Live Update

Business News Live: भारत-अमेरिका ट्रेड डील का फ्रेमवर्क जारी, ट्रंप ने PoK-अक्साई चीन को दिखाया भारत का हिस्‍सा

भारत और अमेरिका के बीच जारी नए ट्रेड डील फ्रेमवर्क के तहत दोनों देशों ने टैरिफ में बड़ी कटौती की है. साथ ही ऊर्जा, कृषि व तकनीकी क्षेत्रों में व्यापार बढ़ाने पर सहमति जताई है, जिससे भारत के निर्यातकों और किसानों को बड़ा फायदा मिलने की उम्मीद है. अमेरिका ने भारतीय सामानों पर टैरिफ 50 प्रतिशत से घटाकर 18 प्रतिशत कर दिया है और 25 प्रतिशत अतिरिक्त पेनाल्टी शुल्क भी हटा लिया है. बिजनेस से जुड़ी और प्रमुख खबरों के लिए यहां बने रहें.

India-Us trade deal framework Image Credit: money9 live AI image

Summary

  1. India-US trade deal: भारतीय बासमती चावल का बजेगा डंका
  2. ट्रंप ने PoK और अक्साई चीन भारत का दिखाया, भारत को ट्रेड डील में बड़ी राहत
  3. Piyush Goyal आज India-US ट्रेड डील पर करेंगे प्रेस कॉन्फ्रेंस!
  4. क्या है सोने-चांदी का भाव
  5. Dow Jones की ऐतिहासिक छलांग पर ट्रंप का बयान

Live Coverage

  • Feb 7 2026 01:09 PM IST

    India-US trade deal: भारतीय बासमती चावल का बजेगा डंका

    केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने भारत-अमेरिका अंतरिम व्यापार समझौते पर खुशी जताते हुए सरकार की सराहना की. उन्‍होंने कहा कि सरकार ने किसानों के हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए मुख्य फसलों और डेयरी उत्पादों की सुरक्षा सुनिश्चित की है. उन्होंने यह भी बताया कि इस समझौते से अमेरिकी बाजार में भारतीय कृषि उत्पादों के लिए नए निर्यात अवसर खुलेंगे. उन्होंने भरोसा जताते हुए कहा,”हमारा बासमती चावल अमेरिकी बाजार में धूम मचा देगा.”

  • Feb 7 2026 12:33 PM IST

    ट्रंप ने PoK और अक्साई चीन भारत का दिखाया, भारत को ट्रेड डील में बड़ी राहत

    भारत और अमेरिका के बीच अंतरिम ट्रेड डील के फ्रेम वर्क के ऐलान के साथ ही Donald Trump प्रशासन के तहत जारी एक आधिकारिक नक्शे में पूरे Jammu and Kashmir, पाकिस्तान के कब्जे वाले इलाके और Aksai Chin को भारत का हिस्सा दिखाया गया. इससे Pakistan असहज हो गया और इसे उसके लिए कड़ा राजनीतिक संदेश माना जा रहा है.

    खासकर इसलिए क्योंकि पहले अमेरिकी नक्शों में विवादित हिस्सों को अलग तरह से दर्शाया जाता था. इसी दौरान ट्रेड डील के तहत भारत पर लगने वाला टैरिफ 50 प्रतिशत से घटाकर 18 प्रतिशत किया गया है. इससे निर्यातकों को राहत मिली है और स्टील, एल्युमिनियम, तांबा, दवाइयों, कार और ऑटो पार्ट्स जैसे सेक्टरों को फायदा मिलने की उम्मीद है, जबकि कृषि और डेयरी जैसे संवेदनशील मुद्दों पर भारत ने अपनी सीमा बनाए रखी है.

  • Feb 7 2026 12:17 PM IST

    Piyush Goyal आज India-US ट्रेड डील पर करेंगे प्रेस कॉन्फ्रेंस!

    केंद्रीय वाणिज्य और उद्योग मंत्री Piyush Goyal आज भारत और अमेरिका के बीच हुए अंतरिम व्यापार समझौते पर जारी संयुक्त बयान को लेकर प्रेस कॉन्फ्रेंस करेंगे. यह ब्रीफिंग करीब दोपहर 1.30 बजे शुरू होने की उम्मीद है. इसमें India और United States के बीच बनी इस अंतरिम ट्रेड व्यवस्था से जुड़े अहम पहलुओं पर जानकारी दी जा सकती है और आगे की प्रक्रिया पर भी बात हो सकती है.

  • Feb 7 2026 11:24 AM IST

    क्या है सोने-चांदी का भाव

    शनिवार को सर्राफा बाजार खुलते ही सोने और चांदी के भाव तय हुए, 10 ग्राम के लिए 22 कैरेट सोना 14420 रुपये, और एक किलो चांदी 285 रुपये प्रति ग्राम रही. वैश्विक तनाव, डॉलर की मजबूती और मुनाफावसूली के चलते सोना-चांदी की कीमतों में इस हफ्ते काफी उतार-चढ़ाव देखने को मिला. शुरुआती सप्‍ताह में जहां इन कीमती धातुओं में तेजी देखने को मिली तो वहीं आखिरी तीन दिन में इनमें जबरदस्‍त गिरावट दर्ज की गई. हालांकि इन सबके बावजूद गोल्‍ड की कीमतों में इजाफा रहा, जबकि चांदी की कीमतें काफी लुढ़क गईं. 1 से 7 फरवरी के बीच 24 कैरेट सोना 7000 रुपये से ज्‍यादा सस्‍ता हो गया, वहीं चांदी 16000 रुपये से ज्‍यादा लुढ़क गई.

