पैनिक बाइंग की जरूरत नहीं! 40,000 टन LPG लेकर Shivalik टैंकर होर्मुज स्ट्रेट के पार, दो दिन में भारत पहुंचेगा जहाज
पश्चिम एशिया में तनाव और सप्लाई को लेकर चिंता के बीच भारत के लिए राहत भरी खबर सामने आई है. 40,000 मीट्रिक टन LPG लेकर आ रहा भारतीय टैंकर Shivalik, Strait of Hormuz पार कर चुका है और भारत की ओर बढ़ रहा है. पैनिक बाइंग और कालाबाजारी की खबरों के बीच यह संकेत है कि देश में LPG की सप्लाई जारी है और जल्द ही नया स्टॉक भारत पहुंच सकता है.
पश्चिम एशिया में जारी तनाव और Strait of Hormuz से गुजरने वाले जहाजों पर बढ़ती चिंता के बीच भारत के लिए राहत भरी खबर सामने आई है. भारत के लिए LPG लेकर आ रहा एक बड़ा टैंकर सुरक्षित तरीके से इस अहम समुद्री रास्ते को पार कर चुका है. ऐसे समय में जब देश के कई हिस्सों में गैस को लेकर पैनिक बाइंग और कालाबाजारी की खबरें सामने आ रही हैं, यह जानकारी उपभोक्ताओं के लिए राहत देने वाली मानी जा रही है.
Strait of Hormuz पार कर चुका है भारतीय LPG टैंकर
CNBC ने सूत्रों के हवाले से रिपोर्ट किया है कि Shivalik नाम का भारतीय झंडे वाला LPG टैंकर Strait of Hormuz पार करके अब खुले समुद्र में पहुंच चुका है. यह जहाज करीब 40,000 मीट्रिक टन LPG लेकर भारत की ओर आ रहा है.
वेसल ट्रैकिंग वेबसाइट MarineTraffic के डेटा के अनुसार जहाज को कुछ घंटे पहले Gulf of Oman इलाके में देखा गया था. इससे पहले यह जहाज कतर के Ras Laffan Anchorage से रवाना हुआ था और उसी रास्ते से होर्मुज स्ट्रेट को पार करते हुए आगे बढ़ा है.
दो दिन में भारत पहुंचने की उम्मीद
रिपोर्ट में सूत्रों के अनुसार यह टैंकर भारतीय नौसेना की निगरानी में आगे बढ़ रहा है और करीब दो दिन के भीतर भारत पहुंच सकता है. जहाज के मुंबई या कांडला पोर्ट पर पहुंचने की संभावना बताई जा रही है.
MarineTraffic के मुताबिक Shivalik टैंकर करीब 225 मीटर लंबा और 36 मीटर चौड़ा है.
क्यों अहम है यह खबर
Strait of Hormuz दुनिया के सबसे महत्वपूर्ण समुद्री रास्तों में से एक है, जहां से बड़ी मात्रा में तेल और गैस की सप्लाई होती है. पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष की वजह से इस रास्ते से गुजरने वाले जहाजों को लेकर चिंता बढ़ गई थी. ऐसे माहौल में भारतीय LPG टैंकर का सुरक्षित रूप से इस रास्ते को पार करना यह संकेत देता है कि भारत के लिए गैस सप्लाई फिलहाल जारी है.
यह भी पढ़ें: LPG महंगी है, तो क्या अब DME बनेगा नया विकल्प? जानें क्या है ये और आपके किचन में कैसे करेगा काम
हाल के दिनों में कई शहरों में LPG को लेकर घबराहट में ज्यादा सिलेंडर खरीदने और कालाबाजारी की खबरें सामने आई थीं. ऐसे में इस टैंकर के भारत पहुंचने की खबर यह भरोसा देती है कि गैस की आपूर्ति पूरी तरह से बाधित नहीं हुई है और देश में सप्लाई बनाए रखने की कोशिश जारी है.
