TV9 NETWORK
User
Sign In

By signing in or creating an account, you agree with Associated Broadcasting Company's Terms & Conditions and Privacy Policy.

AI की दुनिया में जासूसी का शक! Nvidia, Alibaba और सिंगापुर की Megaspeed का क्या है कनेक्शन?

Nvidia के CEO जेनसन हुआंग चीन से जुड़े जासूसी विवाद को लेकर चर्चा में हैं. सिंगापुर की AI कंपनी Megaspeed की पूर्व अधिकारी एलिस हुआंग पर चीन के लिए जानकारी जुटाने का संदेह जताया गया है. Megaspeed ने 40 हजार करोड़ रुपये से ज्यादा के Nvidia चिप खरीदे हैं. अमेरिका और सिंगापुर में कंपनी के कारोबार की जांच जारी है.

अमेरिका और सिंगापुर में Megaspeed के कारोबार की जांच जारी

Highlights

  • Megaspeed ने 4.6 अरब डॉलर के Nvidia हार्डवेयर आयात किए
  • एलिस हुआंग पर चीन के लिए जानकारी जुटाने का संदेह
  • अमेरिका और सिंगापुर में Megaspeed के कारोबार की जांच जारी

आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) की दुनिया की दिग्गज कंपनी Nvidia के CEO जेनसन हुआंग इन दिनों चीन से जुड़े जासूसी विवाद को लेकर चर्चा में हैं. इस मामले के केंद्र में सिंगापुर की AI कंपनी Megaspeed है, जिसने Nvidia के अरबों डॉलर के चिप खरीदे हैं. अमेरिकी अधिकारियों को संदेह है कि कंपनी की पूर्व अधिकारी एलिस हुआंग चीन के लिए जानकारी जुटा रही थीं. अब Nvidia के बोर्ड ने पूरे मामले की स्वतंत्र जांच शुरू कर दी है. आखिर Megaspeed क्या करती है, इसका मालिक कौन है और Nvidia से इसका क्या कनेक्शन है?

क्या है Megaspeed और कैसे करती है कमाई?

Megaspeed International सिंगापुर की एक AI क्लाउड कंप्यूटिंग कंपनी है. इसका मुख्य कारोबार Nvidia जैसे बड़े टेक्नोलॉजी निर्माताओं से हाई-परफॉर्मेंस कंप्यूटिंग चिप खरीदना और उनकी मदद से ग्राहकों को कंप्यूटिंग क्षमता किराये पर देना है.

आसान भाषा में समझें तो AI मॉडल बनाने वाली कंपनियों को हजारों महंगे प्रोसेसर की जरूरत होती है. हर कंपनी अपना डेटा सेंटर बनाने के बजाय Megaspeed जैसी कंपनियों से कंप्यूटिंग क्षमता किराये पर ले सकती है.

कंपनी AI मॉडल ट्रेनिंग, क्लाउड कंप्यूटिंग, वर्चुअल सर्वर, डेटा स्टोरेज, मशीन लर्निंग और वीडियो रेंडरिंग जैसी सेवाएं देती है. इन सेवाओं के बदले कंपनी ग्राहकों से किराया और सर्विस फीस वसूलती है.

40 हजार करोड़ रुपये से ज्यादा के Nvidia चिप खरीदे

Megaspeed की चर्चा की सबसे बड़ी वजह Nvidia के साथ उसका कारोबारी रिश्ता है. रिपोर्ट के मुताबिक, कंपनी ने 2023 से नवंबर 2025 के बीच कम से कम 4.6 अरब डॉलर यानी करीब 40,480 करोड़ रुपये के Nvidia हार्डवेयर का आयात किया.

इस बड़ी खरीदारी ने अमेरिकी अधिकारियों का ध्यान खींचा. अमेरिका को संदेह है कि कंपनी के जरिए ऐसे एडवांस AI चिप चीन तक पहुंचाए जा सकते हैं, जिनके निर्यात पर प्रतिबंध है.

अमेरिका ने राष्ट्रीय सुरक्षा का हवाला देते हुए चीन को Nvidia के सबसे एडवांस AI चिप की बिक्री पर कई तरह की पाबंदियां लगा रखी हैं. ऐसे में यह जांच की जा रही है कि कहीं इन प्रतिबंधों को दरकिनार करके चिप चीन तो नहीं भेजे गए.

किसकी कंपनी है Megaspeed?

Megaspeed की शुरुआत चीन की गेमिंग कंपनी 7Road से जुड़े कारोबार के रूप में हुई थी. पहले इसका नाम 7Road International था.

नवंबर 2023 में कंपनी का मालिकाना हक बदल गया. इसे सिंगापुर की एक कंपनी को बेच दिया गया, जिसके मालिक Tan Yong Pong बताए जाते हैं. इसके कुछ ही दिनों बाद Megaspeed Nvidia का आधिकारिक क्लाउड पार्टनर बन गई.

