TV9 NETWORK
User
Sign In

By signing in or creating an account, you agree with Associated Broadcasting Company's Terms & Conditions and Privacy Policy.

Surf Excel, Rin और Wheel खरीदना हुआ महंगा, HUL ने 11% तक बढ़ाए दाम, देखें नई कीमतें

हिंदुस्तान यूनिलीवर ने Surf Excel, Rin और Wheel समेत अपने कई होम केयर प्रोडक्ट्स की कीमतें बढ़ा दी हैं. कंपनी ने अलग-अलग पैक साइज के हिसाब से 1 रुपये से 10 रुपये तक दाम बढ़ाए हैं. कुछ प्रोडक्ट्स की कीमतों में 11 फीसदी तक का इजाफा हुआ है. इसके अलावा Moti Gulab साबुन भी 8 रुपये महंगा हो गया है. जानिए अब आपके पसंदीदा डिटर्जेंट और साबुन की नई कीमतें कितनी हो गई हैं.

एचयूएल का मुनाफा घटा. Image Credit: Getty image

Highlights

  • Surf Excel, Rin और Wheel के दाम 1 से 10 रुपये तक बढ़े.
  • Moti Gulab साबुन की कीमत 74 रुपये से बढ़कर 82 रुपये हुई.
  • HUL ने बढ़ती इनपुट लागत के दबाव के बीच कीमतों में इजाफा किया.

Surf Excel, Rin और Wheel जैसे डिटर्जेंट को अब खरीदने के लिए ज्यादा पैसे खर्च करने होंगे. देश की दिग्गज FMCG कंपनी हिंदुस्तान यूनिलीवर (HUL) ने अपने कई होम केयर प्रोडक्ट्स की कीमतों में बढ़ोतरी कर दी है. कंपनी ने अलग-अलग पैक साइज के हिसाब से इनकी अधिकतम खुदरा कीमत (MRP) में 1 रुपये से लेकर 10 रुपये तक का इजाफा किया है. कुछ प्रोडक्ट्स की कीमतें 11 फीसदी तक बढ़ाई गई हैं. इसके अलावा कंपनी ने Moti Gulab साबुन को भी महंगा कर दिया है.

इसका सीधा असर आपके घर के मासिक बजट पर पड़ेगा. खासकर अगर आप हर महीने डिटर्जेंट और साबुन खरीदते हैं, तो अब पहले के मुकाबले ज्यादा रकम खर्च करनी होगी. ऐसे में खरीदारी करने से पहले जान लीजिए कि आपके रोजाना इस्तेमाल वाले प्रोडक्ट की कीमत कितनी बढ़ गई है.

Surf Excel के किस पैक के लिए कितने पैसे देने होंगे?

HUL ने अपने लोकप्रिय ब्रांड Surf Excel के कई प्रोडक्ट्स के दाम बढ़ाए हैं. Surf Excel Quick Wash का 1 किलो वाला पैक अब 235 रुपये के बजाय 245 रुपये में मिलेगा. यानी इसकी कीमत में 10 रुपये की बढ़ोतरी हुई है. वहीं, 500 ग्राम वाले पैक के लिए अब 123 रुपये की जगह 128 रुपये खर्च करने होंगे.

Surf Excel Easy Wash का 1 किलो वाला पैक भी 5 रुपये महंगा हो गया है. इसकी कीमत 167 रुपये से बढ़कर 172 रुपये हो गई है. वहीं, 500 ग्राम वाले पैक का दाम 85 रुपये से बढ़ाकर 87 रुपये कर दिया गया है.

Surf Excel के बार की कीमत भी बढ़ी है. 250 ग्राम वाला बार अब 42 रुपये के बजाय 45 रुपये में मिलेगा. वहीं, चार बार वाले बंडल (प्रत्येक 200 ग्राम) की कीमत 145 रुपये से बढ़ाकर 155 रुपये कर दी गई है.

