Royal Enfield को टक्कर देने आई Honda की नई 501cc बाइक! कीमत 2.75 लाख रुपये से शुरू
Honda ने भारत में नई CB500 मोटरसाइकिल लॉन्च कर दी है. इसकी शुरुआती कीमत 2.75 लाख रुपये रखी गई है. बाइक में 501 सीसी का इंजन और तीन वेरिएंट का विकल्प मिलेगा.

भारतीय बाजार में Honda ने अपनी नई मोटरसाइकिल CB500 लॉन्च कर दी है. कंपनी ने इसे 2.75 लाख रुपये की शुरुआती एक्स-शोरूम कीमत पर पेश किया है. खास बात यह है कि इस बाइक में 501 सीसी का बड़ा सिंगल सिलेंडर इंजन दिया गया है. कंपनी ने इसे तीन अलग-अलग वेरिएंट में उतारा है. बाइक में दमदार इंजन के साथ कई हाईटेक फीचर्स भी मिलते हैं. इसकी बुकिंग शुरू हो चुकी है और कंपनी की योजना 2026 के अंत से पहले इसकी डिलीवरी शुरू करने की है.
Honda CB500 की कीमत
Honda CB500 को कंपनी ने तीन वेरिएंट में पेश किया है. इसके बेस Alloy वेरिएंट की कीमत 2.75 लाख रुपये रखी गई है. वहीं, Spoke वेरिएंट के लिए 3 लाख रुपये खर्च करने होंगे. इसका सबसे महंगा वेरिएंट Spoke With Stripes है, जिसकी कीमत 3.02 लाख रुपये है. ये सभी कीमतें एक्स-शोरूम हैं. बेस मॉडल में अलॉय व्हील मिलते हैं, जबकि बाकी दोनों वेरिएंट में क्रॉस-स्पोक ट्यूबलेस रिम दिए गए हैं. टॉप मॉडल में खास रंग और ग्राफिक्स भी मिलते हैं.
तीन वेरिएंट में मिलेंगे अलग-अलग रंग और डिजाइन
Honda CB500 के तीनों वेरिएंट में रंग और पहियों के विकल्प अलग-अलग मिलेंगे. Alloy वेरिएंट Pearl Igneous Black और Pearl Deep Ground Gray रंग में उपलब्ध है. वहीं, Spoke वेरिएंट में Rebel Red Metallic और Matt Steel Silver Metallic रंग का विकल्प मिलेगा. इसके टॉप Spoke With Stripes वेरिएंट में Pearl Igneous Black रंग के साथ खास स्ट्राइप ग्राफिक्स दिए गए हैं. इस तरह ग्राहक अपनी पसंद और बजट के हिसाब से बाइक का वेरिएंट चुन सकते हैं.
501cc का इंजन देता है 28hp की पावर
Honda CB500 में 501 सीसी का नया सिंगल सिलेंडर इंजन दिया गया है. यह एयर और ऑयल कूल्ड इंजन है, जो 5,250 आरपीएम पर 28 एचपी की पावर और 3,750 आरपीएम पर 43.3 एनएम का टॉर्क जनरेट करता है. कंपनी ने इसमें 5 स्पीड गियरबॉक्स दिया है. इसके साथ स्लिप और असिस्ट क्लच भी मिलता है. यह इंजन कम आरपीएम पर बेहतर ताकत देने के लिए तैयार किया गया है. भारतीय बाजार में यह Honda की सबसे बड़ी एयर कूल्ड सिंगल सिलेंडर मोटरसाइकिल है.
बाइक में मिलेंगे कई हाईटेक फीचर्स
फीचर्स की बात करें तो Honda CB500 में एनालॉग और डिजिटल इंस्ट्रूमेंट कंसोल दिया गया है. इसके अलावा Honda Selectable Torque Control (HSTC) और Honda RoadSync कनेक्टिविटी की सुविधा भी मिलती है. बाइक में स्लिपर क्लच दिया गया है, जो गियर बदलने के दौरान बेहतर कंट्रोल में मदद करता है. ब्रेकिंग के लिए दोनों पहियों में डिस्क ब्रेक और डुअल चैनल एबीएस मिलता है. सस्पेंशन के लिए आगे टेलीस्कोपिक फोर्क और पीछे प्रीलोड एडजस्टेबल गैस चार्ज्ड ट्विन शॉक दिए गए हैं.
वजन 189 किलो, ग्राउंड क्लीयरेंस 168mm
Honda CB500 का वजन 189 किलोग्राम है. वहीं, इसका ग्राउंड क्लीयरेंस 168 mm रखा गया है, जिससे भारतीय सड़कों पर इसे चलाने में मदद मिल सकती है. बाइक में आगे 19 इंच और पीछे 17 इंच का पहिया दिया गया है. इसका डिजाइन क्लासिक रोडस्टर स्टाइल में तैयार किया गया है. कंपनी ने इसकी बुकिंग शुरू कर दी है और 2026 के अंत से पहले ग्राहकों को इसकी डिलीवरी मिलने की उम्मीद है.
यह भी पढ़ें: लंबे सफर का शौक है तो देख लें ये 5 सबसे सस्ती Adventure Bikes, 40kmpl तक माइलेज