10 साल बाद नए अवतार में आ रही Toyota Fortuner, 1 दिसंबर को उठेगा पर्दा; मिलेंगे कई नए फीचर्स
Toyota अपनी लोकप्रिय SUV Fortuner को करीब 10 साल बाद नए अवतार में पेश करने जा रही है. नई Fortuner का ग्लोबल डेब्यू 1 दिसंबर 2026 को होगा. इसमें नया डिजाइन, बड़ी स्क्रीन, ADAS और माइल्ड-हाइब्रिड तकनीक मिलने की उम्मीद है.

अगर आप Toyota Fortuner खरीदने की तैयारी कर रहे हैं तो आपके लिए अच्छी खबर है. कंपनी अपनी इस पॉपुलर SUV की नई जनरेशन लाने जा रही है. नई Toyota Fortuner को 1 दिसंबर 2026 को दक्षिण अफ्रीका में दुनिया के सामने पेश किया जाएगा. करीब 10 साल बाद SUV में बड़ा बदलाव देखने को मिलेगा. इसमें बाहर से लेकर केबिन तक कई बदलाव किए जा सकते हैं. नई SUV में 12.3 इंच की दो स्क्रीन, 360 डिग्री कैमरा और Level-2 ADAS जैसे फीचर्स मिल सकते हैं. भारत में इसे 2027 में लॉन्च किए जाने की उम्मीद है.
1 दिसंबर को होगा नई Fortuner का ग्लोबल डेब्यू
Toyota की नई जनरेशन Fortuner का ग्लोबल डेब्यू 1 दिसंबर 2026 को दक्षिण अफ्रीका में होने वाला है. इसके बाद कंपनी इसे भारत में Bharat Mobility Global Expo 2027 में भी दिखा सकती है. करीब 10 साल बाद Fortuner को पूरी तरह नए अंदाज में पेश किया जाएगा. यह SUV लंबे समय से चर्चा में है. नए मॉडल में डिजाइन, फीचर्स और टेक्नोलॉजी के स्तर पर कई बड़े बदलाव देखने को मिल सकते हैं.
पहले से ज्यादा दमदार होगा SUV का डिजाइन
नई Fortuner का लुक मौजूदा मॉडल से काफी अलग हो सकता है. इसका डिजाइन नई Toyota Hilux और कंपनी की ग्लोबल SUV 4Runner से मिलता-जुलता रहने की उम्मीद है. आगे की तरफ चौड़ा और सीधा डिजाइन, फ्लैट बोनट और बड़ी मेश डिजाइन वाली ग्रिल मिल सकती है. इसके अलावा पतले DRLs के साथ स्प्लिट LED हेडलाइट्स दी जा सकती हैं. पीछे की तरफ नई LED टेललाइट्स, बदला हुआ टेलगेट और नया बंपर देखने को मिल सकता है.
केबिन में मिलेंगी दो बड़ी 12.3 इंच की स्क्रीन
नई Fortuner के अंदर भी कई बदलाव होने की उम्मीद है. इसमें नए डिजाइन का डैशबोर्ड दिया जा सकता है. SUV में 12.3 इंच का टचस्क्रीन इन्फोटेनमेंट सिस्टम और 12.3 इंच का डिजिटल इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर मिल सकता है. इसके अलावा आगे की सीटों में वेंटिलेशन और इलेक्ट्रिक एडजस्टमेंट की सुविधा दी जा सकती है. पार्किंग को आसान बनाने के लिए 360 डिग्री कैमरा भी मिलने की उम्मीद है.
ADAS के साथ मिलेगा माइल्ड-हाइब्रिड इंजन
नई Fortuner को अपडेटेड IMV लैडर-फ्रेम प्लेटफॉर्म पर तैयार किया जा सकता है. इंजन के तौर पर इसमें मौजूदा 2.8 लीटर टर्बो डीजल और 2.7 लीटर पेट्रोल इंजन जारी रहने की उम्मीद है. खास बात यह है कि डीजल इंजन के साथ 48V Neo Drive माइल्ड-हाइब्रिड तकनीक मिल सकती है. गियरबॉक्स में 6-स्पीड मैन्युअल और 6-स्पीड टॉर्क कन्वर्टर ऑटोमैटिक का विकल्प दिया जा सकता है. इसके अलावा लो-रेंज 4WD सिस्टम और Toyota Safety Sense के तहत Level-2 ADAS भी मिल सकता है.
भारत में कब आएगी नई Toyota Fortuner?
भारत में नई जनरेशन Toyota Fortuner के 2027 में आने की उम्मीद है. कंपनी इससे पहले इसे Bharat Mobility Global Expo 2027 में पेश कर सकती है. हालांकि, भारतीय बाजार में आने वाले मॉडल के इंजन, फीचर्स और लॉन्च की सही तारीख के बारे में अभी आधिकारिक जानकारी नहीं दी गई है. ऐसे में भारतीय ग्राहकों को इसके लिए थोड़ा इंतजार करना पड़ सकता है.
यह भी पढ़ें: Tata Cars Price Hike: ICE और EV दोनों की बढ़ेगी कीमतें, 1 दिसंबर से महंगी हो जाएगी गाड़ियां