नौकरी नहीं, अपना बिजनेस करना चाहते हैं 85% भारतीय, Gen Z के 94% युवा भी शामिल; ये है वजह
नई स्टडी के मुताबिक, 85% भारतीय अपना कारोबार शुरू करना चाहते हैं. इसमें Gen Z सबसे आगे है, जिसके 94% युवा उद्यमी बनना चाहते हैं. AI और सोशल मीडिया ने भी बिजनेस शुरू करना पहले से आसान बना दिया है.

भारत में करियर को लेकर लोगों की सोच बदल रही है. अब बड़ी संख्या में युवा और नौकरीपेशा लोग किसी कंपनी में काम करने के बजाय अपना बिजनेस शुरू करना चाहते हैं. LinkedIn की नई रिसर्च में सामने आया है कि सर्वे में शामिल 85% भारतीय अपना कारोबार शुरू करना चाहते हैं. खास बात यह है कि Gen Z के 94% और Millennials के 90% लोगों की भी यही इच्छा है. इनमें से 70% Gen Z युवा अगले तीन साल में अपना बिजनेस या साइड बिजनेस शुरू करने की योजना बना रहे हैं. इस बदलाव के पीछे ज्यादा कमाई, काम करने की आजादी, सोशल मीडिया और AI जैसी तकनीक की बड़ी भूमिका है.
नौकरी से ज्यादा अपना बिजनेस करने में दिलचस्पी
LinkedIn की स्टडी के मुताबिक, भारतीयों में खुद का कारोबार शुरू करने की इच्छा दूसरे देशों के मुकाबले काफी ज्यादा है. सर्वे में शामिल 85% भारतीयों ने उद्यमी बनने की इच्छा जताई. यह छह देशों के औसत से करीब दोगुना है.
वहीं, 86% भारतीयों का मानना है कि पांच साल पहले के मुकाबले आज बिजनेस शुरू करने के ज्यादा मौके हैं. इससे पता चलता है कि लोग अब नौकरी के साथ-साथ खुद का काम शुरू करने को भी करियर का अच्छा विकल्प मान रहे हैं.
Gen Z सबसे आगे, तीन साल में शुरू करना चाहते हैं बिजनेस
अपना कारोबार शुरू करने की इच्छा रखने वालों में Gen Z सबसे आगे है. स्टडी के मुताबिक, 94% Gen Z और 90% Millennials अपना बिजनेस करना चाहते हैं. खास बात यह है कि करीब 70% Gen Z अगले तीन साल के अंदर अपना बिजनेस या साइड हसल शुरू करने की योजना बना रहे हैं.
LinkedIn के प्लेटफॉर्म डेटा के अनुसार, 2022 के बाद अपनी प्रोफाइल में Founder लिखने वाले सदस्यों की संख्या 190% बढ़ी है. Gen Z सदस्यों में यह बढ़ोतरी 383% रही है.
सोशल मीडिया ने आसान किया बिजनेस शुरू करना
आज के समय में बिजनेस शुरू करने के लिए केवल बड़ी दुकान या ऑफिस होना जरूरी नहीं है. सोशल मीडिया की मदद से छोटे कारोबारी भी अपने प्रोडक्ट और सर्विस ज्यादा लोगों तक पहुंचा सकते हैं.
सर्वे में 74% भारतीयों ने माना कि सोशल मीडिया के कारण ग्राहकों तक पहुंचना आसान हुआ है. वहीं, 63% लोगों का कहना है कि अब बिजनेस से जुड़ी जानकारी और सीखने के संसाधन आसानी से उपलब्ध हैं. इससे नए लोगों के लिए कारोबार शुरू करने का रास्ता आसान हुआ है.
AI की मदद से कम पैसे में शुरू हो रहा कारोबार
छोटे कारोबारियों के लिए AI भी एक बड़ा सहारा बनकर उभरा है. स्टडी में शामिल भारतीय छोटे बिजनेस फाउंडर्स में 10 में से 9 से ज्यादा AI का इस्तेमाल कर रहे हैं. AI और डिजिटल टूल्स से फायदा पाने वाले 36% कारोबारियों ने कहा कि अब वे ऐसी सर्विस या प्रोडक्ट भी दे पा रहे हैं, जिन्हें पहले देना संभव नहीं था. वहीं, 23% फाउंडर्स का कहना है कि AI की मदद नहीं होती तो उन्हें बिजनेस शुरू करने या चलाने के लिए ज्यादा पैसे की जरूरत पड़ती.
अपना बिजनेस क्यों करना चाहते हैं भारतीय?
रिपोर्ट में कारोबार शुरू करने की वजह भी बताई गई है. सर्वे में शामिल 56% भारतीय कारोबारियों ने कहा कि वे अपनी मर्जी से काम करना चाहते हैं. वहीं, 52% लोगों के लिए ज्यादा कमाई की संभावना अहम वजह है.
इसके अलावा 49% लोग काम में ज्यादा आजादी और अपने फैसले खुद लेने के लिए बिजनेस करना चाहते हैं. वहीं, 41% लोगों का मकसद दूसरों को रोजगार देना भी है. रिपोर्ट के मुताबिक, 75% भारतीय छोटे बिजनेस मालिकों के पास कमाई के एक से ज्यादा साधन हैं.
छह देशों के 12 हजार लोगों पर हुआ सर्वे
LinkedIn के लिए यह रिसर्च अक्टूबर 2026 में Censuswide ने की थी. इसमें भारत, अमेरिका, ब्रिटेन, फ्रांस, जर्मनी और ऑस्ट्रेलिया के कुल 12,000 लोगों को शामिल किया गया. इसके अलावा इन छह देशों के 6,000 फाउंडर्स, उद्यमियों और छोटे कारोबारियों का अलग सर्वे भी किया गया. रिपोर्ट के आंकड़े बताते हैं कि भारत में नौकरी के साथ-साथ अपना कारोबार शुरू करने और खुद का ब्रांड बनाने की इच्छा तेजी से बढ़ रही है.
यह भी पढ़ें: डिजिटल अरेस्ट में पैसे डूबे तो बैंक देगा मुआवजा! RBI के नए नियमों में मिलेंगे 25 हजार रुपये तक