2500 रुपये सस्ता हुआ सोना, चांदी की कीमतों में भारी गिरावट; जानें- गोल्ड-सिल्वर का क्या है अब भाव
Gold Price Today: 'सोने ने सप्ताह की शुरुआत कमजोर रुख के साथ की, क्योंकि वीकेंड में अमेरिका और ईरान के बीच बढ़े तनाव के कारण कच्चे तेल की कीमतें बढ़ गईं और डॉलर मजबूत हो गया.' चांदी की कीमतों में भी भारी गिरावट देखने को मिली.

Gold Price Today: सोमवार को राष्ट्रीय राजधानी में सोने की कीमतें 2,500 रुपये गिरकर 10 ग्राम के लिए 1.60 लाख रुपये हो गईं. यह गिरावट वैश्विक बाजारों में हुए नुकसान के कारण हुई, क्योंकि अमेरिका और ईरान के बीच नए सिरे से हुई सैन्य झड़पों के चलते कच्चे तेल की कीमतें बढ़ गई थीं.
ऑल इंडिया सर्राफा एसोसिएशन के अनुसार, 99.9 फीसदी प्योरिटी वाले गोल्ड की कीमत में 2,500 रुपये (1.53 फीसदी) की गिरावट आई. शुक्रवार को 10 ग्राम सोने की कीमत 1,62,900 रुपये थी, जो अब घटकर 1,60,400 रुपये प्रति 10 ग्राम (सभी टैक्स सहित) हो गई है.
चांदी की कीमतों में गिरावट?
चांदी की कीमतों में भी भारी गिरावट देखने को मिली. यह 5,000 रुपये (या लगभग 2 फीसदी) गिरकर 2,69,700 रुपये प्रति किलोग्राम (सभी टैक्स सहित) हो गई. पिछले सत्र में चांदी की कीमत 2,74,700 रुपये प्रति किलोग्राम पर बंद हुई थी.
क्यों आई सोने की कीमतों में गिरावट?
HDFC सिक्योरिटीज में कमोडिटीज के सीनियर एनालिस्ट सौमिल गांधी ने कहा, ‘सोने ने सप्ताह की शुरुआत कमजोर रुख के साथ की, क्योंकि वीकेंड में अमेरिका और ईरान के बीच बढ़े तनाव के कारण कच्चे तेल की कीमतें बढ़ गईं और डॉलर मजबूत हो गया.’ उन्होंने आगे कहा कि US ट्रेजरी बॉन्ड यील्ड में हुई बढ़ोतरी का असर भी कीमती धातुओं पर पड़ा, जिससे सोने और चांदी जैसी संपत्तियों में निवेशकों की दिलचस्पी कम हो गई.
इंटरनेशनल मार्केट में सोना-चांदी का भाव
इंटरनेशनल मार्केट में स्पॉट गोल्ड (Spot Gold) लगभग 1 फीसदी गिरकर 4,504.97 अमेरिकी डॉलर प्रति औंस पर आ गया. हालांकि, चांदी की कीमत में 1 फीसदी की बढ़ोतरी हुई और यह 75.93 अमेरिकी डॉलर प्रति औंस पर पहुंच गई.
कीमतों में उतार-चढ़ाव
कोटक सिक्योरिटीज में कमोडिटी रिसर्च की AVP कायनात चैनवाला ने बताया कि सोमवार को स्पॉट गोल्ड की कीमतों में उतार-चढ़ाव देखने को मिला और यह 4,500 अमेरिकी डॉलर प्रति औंस पर कारोबार कर रहा था, जबकि चांदी की कीमत थोड़ी बढ़कर 76 अमेरिकी डॉलर प्रति औंस के करीब पहुंच गई.
उन्होंने कहा कि अमेरिका और ईरान के बीच संघर्ष-विराम (Ceasefire) को लेकर बनी अनिश्चितता के माहौल में मेटल ने सप्ताह की शुरुआत सतर्क रुख के साथ की.
इन आंकड़ों पर रहेगी नजर
चैनवाला ने आगे कहा कि इस सप्ताह, बाजार के भागीदार अमेरिका के रोजगार आंकड़ों, फेडरल रिजर्व के अधिकारियों के बयानों और ट्रेजरी सेक्रेटरी स्कॉट बेसेंट की टिप्पणियों पर बारीकी से नजर रखेंगे. उन्होंने यह भी बताया कि सर्राफा कीमतों के संबंध में नए संकेत पाने के लिए कारोबारी पश्चिम एशिया (West Asia) में होने वाले घटनाक्रमों पर भी नजर बनाए रखेंगे.