TV9 NETWORK
User
Sign In

By signing in or creating an account, you agree with Associated Broadcasting Company's Terms & Conditions and Privacy Policy.

दिल्ली में ₹30 हजार प्रति वर्गफुट तक पहुंचे घरों के दाम, NCR के इन शहरों में ₹7 से 15 हजार में मिल रहे मकान

दिल्ली में लग्जरी घरों की कीमत 25 से 30 हजार रुपये प्रति वर्गफुट तक पहुंच गई है. सीमित जमीन और महंगी संपत्तियों के चलते खरीदार गुरुग्राम, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, गाजियाबाद और फरीदाबाद का रुख कर सकते हैं. NCR के कई इलाकों में 7 से 15 हजार रुपये प्रति वर्गफुट तक घर उपलब्ध हैं.

अपार्टमेंट Image Credit: FREE PIK

Highlights

  • दिल्ली के प्रमुख लग्जरी इलाकों में घरों की कीमत 25 से 30 हजार रुपये प्रति वर्गफुट तक पहुंच गई है.
  • नोएडा, ग्रेटर नोएडा, गाजियाबाद और फरीदाबाद के कई इलाकों में 7 से 15 हजार रुपये प्रति वर्गफुट तक घर उपलब्ध हैं.
  • MPD-2047 में पुनर्विकास के लिए न्यूनतम जमीन की सीमा 40,000 वर्ग मीटर से घटाकर 3,000 वर्ग मीटर किए जाने की जानकारी दी गई है.

दिल्ली में पुनर्विकास की योजनाओं से आने वाले समय में नए आवासीय परिसर विकसित होने की उम्मीद है. हालांकि, सीमित जमीन और घरों की कम आपूर्ति के कारण खरीदारों के लिए अपनी पसंद और बजट के मुताबिक घर तलाशना आसान नहीं होगा. पुनर्विकास के जरिए बनने वाले नए घरों के लग्जरी और अल्ट्रा लग्जरी श्रेणी में होने की संभावना है. ऐसे में दिल्ली में महंगी संपत्तियों और सीमित विकल्पों के बीच घर खरीदने वाले NCR के दूसरे शहरों में बेहतर विकल्प तलाश सकते हैं.

दिल्ली के प्रमुख लग्जरी इलाकों में घरों की कीमत 25 से 30 हजार रुपये प्रति वर्गफुट तक पहुंच रही है. वहीं, NCR के कई इलाकों में 7 से 15 हजार रुपये प्रति वर्गफुट तक घर उपलब्ध हैं. कीमतों का यह अंतर, बड़े घरों की उपलब्धता और बेहतर होती कनेक्टिविटी खरीदारों को गुरुग्राम, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, गाजियाबाद और फरीदाबाद की ओर आकर्षित कर सकती है.

क्रेडाई-गाजियाबाद के अध्यक्ष राकेश कुमार अग्रवाल के अनुसार, दिल्ली में घरों की बढ़ती कीमत और सीमित उपलब्धता के चलते खरीदार आसपास के शहरों में विकल्प तलाश रहे हैं. इन शहरों में इंफ्रास्ट्रक्चर का विकास और प्रॉपर्टी की कीमतों में बढ़ोतरी की संभावना भी खरीदारों को आकर्षित कर रही है. NCR में बड़े आवासीय परिसर, बढ़ता निवेश, औद्योगिक ढांचा, आधुनिक सुविधाएं और मेट्रो व रेल से बेहतर कनेक्टिविटी के साथ कीमतों का संतुलन लोगों को पसंद आ रहा है.

नोएडा-ग्रेटर नोएडा में बड़े घर और हरित क्षेत्र आकर्षण

नोएडा के स्पोर्ट्स सिटी, सेक्टर-79 और सेक्टर-150 सहित नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे के आसपास आईटी कंपनियों और कार्यालयों की मौजूदगी से बड़े और बहुआयामी आवासीय परिसरों की मांग बनी हुई है. नोएडा, ग्रेटर नोएडा और यमुना एक्सप्रेसवे के आसपास औद्योगिक और सामाजिक इंफ्रास्ट्रक्चर तेजी से विकसित हो रहा है. ऐसे में इन नए आवासीय क्षेत्रों में शुरुआती कीमत पर घर खरीदना दिल्ली के मुकाबले किफायती हो सकता है.

सोर्स के मुताबिक, पिछले एक दशक में यहां निवेश पर रिटर्न लगभग 300% तक रहा है. हालांकि, भविष्य में मिलने वाला रिटर्न बाजार और प्रोजेक्ट की स्थिति पर निर्भर करेगा.

