TV9 NETWORK
User
Sign In

By signing in or creating an account, you agree with Associated Broadcasting Company's Terms & Conditions and Privacy Policy.

कार ₹2 करोड़ की, लेकिन रोड टैक्स देने में कंजूसी! छोटे मकानों के पते पर हो रहा रजिस्ट्रेशन

महाराष्ट्र में भारी रोड टैक्स से बचने के लिए लग्जरी कार खरीदार दमन का रुख कर रहे हैं. ₹2 करोड़ की कार के रजिस्ट्रेशन पर मुंबई और दमन के बीच ₹20 लाख से ज्यादा का अंतर हो सकता है. आरोप है कि एजेंट किराये के पते और दस्तावेजों के जरिए रजिस्ट्रेशन में मदद कर रहे हैं. इस मामले ने टैक्स नियमों पर सवाल खड़े किए हैं.

कारों के रजिस्ट्रेशन पर लगने वाला भारी रोड टैक्स

Highlights

  • ₹2 करोड़ की CKD कार पर दमन में ₹20.28 लाख तक की बचत संभव है
  • एजेंट लग्जरी कार रजिस्ट्रेशन के लिए प्रति गाड़ी ₹2-3 लाख लेते हैं
  • दूसरे राज्य में रजिस्ट्रेशन वैध है, लेकिन वास्तविक पते के नियम जरूरी हैं

देश में लग्जरी कार खरीदने वाले अमीर ग्राहकों के बीच इन दिनों दमन एक नया ठिकाना बनता जा रहा है. इसकी वजह है कारों के रजिस्ट्रेशन पर लगने वाला भारी रोड टैक्स. मुंबई और महाराष्ट्र के दूसरे इलाकों में महंगी कार खरीदने वाले कुछ ग्राहक गाड़ी का रजिस्ट्रेशन दमन जैसे कम टैक्स वाले केंद्र शासित प्रदेशों में करा रहे हैं. इससे उन्हें लाखों रुपये की बचत हो रही है.

इस पूरे मामले में कार डीलर और एजेंट की भूमिका भी सामने आई है. आरोप है कि कुछ एजेंट ग्राहकों को दमन में किराये का पता और जरूरी दस्तावेज उपलब्ध कराकर गाड़ी का रजिस्ट्रेशन कराने में मदद कर रहे हैं. कई मामलों में छोटे मकानों और मामूली व्यावसायिक परिसरों के पते पर सैकड़ों लग्जरी कारों के रजिस्ट्रेशन की बात सामने आई है.

₹2 करोड़ की कार पर ₹20 लाख तक की बचत

महाराष्ट्र और दमन में रोड टैक्स के अंतर को समझने के लिए ₹2 करोड़ की लग्जरी कार का उदाहरण काफी है. अगर कोई ग्राहक मुंबई में ₹2 करोड़ की पूरी तरह विदेश से आयात की गई पेट्रोल कार (CBU) खरीदता है, तो उसका रजिस्ट्रेशन खर्च करीब ₹26.02 लाख बैठता है. वहीं, दमन में यही खर्च करीब ₹11 लाख है. यानी ग्राहक को लगभग ₹15 लाख की बचत हो सकती है.

इसी तरह, ₹2 करोड़ की CKD यानी विदेश में तैयार होकर भारत में असेंबल की गई कार के रजिस्ट्रेशन में मुंबई में करीब ₹26.02 लाख खर्च आता है, जबकि दमन में यह करीब ₹5.74 लाख है. इस तरह अंतर ₹20.28 लाख से ज्यादा हो जाता है.

कैसे काम करता है रजिस्ट्रेशन का पूरा खेल?

इसका तरीका काफी आसान बताया जा रहा है. मुंबई में ग्राहक लग्जरी कार खरीदता है, लेकिन डीलर से उसका स्थायी रजिस्ट्रेशन महाराष्ट्र में नहीं कराने को कहता है. पहले गाड़ी का टेंपरेरी रजिस्ट्रेशन कराया जाता है. इसके बाद एजेंट दमन में किराये का एग्रीमेंट और पते से जुड़े दस्तावेज तैयार कराने में मदद करता है.

