैं.
- NPS का PRAN नंबर: NPS में किए गए निवेश और टैक्स छूट के दावे के लिए इसकी जरूरत पड़ सकती है.
- LIC पॉलिसी नंबर: इंश्योरेंस प्रीमियम के भुगतान और टैक्स छूट के दावे की जानकारी.
- होम लोन की डिटेल: लोन देने वाले बैंक या वित्तीय संस्था का नाम और ब्याज का प्रमाणपत्र.
- होम लोन का मूलधन: 31 मार्च तक बकाया मूलधन और वित्त वर्ष के दौरान किए गए भुगतान की जानकारी.
- हेल्थ इंश्योरेंस: पॉलिसी और प्रीमियम भुगतान से जुड़े दस्तावेज.
इसलिए सिर्फ Form 16 के आधार पर ITR भरना सही नहीं है. अपने सभी निवेश और टैक्स छूट के दस्तावेज भी संभालकर रखने चाहिए.
टैक्स नोटिस से बचने के लिए अपनाएं ये 3 तरीके
- HR को दिए दस्तावेज अपने पास भी रखें
कंपनी के HR डिपार्टमेंट को किराये की रसीद, LIC, हेल्थ इंश्योरेंस, NPS और होम लोन के दस्तावेज देने के बाद उनकी कॉपी अपने पास जरूर रखें. ITR फाइल करते समय इनकी जरूरत पड़ सकती है.
- AIS और Form 26AS की ओरिजिनल PDF डाउनलोड करें
इनकम टैक्स पोर्टल से AIS और Form 26AS डाउनलोड करके उनकी जानकारी अपने Form 16 और ITR से मिलाएं. दस्तावेजों को एडिट करने या दोबारा प्रिंट करने के बजाय पोर्टल से डाउनलोड की गई ओरिजिनल PDF सुरक्षित रखें. इससे डेटा पढ़ने और जानकारी का मिलान करने में होने वाली दिक्कतों से बचा जा सकता है.
- Section 143(1) के इंटिमेशन को नजरअंदाज न करें
अगर इनकम टैक्स विभाग से 143(1) का इंटिमेशन मिलता है, तो उसे अनदेखा न करें. सबसे पहले नोटिस में बताई गई गड़बड़ी को समझें और अपने दस्तावेजों से उसका मिलान करें. अगर आपका टैक्स छूट का दावा सही है, तो जरूरी प्रमाण के साथ निर्धारित प्रक्रिया के तहत जवाब दें. जरूरत पड़ने पर रिवाइज्ड रिटर्न या अन्य उपलब्ध विकल्पों का इस्तेमाल करें.
टैक्स रिफंड बचाने के लिए ITR भरते समय रहें सावधान
नौकरीपेशा लोगों को यह समझना जरूरी है कि HR को टैक्स प्रूफ जमा करना और इनकम टैक्स रिटर्न सही तरीके से फाइल करना दो अलग-अलग प्रक्रियाएं हैं. कंपनी आपके TDS की गणना करती है, लेकिन ITR में दी गई जानकारी की जिम्मेदारी टैक्सपेयर की होती है. इसलिए रिटर्न फाइल करने से पहले Form 16, AIS, Form 26AS और अपने सभी निवेश से जुड़े दस्तावेजों का मिलान जरूर करें. छोटी-सी गलती भी आपके रिफंड में देरी या अतिरिक्त टैक्स की मांग की वजह बन सकती है.
यह भी पढ़ें- शराब कंपनियों की निकल पड़ी! एक शेयर का मुनाफा 190% उछला, इन 3 स्टॉक्स पर नजर
Latest Stories
कार ₹2 करोड़ की, लेकिन रोड टैक्स देने में कंजूसी! छोटे मकानों के पते पर हो रहा रजिस्ट्रेशन
चीन की छुट्टी करने की तैयारी में भारत! पुरानी EV बैटरियों से निकलेगा लिथियम, सरकार ने लगाया बैन
वित्त मंत्रालय का अलर्ट! रफ्तार पकड़ रही भारत की इकोनॉमी, लेकिन शादी-त्योहार के सीजन में बढ़ सकती है महंगाई
