Gold Price Today: सोना हुआ महंगा… पहुंचा 1.5 लाख रुपये के पार, त्योहारी खरीदारी से चमका गोल्ड का भाव
Gold Price Today: चांदी की कीमत 2.15 लाख रुपये प्रति किलोग्राम पर स्थिर रही, जो लगातार दूसरे सत्र में भी बिना किसी बदलाव के रही. वैश्विक बाजार में स्पॉट गोल्ड 4,175.57 अमेरिकी डॉलर प्रति औंस के आसपास कारोबार कर रहा था, जबकि चांदी की कीमत 1 फीसदी से अधिक बढ़कर 57.63 अमेरिकी डॉलर प्रति औंस हो गई.

Gold Price Today: सोमवार को दिल्ली में सोने की कीमतों में 400 रुपये की बढ़ोतरी हुई और यह 1.5 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गया. दशहरा से पहले त्योहारों के कारण बढ़ी मांग और वैश्विक बाजारों के मजबूत रुख से सोने की कीमतों को सपोर्ट मिला.
स्थानीय व्यापारियों के अनुसार, 99.9 फीसदी प्योरिटी वाले सोने की कीमत 400 रुपये बढ़कर 1,50,300 रुपये प्रति 10 ग्राम (सभी टैक्स सहित) हो गई. शुक्रवार को यह 1,49,900 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ था.
वहीं, चांदी की कीमत 2.15 लाख रुपये प्रति किलोग्राम पर स्थिर रही, जो लगातार दूसरे सत्र में भी बिना किसी बदलाव के रही.
क्यों आई सोने की कीमतों में तेजी?
एचडीएफसी सिक्योरिटीज के कमोडिटी सीनियर एनालिस्ट सौमिल गांधी ने कहा, ‘सोमवार को घरेलू बाजार में सोने की कीमतों में तेजी आई. इसे विदेशी बाजारों के पॉजिटिव रुख और त्योहारों की शुरुआत के साथ खुदरा मांग में सुधार से समर्थन मिला.’k
उन्होंने बताया कि सोने की फिजिकल डिमांड में सुधार हुआ है. पिछले हफ्ते, तीन महीने से अधिक समय में पहली बार सोना प्रीमियम पर बिका, क्योंकि कम कीमतों के कारण लोगों ने आभूषणों की खरीदारी बढ़ाई.
उन्होंने आगे कहा, ‘भारत के सबसे बड़े त्योहार, दिवाली से पहले खुदरा मांग के और मजबूत होने की उम्मीद है, जिससे घरेलू सोने के बाजार को समर्थन मिलेगा.’ दशहरा के कारण मंगलवार को सर्राफा बाजार बंद रहेंगे.
शादी-ब्याह के सीजन का असर
स्मॉलकेस मैनेजर और ओमनीसाइंस कैपिटल के सीईओ विकास गुप्ता ने कहा कि त्योहारों और शादी-ब्याह के सीजन में आमतौर पर सोने की कीमतें बढ़ती हैं. हालांकि, अमेरिकी फेडरल रिजर्व द्वारा ब्याज दरें बढ़ाने की संभावना से वैश्विक स्तर पर कीमतों पर दबाव बना रह सकता है.
गुप्ता ने कहा, ‘त्योहारी सीजन में घरेलू स्तर पर सोने की कीमतों में थोड़ी तेजी आ सकती है, लेकिन इसके बाद कीमतें स्थिर रहने की संभावना है.’
ग्लोबल मार्केट में गोल्ड-सिल्वर
वैश्विक बाजार में स्पॉट गोल्ड 4,175.57 अमेरिकी डॉलर प्रति औंस के आसपास कारोबार कर रहा था, जबकि चांदी की कीमत 1 फीसदी से अधिक बढ़कर 57.63 अमेरिकी डॉलर प्रति औंस हो गई.
कम हुईं महंगाई की चिंताएं
ब्रोकरेज प्लेटफॉर्म ‘लेमन’ (Lemonn) के रिसर्च हेड गौरव गर्ग ने कहा, ‘कच्चे तेल की कीमतों में नरमी और अमेरिकी ट्रेजरी यील्ड में गिरावट से महंगाई की चिंताएं कम हुई हैं, जिससे सोने और चांदी की कीमतों को सपोर्ट मिल रहा है और इनमें तेजी देखी जा रही है.’
उन्होंने आगे कहा कि रूस के तेल से जुड़े व्यापार पर अमेरिका द्वारा कुछ प्रतिबंधों में ढील दिए जाने के बाद वैश्विक स्तर पर ईंधन की आपूर्ति बढ़ने की उम्मीद है, जिसका असर कच्चे तेल की कीमतों पर पड़ सकता है. वहीं, भू-राजनीतिक तनाव और होर्मुज जलडमरूमध्य से होने वाली शिपिंग से जुड़े जोखिम अभी भी चिंता का विषय बने हुए हैं.