Boeing Layoffs: बोइंग में फिर छंटनी की तैयारी, 2500 कर्मचारियों की जा सकती है नौकरी, जानें क्या है वजह

दुनिया की दिग्गज एयरक्राफ्ट मैन्युफैक्चरिंग कंपनी बोइंग एक बार फिर बड़े पैमाने पर छंटनी की तैयारी कर रही है. कंपनी अपने कमर्शियल एयरप्लेन डिवीजन के करीब 5 फीसदी कर्मचारियों की संख्या घटाएगी. इस फैसले से लगभग 2500 कर्मचारियों की नौकरी पर असर पड़ सकता है. कंपनी दिसंबर से कर्मचारियों को छंटनी के नोटिस भेज सकती है.

बोइंग अपने कमर्शियल एयरप्लेन डिवीजन के 5% कर्मचारियों की संख्या घटाएगी. Image Credit: skaman306/Moment/Getty Images

दुनिया की दिग्गज एयरक्राफ्ट मैन्युफैक्चरिंग कंपनी बोइंग (Boeing) में एक बार फिर बड़े पैमाने पर छंटनी की तैयारी है. कंपनी अपने कमर्शियल एयरप्लेन डिवीजन के करीब 5 फीसदी कर्मचारियों की संख्या घटाने जा रही है. इस फैसले से लगभग 2500 कर्मचारियों की नौकरी पर असर पड़ सकता है. खास बात यह है कि कंपनी ने यह कदम ऐसे समय उठाया है, जब वह एयरक्राफ्टों का प्रोडक्शन बढ़ाने और अपनी कारोबारी स्थिति सुधारने की कोशिश कर रही है. लेकिन प्रोडक्शन में देरी और सप्लाई चेन से जुड़ी चुनौतियां कंपनी की रिकवरी की राह में रुकावट बन रही हैं.

रॉयटर्स की रिपोर्ट के मुताबिक, बोइंग के कमर्शियल एयरप्लेन डिवीजन की प्रमुख स्टेफनी पोप (Stephanie Pope) ने सोमवार को कर्मचारियों को भेजे एक आंतरिक मेमो में इस फैसले की जानकारी दी. कंपनी कर्मचारियों की संख्या घटाने के लिए स्वैच्छिक रूप से नौकरी छोड़ने और जबरन छंटनी, दोनों तरीकों का इस्तेमाल करेगी.

दिसंबर से मिल सकते हैं छंटनी के नोटिस

बोइंग में कर्मचारियों की छंटनी की प्रक्रिया चरणबद्ध तरीके से पूरी की जाएगी. कंपनी के इंटरनल मेमो के मुताबिक, कर्मचारियों को दिसंबर से छंटनी के नोटिस मिलने शुरू हो सकते हैं. अमेरिका के कई राज्यों में कंपनियों के लिए कर्मचारियों को नौकरी से निकालने से 60 दिन पहले नोटिस देना जरूरी होता है.

बोइंग के कमर्शियल एयरप्लेन डिवीजन में दिसंबर 2025 तक 50494 कर्मचारी काम कर रहे थे. ऐसे में इस डिवीजन के 5 फीसदी कर्मचारियों की छंटनी का मतलब करीब 2500 नौकरियों पर असर पड़ना है.

क्यों छंटनी कर रही है बोइंग?

बोइंग की ओर से कर्मचारियों की संख्या घटाने के पीछे एयरक्राफ्ट प्रोडक्शन की रफ्तार में बदलाव को वजह बताया गया है. कंपनी के कमर्शियल एयरप्लेन डिवीजन की प्रमुख स्टेफनी पोप ने मेमो में कहा कि प्रोडक्शन बढ़ाने की रफ्तार को नए सिरे से तय करने की जरूरत है, ताकि फैक्ट्रियों और सप्लाई चेन से जुड़े साझेदारों को स्थिरता हासिल करने के लिए ज्यादा समय मिल सके.

उन्होंने कहा कि प्रोडक्शन कार्यक्रम में बदलाव और एयरक्राफ्टों की संख्या घटाने के कारण कंपनी के पास जरूरत से ज्यादा कर्मचारी हो गए हैं. ऐसे में कर्मचारियों की संख्या कम करना जरूरी हो गया है.

737 एयरक्राफ्ट प्रोडक्शन का टारगेट

बोइंग के सामने सबसे बड़ी चुनौती अपने लोकप्रिय 737 जेट एयरक्राफ्टों का प्रोडक्शन बढ़ाने की है. कंपनी के CEO केली ऑर्टबर्ग ने पिछले महीने कहा था कि बोइंग 2026 में 737 एयरक्राफ्टों के प्रोडक्शन और डिलीवरी से जुड़े अपने लक्ष्य हासिल नहीं कर पाएगी.

कंपनी अब 2027 की शुरुआत तक हर महीने 47 एयरक्राफ्ट बनाने की प्रोडक्शन क्षमता हासिल करने की उम्मीद कर रही है. इससे पहले कंपनी ने यह लक्ष्य गर्मियों 2026 तक पूरा

करने का अनुमान लगाया था.

बोइंग को अपने 787 वाइडबॉडी एयरक्राफ्टों का प्रोडक्शन बढ़ाने में भी परेशानी हो रही है. कंपनी हर महीने 8 से बढ़ाकर 10 एयरक्राफ्ट बनाने की योजना पर काम कर रही है, लेकिन इसमें भी चुनौतियां बनी हुई हैं. इसके अलावा 767 और 777 एयरक्राफ्ट कार्यक्रमों में भी रुकावटें सामने आई हैं.

यह भी पढ़ें- Surf Excel, Rin और Wheel खरीदना हुआ महंगा, HUL ने 11% तक बढ़ाए दाम, देखें नई कीमतें

2029 तक 10 अरब डॉलर फ्री कैश फ्लो का लक्ष्य

बोइंग के लिए वित्तीय मोर्चे पर भी चुनौतियां बनी हुई हैं. कंपनी के CEO केली ऑर्टबर्ग के मुताबिक, बोइंग को 10 अरब डॉलर का फ्री कैश फ्लो हासिल करने में 2029 तक का समय लग सकता है. इससे पहले कंपनी के इस लक्ष्य को 2028 तक पूरा करने की उम्मीद थी.

गौरतलब है कि बोइंग में इससे पहले 2024 में भी बड़े पैमाने पर छंटनी हुई थी. उस दौरान कंपनी ने करीब 17,000 कर्मचारियों को नौकरी से निकाला था. उस समय कंपनी मशीनिस्टों की हड़ताल और अलास्का एयरलाइन के 737 मैक्स 9 एयरक्राफ्ट में दरवाजे के आकार के पैनल के उड़ान के दौरान अलग होने की घटना के बाद गंभीर वित्तीय दबाव का सामना कर रही थी. अब प्रोडक्शन से जुड़ी चुनौतियों के बीच कंपनी एक बार फिर कर्मचारियों की संख्या घटाने जा रही है.