TV9 NETWORK
User
Sign In

By signing in or creating an account, you agree with Associated Broadcasting Company's Terms & Conditions and Privacy Policy.

शेयर बाजार में बदलेंगे निवेश के नियम! SEBI चेयरमैन ने F&O को लेकर कही बड़ी बात

सेबी चेयरमैन तुहिन कांत पांडे ने शेयर बाजार में निवेश की प्रक्रिया आसान बनाने और गैर-जरूरी नियम हटाने पर जोर दिया है. उन्होंने F&O सेगमेंट को बंद करने के बजाय और गहरा करने की जरूरत बताई. उनके मुताबिक, FY19 के मुकाबले यूनिक निवेशकों की संख्या चार गुना हो चुकी है. सेबी AI सुरक्षा और निवेशक जागरूकता पर भी काम कर रहा है.

F&O मार्केट

Highlights

  • SEBI चेयरमैन ने F&O मार्केट को बंद करने के बजाय गहरा करने पर जोर दिया
  • FY19 के मुकाबले भारतीय शेयर बाजार में यूनिक निवेशकों की संख्या चार गुना हुई
  • निवेश प्रक्रिया आसान बनाने के साथ AI डेटा सुरक्षा और पारदर्शिता पर फोकस

शेयर बाजार में निवेश करने वाले लोगों के लिए बाजार नियामक सेबी (SEBI) की ओर से अहम संकेत मिले हैं. सेबी के चेयरमैन तुहिन कांत पांडे ने कहा है कि निवेश की प्रक्रिया को आसान बनाना और गैर-जरूरी नियमों को हटाना नियामक की प्राथमिकताओं में शामिल है. इसके साथ ही उन्होंने फ्यूचर एंड ऑप्शंस (F&O) मार्केट को और गहरा करने की जरूरत बताई है.

शनिवार को CNBC आवाज के ‘मार्केट महाकुंभ 2026’ कार्यक्रम में बोलते हुए पांडे ने कहा कि बाजार में निवेशकों की भागीदारी तेजी से बढ़ रही है. ऐसे में नियमों को इस तरह तैयार करने की जरूरत है, जिससे निवेश करना आसान हो और निवेशकों के हितों की सुरक्षा भी बनी रहे.

F&O मार्केट को बंद करने के बजाय मजबूत करने पर जोर

सेबी चेयरमैन ने कहा कि फ्यूचर एंड ऑप्शंस मार्केट को जबरन बंद करने के बजाय इसे और विकसित करने की जरूरत है. उनका मानना है कि डेरिवेटिव मार्केट को गहरा बनाने के साथ निवेशकों को इसके जोखिमों के बारे में जागरूक करना भी जरूरी है.

F&O सेगमेंट में निवेश करने वाले लोगों को बिना जानकारी के ट्रेडिंग करने से बचना चाहिए. निवेशकों को इस बात की समझ होनी चाहिए कि डेरिवेटिव ट्रेडिंग में मुनाफे की संभावना के साथ नुकसान का जोखिम भी काफी अधिक रहता है.

FY19 के मुकाबले चार गुना हुए शेयर बाजार के निवेशक

पांडे ने बताया कि भारतीय शेयर बाजार में निवेशकों की संख्या में बड़ी बढ़ोतरी हुई है. वित्त वर्ष 2018-19 के मुकाबले अब यूनिक निवेशकों की संख्या चार गुना हो चुकी है.

उन्होंने बताया कि भारतीय बाजार में 6,700 से ज्यादा कंपनियां लिस्टेड हैं. निवेशकों की बढ़ती भागीदारी को देखते हुए सेबी लगातार अपने नियमों और प्रक्रियाओं को बेहतर बनाने पर काम कर रहा है.

निवेश की प्रक्रिया आसान बनाने के लिए क्या कर रहा है SEBI?

