चीन की छुट्टी करने की तैयारी में भारत! पुरानी EV बैटरियों से निकलेगा लिथियम, सरकार ने लगाया बैन
भारत ने लिथियम-आयन बैटरी के ब्लैक मास के निर्यात पर रोक लगा दी है. सरकार का मकसद पुरानी EV बैटरियों से लिथियम, कोबाल्ट और निकेल जैसे कीमती खनिज निकालकर देश में ही इस्तेमाल करना है. चीन के पास करीब 90% क्रिटिकल मिनरल्स रिफाइनिंग क्षमता है. इस फैसले से भारत में बैटरी रीसाइक्लिंग कारोबार को बढ़ावा मिल सकता है.
Highlights
- भारत ने 10 नवंबर से लिथियम-आयन बैटरी ब्लैक मास के निर्यात पर प्रतिबंध लगाया
- चीन के पास दुनिया की करीब 90 फीसदी क्रिटिकल मिनरल्स रिफाइनिंग क्षमता है
- 2037-38 तक भारत में कुल EV बिक्री करीब पांच करोड़ पहुंचने का अनुमान है
भारत इलेक्ट्रिक व्हीकल (EV) की बैटरी बनाने में इस्तेमाल होने वाले जरूरी खनिजों के लिए चीन पर अपनी निर्भरता कम करने की तैयारी कर रहा है. इसके लिए सरकार ने लिथियम-आयन बैटरी से निकलने वाले कचरे यानी ब्लैक मास (Black Mass) के निर्यात पर प्रतिबंध लगा दिया है. सरकार का मकसद इस कीमती कच्चे माल को देश में ही रखना है, ताकि भारत में बैटरी रीसाइक्लिंग और खनिजों को दोबारा निकालने का उद्योग विकसित हो सके. यह कदम ऐसे समय उठाया गया है, जब दुनियाभर में इलेक्ट्रिक व्हीकल और एनर्जी स्टोरेज की मांग तेजी से बढ़ रही है. बैटरी बनाने के लिए जरूरी लिथियम, कोबाल्ट और निकेल जैसे खनिजों की सप्लाई पर चीन का मजबूत नियंत्रण है.
क्या होता है ब्लैक मास, क्यों है इसकी इतनी मांग?
ब्लैक मास लिथियम-आयन बैटरी को इस्तेमाल के बाद तोड़ने और उसकी प्रोसेसिंग करने से मिलने वाला काला पाउडर होता है. इसमें लिथियम, कोबाल्ट, निकेल और मैंगनीज जैसे कई कीमती खनिज मौजूद होते हैं. इन खनिजों को आधुनिक बैटरी, इलेक्ट्रिक कार, मोबाइल फोन और एनर्जी स्टोरेज सिस्टम बनाने में इस्तेमाल किया जाता है. पुरानी बैटरियों और बैटरी बनाने के दौरान निकलने वाले कचरे से ब्लैक मास तैयार किया जाता है. खास तकनीक के जरिए इससे दोबारा उपयोग लायक खनिज निकाले जा सकते हैं. इससे नए खनिजों के आयात की जरूरत कम हो सकती है.
10 नवंबर को सरकार ने लिया बड़ा फैसला
भारत के विदेश व्यापार महानिदेशालय (DGFT) ने 10 नवंबर को लिथियम-आयन बैटरी ब्लैक मास के निर्यात पर रोक लगाने का फैसला किया. इसका मकसद भविष्य में इस कच्चे माल का निर्यात शुरू होने से पहले ही घरेलू सप्लाई को सुरक्षित करना है. दिलचस्प बात यह है कि भारत से पिछले पांच वित्त वर्षों और चालू वित्त वर्ष में सितंबर तक ब्लैक मास के निर्यात का कोई रिकॉर्ड नहीं मिला है. यानी सरकार ने निर्यात शुरू होने से पहले ही यह कदम उठाया है, ताकि आने वाले वर्षों में देश के भीतर उपलब्ध बैटरी कचरे का इस्तेमाल घरेलू उद्योग कर सकें.