  • Feb 7 2026 10:43 AM IST

    Dow Jones की ऐतिहासिक छलांग पर ट्रंप का बयान

    अमेरिका में शेयर बाजार में जबरदस्त उछाल के बाद राष्ट्रपति Donald Trump ने प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि यह तेजी उनकी टैरिफ नीति की वजह से आई है और उन्होंने विपक्षी डेमोक्रेट्स पर भी निशाना साधा. शुक्रवार को Dow Jones पहली बार 50,000 के पार पहुंच गया और करीब 1,200 अंक उछलकर बंद हुआ, जबकि दूसरे इंडेक्स भी मजबूत रहे. ट्रंप ने सोशल मीडिया पर लिखा कि विशेषज्ञों ने जिस स्तर को उनके कार्यकाल के अंत तक संभव बताया था, वह उन्होंने तीन साल पहले ही हासिल कर लिया है.

    आगे उन्होंने Dow Jones के 100,000 तक पहुंचने की भविष्यवाणी भी की. बाजार में यह तेजी खास तौर पर टेक शेयरों की बदौलत दिखी, जहां Nvidia और Broadcom जैसे शेयरों में जोरदार उछाल आया, वहीं निवेशकों को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस में बढ़ते खर्च से भी उम्मीदें हैं, जिस पर Amazon और उसकी प्रतिद्वंद्वी Alphabet ने बड़े निवेश की बात कही है, जिससे पूरे अमेरिकी बाजार का माहौल सकारात्मक बना रहा.

  • Feb 7 2026 10:04 AM IST

    India-US trade deal: डील पर कांग्रेस नेता मनीष तिवारी ने उठाए सवाल

    कांग्रेस सांसद मनीष तिवारी ने शनिवार को भारत-अमेरिका अंतरिम व्यापार समझौते के तहत बाजार पहुंच से जुड़े प्रावधानों पर चिंता जताई. उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करते हुए सवाल उठाया कि क्या इस भाषा का मतलब यह है कि भारत ने अपने औद्योगिक और कृषि क्षेत्रों को अमेरिका के लिए पूरी तरह खोलने पर सहमति दे दी है, वह भी बिना किसी रोक-टोक या शर्त के. उन्होंने कहा कि ऐसे प्रावधानों का असर घरेलू उद्योगों और किसानों पर पड़ सकता है, इसलिए इस पर स्पष्टता जरूरी है.

  • Feb 7 2026 09:25 AM IST

    India-US trade deal: 7 फरवरी से USA में भारतीय प्रोडक्ट्स पर नहीं लगेगा अतिरिक्त 25% टैरिफ

    अमेरिका ने भारतीय सामान पर लगाया गया अतिरिक्त 25 प्रतिशत टैरिफ हटाने का फैसला कर भारत को बड़ी व्यापारिक राहत दी है. यह 7 फरवरी से लागू होगा. यह कदम भारत की ओर से रूस से कच्चे तेल की खरीद रोकने और अमेरिका से ऊर्जा आयात बढ़ाने के आश्वासन के बाद उठाया गया. इस फैसले से भारतीय निर्यातकों, खासकर MSME सेक्टर को लाभ होगा. हालांकि यह राहत शर्त के साथ मिली है. अगर भारत भविष्य में रूस से तेल खरीदना शुरू करता है तो अमेरिका फिर से टैरिफ लगा सकता है. दोनों देशों ने रक्षा, ऊर्जा और तकनीक के क्षेत्र में सहयोग बढ़ाने और आने वाले वर्षों में व्यापार को नई ऊंचाई तक ले जाने पर सहमति जताई है.

  • Feb 7 2026 08:31 AM IST

    India-US trade deal: PM मोदी बोले, व्यापार समझौते से मिलेगा बड़ा फायदा

    Narendra Modi ने कहा कि India और United States ने अंतरिम व्यापार समझौते के फ्रेमवर्क पर सहमति बना ली है और उन्होंने राष्ट्रपति Donald Trump को दोनों देशों के रिश्ते मजबूत करने के लिए धन्यवाद दिया. उन्होंने कहा कि यह समझौता दोनों देशों के बीच भरोसे और साझेदारी को और गहरा करता है और ‘मेक इन इंडिया’ को मजबूती देगा, जिससे किसानों, उद्यमियों, MSME, स्टार्टअप, मछुआरों और अन्य लोगों को नए मौके मिलेंगे तथा महिलाओं और युवाओं के लिए रोजगार के अवसर बढ़ेंगे. प्रधानमंत्री ने यह भी कहा कि इस ढांचे से निवेश और तकनीक के क्षेत्र में सहयोग बढ़ेगा, सप्लाई चेन मजबूत होगी और वैश्विक विकास को मदद मिलेगी, साथ ही भारत ‘विकसित भारत’ की ओर बढ़ते हुए भविष्य को ध्यान में रखकर वैश्विक साझेदारियां बनाने के लिए प्रतिबद्ध रहेगा.

