₹89,999 में लॉन्च हुआ e-SPRINTO G1 इलेक्ट्रिक स्कूटर, 130 किमी तक की रेंज का दावा

e-SPRINTO ने G1 इलेक्ट्रिक स्कूटर को ₹89,999 की शुरुआती कीमत पर लॉन्च किया है. इसमें तीन बैटरी विकल्प, 130 किमी तक की दावा की गई रेंज और 50 किमी/घंटा तक की स्पीड मिलती है.

नया इलेक्ट्रिक स्कूटर Image Credit:

इलेक्ट्रिक स्कूटर खरीदने वालों के लिए नया विकल्प बाजार में आ गया है. भारतीय इलेक्ट्रिक टू-व्हीलर कंपनी e-SPRINTO ने अपना नया G1 इलेक्ट्रिक स्कूटर लॉन्च किया है. इसकी शुरुआती एक्स-शोरूम कीमत ₹89,999 रखी गई है. कंपनी ने इसे खासतौर पर भारतीय परिवारों और रोजाना आने-जाने वाले ग्राहकों को ध्यान में रखकर तैयार किया है. इसकी डिलीवरी 1 जनवरी 2027 से शुरू होने की उम्मीद है.

तीन बैटरी विकल्प, 130 किमी तक की रेंज

e-SPRINTO G1 को तीन वेरिएंट में पेश किया गया है. इसका 2.0 kW वेरिएंट ₹89,999, 2.5 kW वेरिएंट ₹94,999 और 3.0 kW वेरिएंट ₹99,999 की एक्स-शोरूम कीमत पर आता है.

कंपनी के मुताबिक, स्कूटर में तीन बैटरी विकल्प मिलते हैं, जिनसे 80 किमी, 100 किमी और 130 किमी तक की रेंज मिलने का दावा किया गया है. हालांकि वास्तविक रेंज सड़क, ट्रैफिक, वजन और राइडिंग स्टाइल जैसे कई कारकों पर निर्भर करेगी.

तीन राइडिंग मोड और 50 किमी/घंटा की टॉप स्पीड

G1 में तीन राइडिंग मोड दिए गए हैं. Eco मोड में स्कूटर की अधिकतम स्पीड 30 किमी/घंटा, City मोड में 40 किमी/घंटा और Sport मोड में 50 किमी/घंटा तक है. इससे ग्राहक अपनी जरूरत के हिसाब से राइडिंग मोड चुन सकते हैं.

स्कूटर में 150 किलोग्राम तक की लोडिंग क्षमता दी गई है. इसके अलावा 12-इंच ट्यूबलेस टायर और 165 mm ग्राउंड क्लीयरेंस मिलता है. कंपनी ने बैटरी को IP67 रेटिंग दी है, जिससे धूल और पानी से सुरक्षा का दावा किया गया है.

ब्रेकिंग और नेविगेशन जैसे फीचर्स

e-SPRINTO G1 में Combi Braking System (CBS) और डिजिटल डिस्प्ले दिया गया है. स्कूटर में नेविगेशन फीचर भी उपलब्ध है, लेकिन इसके लिए ग्राहकों को ऑप्शनल सब्सक्रिप्शन लेना होगा.

कंपनी का कहना है कि G1 को रोजाना इस्तेमाल और परिवार की जरूरतों को ध्यान में रखकर विकसित किया गया है. इसके विकास में करीब दो साल का रिसर्च और डेवलपमेंट किया गया है.

चार रंगों में मिलेगा स्कूटर

e-SPRINTO G1 को चार कलर ऑप्शन में खरीदा जा सकेगा. इनमें Charcoal Black, Slate Grey, Horizon Blue और Pine Green शामिल हैं.

कंपनी के अनुसार, वह अब तक मुख्य रूप से B2B और फ्लीट ग्राहकों के लिए इलेक्ट्रिक टू-व्हीलर उपलब्ध कराती रही है. कंपनी का दावा है कि उसके 70,000 से ज्यादा इलेक्ट्रिक दोपहिया वाहन भारतीय सड़कों पर चल रहे हैं. अब G1 के जरिए कंपनी ने B2C यानी आम ग्राहकों के बाजार में कदम रखा है.

1 जनवरी 2027 से शुरू होगी डिलीवरी

e-SPRINTO G1 की बुकिंग और अन्य जानकारी के लिए ग्राहक कंपनी की वेबसाइट पर पूछताछ कर सकते हैं. इसकी ग्राहक डिलीवरी 1 जनवरी 2027 से शुरू करने की योजना है. कंपनी का फोकस आने वाले समय में डीलरशिप नेटवर्क और बिक्री के बाद की सर्विस को मजबूत करने पर भी रहेगा.