चीन के पास 90% रिफाइनिंग क्षमता
क्रिटिकल मिनरल्स की रिफाइनिंग के मामले में चीन की स्थिति बेहद मजबूत है. वैश्विक रिफाइनिंग क्षमता में उसकी हिस्सेदारी करीब 90 फीसदी बताई गई है. चीन ने ब्लैक मास के आयात को कानूनी मंजूरी देने के साथ इस साल इसके आयात शुल्क को 6.5 फीसदी से घटाकर 3 फीसदी कर दिया था. इससे चीन अपनी रिफाइनिंग इंडस्ट्री के लिए ज्यादा से ज्यादा कच्चा माल जुटाने की कोशिश कर रहा है. भारत को आशंका है कि आने वाले समय में इस्तेमाल हो चुकी बैटरियों और उनके कचरे की सप्लाई भी चीन की ओर जा सकती है.
2030 तक 91 लाख EV बिक्री का अनुमान
भारत में इलेक्ट्रिक व्हीकल की बिक्री बढ़ने के साथ आने वाले वर्षों में पुरानी बैटरियों की संख्या भी तेजी से बढ़ेगी. एक अनुमान के मुताबिक, वित्त वर्ष 2030-31 तक भारत में कुल EV बिक्री करीब 91 लाख तक पहुंच सकती है. वहीं, 2037-38 तक यह आंकड़ा लगभग 5 करोड़ हो सकता है. इससे बैटरी रीसाइक्लिंग के लिए बड़े स्तर पर कच्चा माल उपलब्ध होने की संभावना है. हालांकि, 2030 से पहले इस कारोबार के विस्तार की रफ्तार सीमित रह सकती है. इसके बाद अवसर तेजी से बढ़ने की उम्मीद है.
बैटरी रीसाइक्लिंग में हैं बड़ी चुनौतियां
भारत के सामने सिर्फ बैटरी कचरा इकट्ठा करने की चुनौती नहीं है, बल्कि उसे सुरक्षित तरीके से प्रोसेस करना भी जरूरी है. फिलहाल देश में लिथियम-आयन बैटरी स्क्रैप और ई-वेस्ट का बड़ा हिस्सा असंगठित क्षेत्र में प्रोसेस होता है. गलत तरीकों से रीसाइक्लिंग करने पर पर्यावरण प्रदूषण और स्वास्थ्य संबंधी खतरे बढ़ सकते हैं.
बैटरी कचरे की उपलब्धता में हर साल करीब 26 फीसदी की बढ़ोतरी का अनुमान है. ऐसे में सरकार को निर्यात प्रतिबंध लागू करने के साथ रीसाइक्लिंग के लिए मजबूत व्यवस्था भी बनानी होगी. भारत में बैटरी मैनेजमेंट एंड हैंडलिंग रूल्स 2022 पहले से लागू हैं, जिनमें इस्तेमाल की गई बैटरियों के कलेक्शन और पर्यावरण के अनुकूल रीसाइक्लिंग के प्रावधान हैं. अगर भारत इस क्षेत्र में मजबूत घरेलू क्षमता विकसित कर लेता है, तो इलेक्ट्रिक व्हीकल इंडस्ट्री को जरूरी खनिजों की सप्लाई में मदद मिलेगी और चीन पर आयात निर्भरता घटाने का रास्ता भी खुलेगा.
Latest Stories
वित्त मंत्रालय का अलर्ट! रफ्तार पकड़ रही भारत की इकोनॉमी, लेकिन शादी-त्योहार के सीजन में बढ़ सकती है महंगाई
MSME सेक्टर को AI से होगा 685 अरब डॉलर का फायदा! RBI गवर्नर ने बताई भारतीय कंपनियों की बड़ी कमी
सोना सस्ता होने से गोल्ड लोन पर बढ़ा खतरा, RBI ने बढ़ाई निगरानी; IIFL-Bajaj Finance की भी बढ़ी चिंता