सेबी चेयरमैन ने बताया कि कंपनियों, ब्रोकर्स और निवेशकों के लिए कई प्रक्रियाओं को आसान बनाया जा रहा है. इसके तहत लिस्टेड कंपनियों और ब्रोकर्स के लिए सिंगल फाइलिंग सिस्टम शुरू करने की दिशा में काम किया जा रहा है.

इससे कंपनियों को अलग-अलग जानकारियां जमा करने की प्रक्रिया से राहत मिलेगी. इसके अलावा सेटलमेंट की प्रक्रिया तेज करने और लिस्टिंग से जुड़े नियमों को सरल बनाने पर भी जोर दिया जा रहा है.

PMS और रियल एस्टेट निवेश के नियम भी आसान

सेबी निवेश के दूसरे विकल्पों को भी आम निवेशकों के लिए आसान बनाने की दिशा में काम कर रहा है. इसके तहत रियल एस्टेट और इंफ्रास्ट्रक्चर एसेट्स में निवेश के लिए न्यूनतम निवेश की सीमा घटाने जैसे कदम उठाए गए हैं.

इसके अलावा पोर्टफोलियो मैनेजमेंट सर्विसेज (PMS) के जरिए निवेश करने से जुड़े नियमों को भी सरल बनाया गया है. इसका उद्देश्य निवेश के ज्यादा विकल्प उपलब्ध कराना और निवेश प्रक्रिया में आने वाली अनावश्यक बाधाओं को कम करना है.

AI के दौर में डेटा सुरक्षा सबसे बड़ी प्राथमिकता

सेबी चेयरमैन ने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) के बढ़ते इस्तेमाल के बीच डेटा सुरक्षा पर भी जोर दिया. उन्होंने कहा कि टेक्नोलॉजी का इस्तेमाल बढ़ने के साथ यह सुनिश्चित करना जरूरी है कि निवेशकों और बाजार से जुड़ा संवेदनशील डेटा सुरक्षित रहे.

सेबी बाजार की निगरानी और रेगुलेटरी कामकाज में भी धीरे-धीरे टेक्नोलॉजी का इस्तेमाल बढ़ा रहा है. इसके साथ ही मॉनिटरिंग कमेटियों की रिपोर्ट समय पर जमा कराने पर भी ध्यान दिया जा रहा है.

निवेशकों को धोखाधड़ी से बचाने के लिए अभियान

शेयर बाजार में निवेशकों की संख्या बढ़ने के साथ ऑनलाइन फ्रॉड और गलत निवेश सलाह का खतरा भी बढ़ा है. इसे देखते हुए सेबी निवेशकों को जागरूक करने के लिए कई कदम उठा रहा है.

इसी दिशा में 5 अक्टूबर को ‘समझ से Investing Simple’ अभियान शुरू किया गया था. इसके जरिए निवेशकों को निवेश से जुड़े जोखिम, धोखाधड़ी और सही वित्तीय फैसले लेने के बारे में जागरूक किया जा रहा है. सेबी का फोकस बाजार में पारदर्शिता बनाए रखने के साथ निवेशकों को सुरक्षित निवेश का माहौल उपलब्ध कराने पर है.

APL Apollo-Tata Steel सौदे पर भी रखी बात

कार्यक्रम के दौरान APL Apollo और Tata Steel के सौदे को लेकर भी सवाल पूछा गया. इस पर सेबी चेयरमैन ने कहा कि ऐसे मामलों में अल्पसंख्यक शेयरधारकों (Minority Shareholders) के हितों की सुरक्षा बेहद जरूरी है.

उन्होंने कहा कि इस तरह के सौदों में शामिल सभी पक्षों को रेगुलेटरी नियमों के दायरे में रहकर काम करना चाहिए. बाजार में पारदर्शिता और छोटे निवेशकों के हितों की रक्षा करना सेबी की प्राथमिकता है.

यह भी पढ़ें- दिसंबर में बदलेंगे पैसों से जुड़े कई नियम! SBI, HDFC और ICICI बैंक के ग्राहकों को लगेगा झटका, NPS और ITR की भी जरूरी तारीखें