TV9 NETWORK
User
Sign In

By signing in or creating an account, you agree with Associated Broadcasting Company's Terms & Conditions and Privacy Policy.

वित्त मंत्रालय का अलर्ट! रफ्तार पकड़ रही भारत की इकोनॉमी, लेकिन शादी-त्योहार के सीजन में बढ़ सकती है महंगाई

भारतीय अर्थव्यवस्था मजबूत घरेलू मांग और निजी निवेश के सहारे आगे बढ़ रही है. हालांकि, त्योहारों और शादियों के सीजन में खरीदारी बढ़ने से आने वाले महीनों में खाने-पीने और दूसरी चीजों की कीमतों पर दबाव बढ़ सकता है.

भारतीय अर्थव्यवस्था Image Credit: Firdous Nazir/NurPhoto via Getty Images)

Highlights

  • रिपोर्ट के अनुसार, मजबूत घरेलू मांग और निजी निवेश के दम पर भारतीय अर्थव्यवस्था आगे बढ़ रही है.
  • शादी और त्योहारों में बढ़ती खरीदारी से खाने-पीने और दूसरी चीजों के दाम बढ़ सकते हैं.
  • अक्टूबर में खुदरा महंगाई 6.09% रही, जबकि विदेशी मुद्रा भंडार 705.3 अरब डॉलर पर पहुंचा.

Monthly Economic Review for November 2026: भारत की अर्थव्यवस्था की रफ्तार मजबूत बनी हुई है, लेकिन आने वाले महीनों में महंगाई लोगों की चिंता बढ़ा सकती है. वित्त मंत्रालय ने अपनी रिपोर्ट में कहा है कि त्योहारों और शादी-ब्याह के सीजन में खरीदारी बढ़ने से खाने-पीने और दूसरी चीजों के दाम बढ़ सकते हैं. अक्टूबर में खुदरा महंगाई दर 6.09% रही, जो रिजर्व बैंक की 6% की ऊपरी सीमा से भी ज्यादा है. यानी एक तरफ अर्थव्यवस्था आगे बढ़ रही है, तो दूसरी तरफ महंगाई का खतरा बना हुआ है.

मजबूत मांग और निवेश से अर्थव्यवस्था को सहारा

वित्त मंत्रालय की ‘मंथली इकोनॉमिक रिव्यू फॉर नवंबर 2026’ रिपोर्ट के अनुसार, भारत की अर्थव्यवस्था को घरेलू मांग, निजी निवेश और विनिर्माण क्षेत्र को मिल रहे नीतिगत समर्थन से मजबूती मिल रही है. अक्टूबर के आंकड़ों में ई-वे बिल, जीएसटी संग्रह, बिजली की खपत और माल ढुलाई में अच्छी बढ़ोतरी दर्ज की गई. ग्रामीण इलाकों में भी मांग मजबूत रहने के संकेत मिले हैं. वाहन बिक्री और दूसरे आर्थिक संकेतक भी बताते हैं कि देश में खरीदारी और कारोबार की गतिविधियां जारी हैं.

शादी और त्योहारों में खरीदारी बढ़ने से महंगाई का खतरा

वित्त मंत्रालय ने अपनी समीक्षा में कहा है कि त्योहारों और शादी-ब्याह के सीजन में फूड और नॉन-फूड प्रोडक्ट्स की मांग बढ़ सकती है. इसका असर आने वाले महीनों में खुदरा महंगाई पर पड़ने की आशंका है. रिपोर्ट के मुताबिक, नवंबर तक त्योहारों का सिलसिला जारी रहने और शादियों का सीजन शुरू होने से कीमतों में तेजी का जोखिम बना हुआ है. इसके अलावा प्रतिकूल बेस इफेक्ट और मौसम से जुड़ी अनिश्चितताएं भी महंगाई का दबाव बढ़ा सकती हैं.

अक्टूबर में 6.09% रही खुदरा महंगाई

अक्टूबर में देश की खुदरा महंगाई दर बढ़कर 6.09% पर पहुंच गई थी. यह दो साल में पहली बार रिजर्व बैंक की तय 6% की ऊपरी सीमा से ज्यादा रही. खाद्य महंगाई में तेजी और बेस इफेक्ट को इसकी बड़ी वजह बताया गया है. वित्त मंत्रालय के मुताबिक, नवंबर के आंकड़ों में भी बेस इफेक्ट का असर दिख सकता है. मजबूत अल नीनो की आशंका और मौसम में बदलाव से भी महंगाई पर दबाव बढ़ने का जोखिम है.

कच्चे तेल और वैश्विक तनाव से भी चुनौती

रिपोर्ट में पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष, होर्मुज स्ट्रेट से जहाजों की आवाजाही पर जोखिम और वैश्विक व्यापार नीतियों को लेकर अनिश्चितता को अर्थव्यवस्था के लिए चुनौती बताया गया है. इन वजहों से कच्चे तेल के आयात बिल और समुद्री माल ढुलाई की लागत में उतार-चढ़ाव हो सकता है. हालांकि, अगर कच्चे तेल की कीमतें 100 डॉलर प्रति बैरल से नीचे रहती हैं और रुपये की मजबूती बनी रहती है, तो आयातित महंगाई को काबू में रखने में मदद मिल सकती है.

मैन्युफैक्चरिंग और विदेशी मुद्रा भंडार की स्थिति मजबूत

औद्योगिक मोर्चे पर सितंबर में इंडस्ट्रियल प्रोडक्शन इंडेक्स 6.7% बढ़ा. वहीं, अक्टूबर 2026 में आठ प्रमुख उद्योगों के इंडेक्स में सालाना आधार पर 10.9% की वृद्धि दर्ज की गई. बाहरी व्यापार के मोर्चे पर अक्टूबर में कुल व्यापार घाटा और माल व्यापार घाटा कम हुआ. अप्रैल से अक्टूबर के दौरान भुगतान संतुलन सरप्लस में रहा. 13 नवंबर 2026 तक देश का विदेशी मुद्रा भंडार बढ़कर 705.3 अरब डॉलर हो गया, जो करीब 10 महीने के आयात के लिए पर्याप्त है.

यह भी पढ़ें: MSME सेक्टर को AI से होगा 685 अरब डॉलर का फायदा! RBI गवर्नर ने बताई भारतीय कंपनियों की बड़ी कमी