इन्हीं दस्तावेजों के आधार पर गाड़ी का स्थायी रजिस्ट्रेशन दमन में कराया जाता है. इस पूरे काम के लिए एजेंट को प्रति गाड़ी करीब ₹2 से ₹3 लाख तक मिल सकते हैं. हालांकि, इस तरह के रजिस्ट्रेशन में सबसे अहम सवाल यह है कि ग्राहक का दमन में दिया गया पता वास्तविक निवास है या सिर्फ टैक्स बचाने के लिए इस्तेमाल किया गया दस्तावेज.

महाराष्ट्र में रोड टैक्स इतना महंगा क्यों?

महाराष्ट्र में पेट्रोल और डीजल कारों पर वन-टाइम मोटर व्हीकल टैक्स काफी ज्यादा है. दूसरी ओर, दादरा और नगर हवेली तथा दमन और दीव जैसे केंद्र शासित प्रदेशों में टैक्स की दरें कम हैं. यही अंतर लग्जरी कार खरीदने वालों को दूसरे राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में रजिस्ट्रेशन कराने के लिए आकर्षित कर रहा है.

इससे पहले पुडुचेरी भी दूसरे राज्यों के लग्जरी कार खरीदारों के लिए ऐसा ही लोकप्रिय ठिकाना बन चुका है. केरल में वहां रजिस्ट्रेशन कराई गई कई लग्जरी कारों की जांच हुई थी. अधिकारियों ने कथित तौर पर फर्जी स्थानीय पते के इस्तेमाल की शिकायतों के बाद कार्रवाई की थी.

क्या दूसरे राज्य में रजिस्ट्रेशन कराना गैरकानूनी है?

किसी एक राज्य में कार खरीदकर दूसरे राज्य में रजिस्ट्रेशन कराना अपने आप में गैरकानूनी नहीं है. लेकिन इसके लिए संबंधित राज्य के नियमों और दस्तावेजों की शर्तों को पूरा करना जरूरी है. अगर ग्राहक ने गलत पता या फर्जी रेंट एग्रीमेंट देकर रजिस्ट्रेशन कराया है, तो मामला गंभीर हो सकता है.

महाराष्ट्र सरकार के अधिकारियों का कहना है कि राज्य में रोड टैक्स की दरें ज्यादा होने के बावजूद टैक्स से बचने के लिए अस्थायी पते का इस्तेमाल करने वालों पर कार्रवाई होनी चाहिए. वहीं, ऑटोमोबाइल डीलर्स का मानना है कि अलग-अलग राज्यों के टैक्स में इतना बड़ा अंतर ही इस तरह के रजिस्ट्रेशन को बढ़ावा दे रहा है.

डीलर्स ने टैक्स स्ट्रक्चर में बदलाव की उठाई मांग

फेडरेशन ऑफ ऑटोमोबाइल डीलर्स एसोसिएशन (FADA) की महाराष्ट्र इकाई के चेयरपर्सन सचिन महाजन के मुताबिक, महाराष्ट्र और दमन जैसे केंद्र शासित प्रदेशों के बीच रोड टैक्स का बड़ा अंतर ग्राहकों को दूसरे स्थानों पर रजिस्ट्रेशन कराने के लिए आर्थिक रूप से आकर्षित करता है.

उनका मानना है कि सिर्फ जांच और कार्रवाई करने के बजाय सरकार को टैक्स स्ट्रक्चर को तर्कसंगत बनाने पर भी विचार करना चाहिए. इससे ग्राहकों को नियमों के तहत रजिस्ट्रेशन कराने के लिए प्रोत्साहन मिलेगा और राज्य के राजस्व को भी नुकसान नहीं होगा.

यह भी पढ़ें- वित्त मंत्रालय का अलर्ट! रफ्तार पकड़ रही भारत की इकोनॉमी, लेकिन शादी-त्योहार के सीजन में बढ़ सकती है महंगाई