दुबई में सस्ता हुआ सोना, 30 डॉलर प्रति औंस तक मिल रही छूट, जानें क्या भारत के लिए फायदेमंद या नुकसान
मिडिल ईस्ट में बढ़ते तनाव के कारण दुबई में सोना अंतरराष्ट्रीय कीमतों के मुकाबले डिस्काउंट पर बिक रहा है. हवाई मार्ग आंशिक रूप से बंद होने से दुबई से फिजिकल गोल्ड की शिपमेंट प्रभावित हुई है, जिससे सप्लाई चेन पर असर पड़ा है. चूंकि भारत दुबई से सबसे ज्यादा सोना खरीदता है ऐसे में देखना होगा कि इसका भारत पर कैसा असर पड़ता है.
Gold at Discount in Dubai: मिडिल ईस्ट में बढ़ते तनाव का असर अब सोने के वैश्विक कारोबार पर भी दिखाई देने लगा है. दुबई में सोना सस्ता हो गया है. वहां अंतरराष्ट्रीय कीमतों के मुकाबले ये भारी डिस्काउंट पर बिक रहा है. ब्लूमबर्ग की रिपोर्ट के मुताबिक वहां ट्रेडर्स लंदन के ग्लोबल बेंचमार्क के मुकाबले करीब 30 डॉलर प्रति औंस तक की छूट गोल्ड पर दे रहे हैं.
हवाई मार्ग बंद से बढ़ी समस्या
दरअसल ईरान और अमेरिका-इजराइल के बीच बढ़ते तनाव के कारण दुबई में हवाई मार्ग आंशिक रूप से बंद हो गए हैं. सोना आमतौर पर पैसेंजर फ्लाइट्स के कार्गो होल्ड में ट्रांसपोर्ट किया जाता है. फ्लाइट्स के सस्पेंड होने से दुबई से सोने की फिजिकल शिपमेंट काफी हद तक रुक गई है. इससे वहां सोने की सप्लाई चेन प्रभावित हो गई है और ट्रेडर्स डिस्काउंट देकर माल बेचने को मजबूर हो रहे हैं.
बुलियन ट्रेड का हब
दुबई दुनिया के सबसे बड़े बुलियन ट्रेडिंग हब में से एक है. यहां से भारत, स्विट्जरलैंड और हांगकांग जैसे बड़े बाजारों में सोने की सप्लाई होती है. ऐसे में अगर यह व्यवधान लंबे समय तक जारी रहा तो इसका असर वैश्विक सप्लाई चेन पर भी पड़ सकता है.
यह भी पढ़ें: इन 3 स्टॉक्स ने निवेशकों की डुबोई दौलत, ऑल टाइम हाई से 95% तक टूटे, ₹1 लाख के रह गए महज ₹4,370
सप्लाई की हो सकती है दिक्कत
विशेषज्ञों के मुताबिक भारत में फिलहाल फिजिकल सोने की उपलब्धता में थोड़ी कमी देखी जा सकती है. हालांकि खरीदारों के पास फिलहाल पर्याप्त स्टॉक मौजूद है. जनवरी में हुए आयात के कारण अभी देश में सोने की पर्याप्त इन्वेंटरी मौजूद है. हालांकि अगर तनाव की स्थिति कई महीनों तक बनी रहती है तो सप्लाई में आगे दिक्कत आ सकती है. बता दें भारत दुबई से सोना आयात करने वाले सबसे बड़े बाजारों में से एक है. ऐसे में मिडिल ईस्ट में जारी भू-राजनीतिक तनाव आने वाले समय में सोने के वैश्विक कारोबार और कीमतों पर असर डाल सकता है.
