सोना हुआ महंगा, चांदी के भी बढ़े दाम; जानें- कितने रुपये में मिलेगा 24 कैरट वाला 10 ग्राम गोल्ड
Gold Price Today: कीमतें एक सीमित दायरे में ऊपर-नीचे होती रहीं, क्योंकि निवेशक भू-राजनीतिक घटनाक्रमों और अमेरिका के आने वाले आर्थिक आंकड़ों पर ज्यादा स्पष्टता का इंतजार कर रहे थे. इंटरनेशनल मार्केट में स्पॉट गोल्ड 1 फीसदी बढ़कर 4,528.75 अमेरिकी डॉलर प्रति औंस पर पहुंच गया.

Gold Price Today: मंगलवार को राष्ट्रीय राजधानी में वैश्विक बाजारों में मजबूत रुझान और कमजोर अमेरिकी डॉलर के चलते सोने की कीमतों में 1,050 रुपये की तेजी आई और यह 1.61 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गया. ऑल इंडिया सराफ़ा एसोसिएशन के अनुसार, 99.9 फीसदी प्योरिटी वाले सोने की कीमत में 1,050 रुपये की बढ़ोतरी हुई. सोमवार को बाजार बंद होने के समय इसकी कीमत 1,60,400 रुपये प्रति 10 ग्राम थी, जो बढ़कर (सभी टैक्स सहित) 1,61,450 रुपये प्रति 10 ग्राम हो गई.
चांदी की कीमतों में तेजी
चांदी की कीमतों में भी 1,300 रुपये की तेजी आई और यह (सभी टैक्स सहित) 2,71,000 रुपये प्रति किलोग्राम पर पहुंच गई. पिछले सत्र में चांदी की कीमत 2,69,700 रुपये प्रति किलोग्राम पर बंद हुई थी.
इंटरनेशनल मार्केट में सोना-चांदी
इंटरनेशनल मार्केट में स्पॉट गोल्ड 1 फीसदी बढ़कर 4,528.75 अमेरिकी डॉलर प्रति औंस पर पहुंच गया, जबकि चांदी 2 फीसदी बढ़कर 76.29 अमेरिकी डॉलर प्रति औंस पर पहुंच गई.
क्यों आई तेजी?
HDFC सिक्योरिटीज के कमोडिटीज के वरिष्ठ विश्लेषक सौमिल गांधी ने बताया कि कीमतें एक सीमित दायरे में ऊपर-नीचे होती रहीं, क्योंकि निवेशक भू-राजनीतिक घटनाक्रमों और अमेरिका के आने वाले आर्थिक आंकड़ों पर ज्यादा स्पष्टता का इंतजार कर रहे थे. उन्होंने आगे कहा कि कच्चे तेल की कीमतों में आई नरमी, अमेरिकी ट्रेजरी यील्ड में गिरावट और कमजोर डॉलर ने सोने-चांदी (बुलियन) को सहारा दिया, जिससे सोमवार को आई गिरावट के बाद कीमतें स्थिर होने में मदद मिली.
फ्यूचर्स कारोबार में भी बढ़ीं कीमतें
मंगलवार को US-ईरान संघर्ष को लेकर फिर से पैदा हुई भू-राजनीतिक अनिश्चितता के बीच, फ्यूचर्स कारोबार में सोने की कीमतें लगभग 1 फीसदी बढ़कर 10 ग्राम पर 1.60 लाख रुपये हो गईं. मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज पर, अगस्त महीने के लिए सोने का कॉन्ट्रैक्ट 1,313 रुपये, या 0.82 फीसदी बढ़कर 10 ग्राम पर 1,60,554 रुपये हो गया. इस दौरान 8,150 लॉट का कारोबार हुआ.
विश्लेषकों ने बताया कि कीमती धातुओं की कीमतों में बढ़ोतरी इसलिए हुई, क्योंकि निवेशकों ने पश्चिम एशिया में हुई नई सैन्य गतिविधियों के बाद भू-राजनीतिक जोखिमों का फिर से आकलन किया. इन गतिविधियों ने US और ईरान के बीच एक स्थायी शांति समझौता कराने के प्रयासों को और जटिल बना दिया है.
वैश्विक बाजारों में न्यूयॉर्क में अगस्त महीने के लिए Comex सोने का फ्यूचर्स कॉन्ट्रैक्ट 63.79 डॉलर, या 1.42 फीसदी बढ़कर 4,570.09 डॉलर प्रति औंस हो गया.