LPG महंगी, तो क्या अब DME बनेगा नया विकल्प? जानें क्या है ये और आपके किचन में कैसे करेगा काम
LPG की बढ़ती कीमतों और वैश्विक सप्लाई अनिश्चितता के बीच वैज्ञानिक एक नए ईंधन DME यानी Dimethyl Ether पर काम कर रहे हैं. विशेषज्ञों का कहना है कि यह ईंधन LPG जैसा ही है और इसे इस्तेमाल करने के लिए घरों में सिलेंडर, रेगुलेटर या चूल्हा बदलने की जरूरत नहीं पड़ सकती. अगर तकनीक बड़े स्तर पर सफल होती है तो भविष्य में DME घरेलू गैस का विकल्प बन सकता है.
पश्चिम एशिया में तनाव और वैश्विक सप्लाई चेन में रुकावट की वजह से रसोई गैस यानी LPG की कीमतों में तेजी से बढ़ोतरी देखी जा रही है. ऐसे समय में वैज्ञानिक एक ऐसे ईंधन पर काम कर रहे हैं जो भविष्य में LPG का विकल्प बन सकता है. ET रिपोर्ट के मुताबिक, पुणे स्थित CSIR-नेशनल केमिकल लैबोरेटरी (NCL) ने डाइमिथाइल ईथर यानी DME नाम के ईंधन पर काम शुरू किया है. वैज्ञानिकों का कहना है कि अगर यह तकनीक बड़े स्तर पर सफल होती है तो आने वाले समय में DME घरों में इस्तेमाल होने वाले LPG की जगह ले सकता है.
क्या है DME
DME यानी डाइमिथाइल ईथर एक सिंथेटिक गैस है, जिसे मुख्य रूप से मेथनॉल से बनाया जाता है. मेथनॉल खुद बायोमास, कोयला या कैप्चर किए गए कार्बन डाइऑक्साइड से तैयार किया जा सकता है. वैज्ञानिकों के मुताबिक यह रंगहीन गैस है और इसके गुण काफी हद तक LPG से मिलते-जुलते हैं.
यही वजह है कि इसे LPG के विकल्प के रूप में देखा जा रहा है. कई देशों में DME को LPG के साथ मिलाकर ईंधन के रूप में इस्तेमाल करने पर भी रिसर्च हो चुकी है.
LPG को कैसे कर सकता है रिप्लेस
वैज्ञानिकों का कहना है कि DME की सबसे बड़ी खासियत यह है कि इसे इस्तेमाल करने के लिए घरों के मौजूदा गैस सिस्टम में बड़े बदलाव की जरूरत नहीं पड़ेगी. यानी सिलेंडर, रेगुलेटर, पाइप या बर्नर जैसी चीजों को बदलने की जरूरत नहीं होगी.
भारत में ब्यूरो ऑफ इंडियन स्टैंडर्ड्स (BIS) ने LPG में करीब 20 प्रतिशत तक DME मिलाने के मानक भी तय किए हैं, जिससे भविष्य में इसका इस्तेमाल आसान हो सकता है. विशेषज्ञों का मानना है कि DME को LPG के साथ मिलाकर या अलग से ईंधन के रूप में भी इस्तेमाल किया जा सकता है. इससे LPG पर निर्भरता कम हो सकती है और आयात बिल घटाने में भी मदद मिल सकती है.
यह भी पढ़ें: LPG, CNG, Petrol Diesel Price Update- जानिए आज आपके शहर में क्या है गैस और पेट्रोल-डीजल का रेट
भारत में क्यों बढ़ रही है इसकी अहमियत
भारत दुनिया के सबसे बड़े LPG उपभोक्ताओं में से एक है और घरेलू गैस की बड़ी मात्रा विदेशों से आयात करनी पड़ती है. ऐसे में अगर DME जैसे ईंधन का उत्पादन देश में ही शुरू हो जाता है तो ऊर्जा सुरक्षा मजबूत हो सकती है.
Latest Stories
इस शहर में रखा है भारत का इमरजेंसी तेल रिजर्व, संकट में यहीं से मिलती है देश को सप्लाई, जानें कितने लीटर का भंडार
Gold-Silver Price Today: सोने-चांदी की चमक पड़ी फीकी, कच्चे तेल की तेजी से बढ़ा दबाव, हफ्ते भर में जानें कितना हुआ सस्ता
LPG, CNG, Petrol Diesel Price Update- जानिए आज आपके शहर में क्या है गैस और पेट्रोल-डीजल का रेट