Rin और Wheel के दाम भी बढ़े

कंपनी ने Rin और Wheel डिटर्जेंट के अलग-अलग पैक की कीमतों में भी इजाफा किया है. Rin Ala के 500 मिलीलीटर पैक के लिए अब 90 रुपये के बजाय 95 रुपये देने होंगे. Rin डिटर्जेंट पाउडर का 1 किलो वाला पैक 120 रुपये से बढ़कर 123 रुपये का हो गया है. वहीं, 500 ग्राम वाले पैक की कीमत 61 रुपये से बढ़कर 63 रुपये हो गई है.

Wheel डिटर्जेंट पाउडर का 1 किलो वाला पैक अब 90 रुपये के बजाय 93 रुपये में मिलेगा. इसके 500 ग्राम वाले पैक की कीमत भी 46 रुपये से बढ़कर 47 रुपये हो गई है. यानी कम कीमत वाले डिटर्जेंट खरीदने वाले ग्राहकों को भी अब ज्यादा पैसे खर्च करने होंगे.

HUL के प्रोडक्ट्स की नई कीमतें

प्रोडक्टपैक साइजपुरानी कीमतनई कीमतबढ़ोतरी
Surf Excel Quick Wash1 किलो₹235₹245₹10
Surf Excel Quick Wash500 ग्राम₹123₹128₹5
Surf Excel Easy Wash1 किलो₹167₹172₹5
Surf Excel Easy Wash500 ग्राम₹85₹87₹2
Surf Excel Bar250 ग्राम₹42₹45₹3
Surf Excel Bar Bundle4 × 200 ग्राम₹145₹155₹10
Rin Ala500 मिलीलीटर₹90₹95₹5
Rin Detergent Powder1 किलो₹120₹123₹3
Rin Detergent Powder500 ग्राम₹61₹63₹2
Wheel Detergent Powder1 किलो₹90₹93₹3
Wheel Detergent Powder500 ग्राम₹46₹47₹1
Moti Gulab Soap150 ग्राम₹74₹82₹8

Moti Gulab साबुन भी 8 रुपये महंगा

HUL ने अपने साबुन ब्रांड Moti के Gulab वेरिएंट की कीमत में भी बढ़ोतरी की है. इसके 150 ग्राम वाले पैक का दाम 74 रुपये से बढ़ाकर 82 रुपये कर दिया गया है. यानी इस साबुन को खरीदने के लिए अब आपको 8 रुपये ज्यादा देने होंगे. प्रतिशत के लिहाज से इसकी कीमत में 10 फीसदी से ज्यादा की बढ़ोतरी हुई है.

ये भी पढ़ें– Bank Holiday: आज 7 शहरों में बैंक बंद, कल भी 6 शहरों में नहीं होगा काम, देखें पूरी लिस्ट

क्यों बढ़ाए HUL ने प्रोडक्ट्स के दाम?

HUL ने यह कीमतें ऐसे समय बढ़ाई हैं, जब FMCG कंपनियां कच्चे माल और दूसरी कमोडिटी की बढ़ती लागत का सामना कर रही हैं. इनपुट कॉस्ट में इजाफे से कंपनियों के मुनाफे पर दबाव पड़ रहा है. ऐसे में कंपनियां अपनी लागत का कुछ बोझ ग्राहकों पर डाल रही हैं, ताकि मार्जिन को बनाए रखा जा सके.

पिछले महीने HUL की मैनेजिंग डायरेक्टर और CEO प्रिया नायर ने भी कहा था कि कंपनी इनपुट लागत में होने वाले बदलाव के आधार पर कीमतों में सोच-समझकर बढ़ोतरी करती रहेगी. उनका कहना था कि कमोडिटी महंगाई अब भी एक चुनौती बनी हुई है, जबकि मांग में मजबूती कायम है. ऐसे में HUL की ताजा कीमत बढ़ोतरी इसी लागत के दबाव के बीच आई है.