  • Feb 7 2026 07:50 AM IST

    रूस से तेल खरीदना बंद करेगा भारत: ट्रंप

    अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने शुक्रवार को एक कार्यकारी आदेश जारी कर भारत पर लगाए गए अतिरिक्त 25 प्रतिशत टैरिफ को हटा दिया है. यह टैरिफ भारत द्वारा रूसी तेल की खरीद के कारण लगाया गया था. ट्रंप ने कहा कि उन्हें वरिष्ठ अधिकारियों से अतिरिक्त जानकारी और सिफारिशें मिली हैं, जिसमें भारत ने राष्ट्रीय आपातकाल (Executive Order 14066) को संबोधित करने के लिए महत्वपूर्ण कदम उठाए हैं. भारत ने सीधे या अप्रत्यक्ष रूप से रूसी संघ से तेल आयात बंद करने की प्रतिबद्धता जताई है, साथ ही अमेरिका से ऊर्जा उत्पाद खरीदने और अगले 10 वर्षों में रक्षा सहयोग बढ़ाने के लिए एक फ्रेमवर्क पर सहमति व्यक्त की है. ट्रंप ने इस आधार पर निर्णय लिया कि भारत ने राष्ट्रीय सुरक्षा, विदेश नीति और आर्थिक मामलों में अमेरिका के साथ पर्याप्त संरेखण किया है, इसलिए भारत से आयातित वस्तुओं पर लगाए गए अतिरिक्त टैरिफ को समाप्त किया जा रहा है. यह कदम 7 फरवरी से प्रभावी होगा.

  • Feb 7 2026 07:19 AM IST

    India-Us Interim Trade Deal: कृषि में इन चीजों से हटा टैरिफ

    डील के तहत भारत ने कई अमेरिकी कृषि और औद्योगिक उत्पादों पर टैरिफ घटाने या खत्म करने का भी वादा किया है, जिनमें फल, सोयाबीन तेल, ट्री नट्स, अनाज, वाइन और स्पिरिट्स जैसी वस्तुएं शामिल हैं. हालांकि यह सिर्फ एक प्रारंभिक फ्रेमवर्क है और व्यापक द्विपक्षीय व्यापार समझौते को अंतिम रूप देने के लिए दोनों देशों के बीच आगे भी बातचीत जारी रहेगी.

  • Feb 7 2026 07:18 AM IST

    India-Us Interim Trade Deal: कच्‍चे तेल पर बनी सहमति

    भारत की ओर से रूस से तेल खरीदने के चलते अमेरिकी सरकार ने भारत पर 25 फीसदी का अतिरिक्‍त टैरिफ लगाया था. मगर समझौते के तहत इसे हटाने का आदेश दिया गया है. इस डील के तहत रूस से तेल आयात कम करने और अमेरिका तथा वेनेज़ुएला से ऊर्जा खरीद बढ़ाने पर भी सहमति जताई है .

  • Feb 7 2026 07:17 AM IST

    India-Us Interim Trade Deal: 500 अरब डॉलर का सामान खरीदेगा भारत

    समझौते के तहत भारत अगले पांच वर्षों में लगभग 500 अरब डॉलर के अमेरिकी सामान खरीदेगा, जिसमें कच्चा तेल, गैस, कोकिंग कोल, विमान और उनके पुर्जे, कीमती धातुएं और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस से जुड़े तकनीकी उपकरण जैसे ग्राफिक्स प्रोसेसिंग यूनिट शामिल हैं.

India-Us Interim Trade Deal: भारत और अमेरिका ने शुक्रवार को व्यापारिक रिश्तों को नई मजबूती देने के लिए एक अहम व्यापार ढांचा समझौते की घोषणा की, जिसमें ट्रेड डील का फ्रेमवर्क जारी किया गया है. इसे दोनों देशों के बीच आर्थिक सहयोग की दिशा में बड़ा कदम माना जा रहा है. इस समझौते के तहत अमेरिका ने भारतीय उत्पादों पर लगाए गए टैरिफ को करीब 50 प्रतिशत से घटाकर 18 प्रतिशत करने का फैसला किया है. इस दौरान कृषि से लेकर कच्‍चे तेल और टेक्‍नोलॉजी समेत कई मसलों पर बात बन गई है. इतना ही नहीं अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भारत पर पेनाल्‍टी के तौर पर लगाए गए अतिरिक्‍त 25 प्रतिशत टैरिफ हटाने के आदेश पर भी हस्ताक्षर किए है, जो भारत की ओर से रूस से तेल खरीद के कारण लगाया गया था. ट्रेड डील और बिजनेस से जुड़ी ऐसी ही लेटेस्‍ट खबरें पढ़ने के लिए यहां बने रहें.