कंपनी की वेबसाइट पर तीन प्रमुख टेक्नोलॉजी पार्टनर के नाम हैं.

  • Nvidia
  • Intel
  • Gigabyte
    इसके अलावा Alibaba को भी Megaspeed का ग्राहक बताया गया है. हालांकि, Alibaba से संभावित छिपी हुई फंडिंग के आरोप अभी साबित नहीं हुए हैं.

सिंगापुर से मलेशिया और इंडोनेशिया तक कारोबार

Megaspeed का मुख्यालय सिंगापुर में है. इसके अलावा मलेशिया और इंडोनेशिया में भी कंपनी का कारोबार और संबंधित सुविधाएं हैं. मलेशिया में इसका कारोबार Speedmatrix नाम से संचालित होता है. कंपनी एशिया-पैसिफिक क्षेत्र में AI कंप्यूटिंग और क्लाउड सेवाएं उपलब्ध कराने का दावा करती है.

कंपनी के कर्मचारियों की वास्तविक संख्या स्पष्ट नहीं है. LinkedIn पर इसका आकार 2 से 10 कर्मचारियों का बताया गया है. हालांकि, इससे इसकी सहयोगी कंपनियों और डेटा सेंटर में काम करने वाले सभी लोगों की संख्या का पता नहीं चलता.

जेनसन हुआंग और एलिस हुआंग के बीच क्या है कनेक्शन?

इस पूरे मामले में Nvidia के CEO जेनसन हुआंग का नाम आने से विवाद और गंभीर हो गया है. अमेरिकी मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, Megaspeed की पूर्व अधिकारी एलिस हुआंग और जेनसन हुआंग के बीच करीबी संबंध थे.

अमेरिकी खुफिया अधिकारियों को संदेह था कि एलिस हुआंग चीन की खुफिया एजेंसियों के लिए काम कर रही थीं और जेनसन हुआंग से जानकारी जुटाने की कोशिश कर रही थीं.

जांच एजेंसियों को आशंका थी कि इस संपर्क के जरिए Nvidia की कारोबारी रणनीति, AI चिप कारोबार और अमेरिकी सरकार के साथ कंपनी की बातचीत से जुड़ी जानकारी हासिल की जा सकती थी. हालांकि, जासूसी के आरोपों को लेकर अभी अंतिम निष्कर्ष सामने नहीं आया है.

Nvidia ने शुरू की स्वतंत्र जांच, CEO ने मांगी माफी

विवाद बढ़ने के बाद Nvidia के बोर्ड ने मामले की स्वतंत्र जांच शुरू करने का फैसला किया है. इस जांच की निगरानी कंपनी के स्वतंत्र निदेशक और बाहरी कानूनी सलाहकार करेंगे.

कंपनी का कहना है कि फिलहाल ऐसा मानने का कोई कारण नहीं है कि Nvidia के कारोबारी रहस्य या अमेरिकी राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़ी जानकारी लीक हुई है. जेनसन हुआंग ने भी जांच में पूरा सहयोग करने की बात कही है.

हुआंग ने कंपनी के कर्मचारियों को भेजे संदेश में अपने निजी रिश्ते को लेकर पत्नी और सहयोगियों से माफी मांगी. उन्होंने स्वीकार किया कि वह अपने पारिवारिक रिश्ते के प्रति वफादार नहीं रहे.

अमेरिकी सांसदों ने भी इस मामले पर चिंता जताई है. अमेरिकी कांग्रेस की कुछ प्रमुख समितियों के नेताओं ने जेनसन हुआंग से 18 नवंबर को बंद कमरे में जानकारी देने को कहा है.

Megaspeed ने आरोपों को बताया गलत

Megaspeed ने अपने ऊपर लगे आरोपों को खारिज किया है. कंपनी का कहना है कि उसने अमेरिकी, मलेशियाई अधिकारियों और Nvidia की ओर से की गई जांच और निरीक्षण में सहयोग किया है.

कंपनी के मुताबिक, इन जांचों में चिप की गैरकानूनी सप्लाई या किसी अन्य अवैध गतिविधि का सबूत नहीं मिला. उसने मीडिया में प्रकाशित कुछ रिपोर्ट्स को भ्रामक बताते हुए कानूनी कार्रवाई की संभावना भी जताई है.

इस पूरे मामले में अभी कई सवालों के जवाब सामने आने बाकी हैं. खासतौर पर यह पता लगाना अहम होगा कि Nvidia के एडवांस AI चिप कहां इस्तेमाल हुए और क्या किसी प्रतिबंधित बाजार तक उनकी पहुंच बनाई गई थी.

यह भी पढ़ें- 4.5 ट्रिलियन डॉलर की कंपनी! Nvidia के AI साम्राज्य में फंसी दुनिया की बड़ी टेक कंपनियां