आरजी ग्रुप के निदेशक हिमांशु गर्ग का मानना है कि नोएडा और ग्रेटर नोएडा अब केवल दिल्ली के विकल्प नहीं हैं, बल्कि अपने आप में बड़े आवासीय केंद्र के रूप में विकसित हो रहे हैं. बेहतर कनेक्टिविटी, चौड़ी सड़कें, मेट्रो नेटवर्क, शैक्षणिक संस्थान और रोजगार के अवसर घर खरीदारों को आकर्षित कर रहे हैं.

उनके मुताबिक, सेक्टर-150, एक्सप्रेसवे और ग्रेटर नोएडा वेस्ट का सेक्टर-1 ऐसे क्षेत्र हैं, जहां बड़े आकार के घर अपेक्षाकृत किफायती कीमत पर उपलब्ध हैं. आने वाले समय में इंफ्रास्ट्रक्चर के विस्तार से इन इलाकों में मांग और बढ़ सकती है.

गाजियाबाद और फरीदाबाद में किफायती घरों के विकल्प

मिड और अपर मिड इनकम वर्ग के खरीदारों के लिए गाजियाबाद और फरीदाबाद में भी घरों के विकल्प उपलब्ध हैं. गाजियाबाद में मेरठ रोड, NH-9 और ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेसवे के आसपास नए आवासीय क्षेत्र विकसित हो रहे हैं. वहीं, फरीदाबाद में अफोर्डेबल हाउसिंग पॉलिसी के तहत दिल्ली के मुकाबले अपेक्षाकृत कम कीमत पर बड़े घर मिलने से खरीदार आकर्षित हो रहे हैं.

डिलीजेंट बिल्डर्स के COO लेफ्टिनेंट कर्नल अश्वनी नागपाल (रिटायर्ड) के अनुसार, दिल्ली के मुकाबले नोएडा, ग्रेटर नोएडा और गाजियाबाद जैसे रियल एस्टेट बाजारों में घर खरीदने वालों के पास किफायती कीमत पर कई विकल्प हैं.

उन्होंने कहा कि खरीदार चौड़ी सड़कें, ग्रीन बेल्ट, बड़े पार्क, टाउनशिप, गेटेड कम्युनिटी और आधुनिक सुविधाओं से लैस हाउसिंग सोसाइटी पसंद कर रहे हैं. इसके अलावा पार्किंग, प्रीमियम स्कूल, अस्पताल, एयरपोर्ट, रैपिड रेल, मेट्रो और एक्सप्रेसवे से जुड़ी लोकेशन भी लोगों को आकर्षित कर रही हैं. बढ़ते निवेश और उद्योगों से रोजगार व कारोबार के नए अवसर पैदा हो रहे हैं. इससे दिल्ली के बाहर के शहरों में घर खरीदने की दिलचस्पी बढ़ रही है.

गुरुग्राम में लग्जरी घरों और बड़ी सोसाइटी की मांग

गुरुग्राम के गोल्फ कोर्स रोड, गोल्फ कोर्स एक्सटेंशन रोड, न्यू गुरुग्राम और द्वारका एक्सप्रेसवे पहले से ही लग्जरी आवास के प्रमुख केंद्र बने हुए हैं. इन इलाकों में बड़े आवासीय परिसर विकसित हुए हैं. क्लब, जिम और स्विमिंग पूल जैसी सुविधाएं, कॉरपोरेट कार्यालयों के नजदीक होना और बेहतर सड़क संपर्क महंगे घर खरीदने वाले लोगों को आकर्षित कर रहे हैं.

हार्मनी इंफ्रा के को-फाउंडर और एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर एचएस कंधारी के अनुसार, MPD-2047 में पुनर्विकास के लिए जरूरी न्यूनतम जमीन की सीमा 40,000 वर्ग मीटर से घटाकर 3,000 वर्ग मीटर कर दी गई है. इससे पुरानी DDA और कोऑपरेटिव सोसाइटियों को दोबारा विकसित करने का रास्ता खुल सकेगा.

उनका कहना है कि इन परियोजनाओं में बिल्डर की ओर से बेचे जाने वाले अतिरिक्त फ्लैट की कीमत दिल्ली के हिसाब से ही होगी. चाणक्यपुरी में NBCC की नीलामी से इन कीमतों का अंदाजा लगाया जा सकता है. इसका फायदा NCR के दूसरे शहरों को मिल सकता है. जिन खरीदारों को अपने बजट में दिल्ली में लग्जरी घर नहीं मिलेगा, वे गुरुग्राम, नोएडा और गाजियाबाद की ओर रुख कर सकते हैं. इनमें इंदिरापुरम भी एक विकल्प हो सकता है.

इसे भी पढ़ें- सोना सस्ता होने से गोल्ड लोन पर बढ़ा खतरा, RBI ने बढ़ाई निगरानी; IIFL-Bajaj Finance की भी बढ़ी चिंता