GST Collection: अक्टूबर में GST कलेक्शन 22.9% उछलकर ₹2.31 लाख करोड़; जानें किस राज्य से कितना मिला
अक्टूबर में देश का ग्रॉस GST कलेक्शन 22.9% बढ़कर 2.31 लाख करोड़ रुपये पहुंच गया. चालू वित्त वर्ष के अप्रैल से अक्टूबर के बीच कुल कलेक्शन 14.78 लाख करोड़ रुपये रहा. महाराष्ट्र 35,150 करोड़ रुपये के साथ सबसे आगे रहा. असम में GST कलेक्शन में सबसे ज्यादा 47% की बढ़ोतरी हुई, जबकि सिक्किम में 28% की गिरावट दर्ज की गई.

अक्टूबर में देश का ग्रॉस GST कलेक्शन सालाना आधार पर 22.9% बढ़कर 2.31 लाख रुपये करोड़ पहुंच गया. पिछले साल इसी महीने के मुकाबले यह बड़ी बढ़ोतरी है. रविवार को जारी सरकारी आंकड़ों के मुताबिक, चालू वित्त वर्ष 2026-27 के पहले सात महीनों यानी अप्रैल से अक्टूबर के दौरान कुल ग्रॉस GST कलेक्शन 14.78 लाख करोड़ रुपये रहा. इसमें सालाना आधार पर 13.2% की बढ़ोतरी दर्ज की गई.
अक्टूबर में घरेलू कारोबार से GST कलेक्शन 15.8% बढ़कर 1.59 लाख करोड़ रुपये रहा. वहीं, आयात से मिलने वाला GST रेवेन्यू 42.2% की छलांग के साथ 72,246 करोड़ रुपये पर पहुंच गया. इस दौरान GST रिफंड भी सालाना आधार पर 6.5% बढ़कर 27,934 करोड़ रुपये रहा.
CGST, SGST और IGST से कितना मिला?
अक्टूबर के कुल GST कलेक्शन में सेंट्रल GST (CGST) की हिस्सेदारी 42,935 करोड़ रुपये रही. स्टेट GST (SGST) से 51,340 करोड़ रुपये मिले, जबकि इंटीग्रेटेड GST (IGST) कलेक्शन 1.37 लाख करोड़ रुपये रहा.
रिफंड को घटाने के बाद कुल नेट GST रेवेन्यू में 25.6% की बढ़ोतरी दर्ज की गई. घरेलू कारोबार से नेट रेवेन्यू में 16.4% और आयात से नेट रेवेन्यू में 56.2% की बढ़ोतरी हुई. आयात से नेट रेवेन्यू ₹58,319 करोड़ रहा.
महाराष्ट्र GST कलेक्शन में सबसे आगे
राज्यों के आंकड़ों में महाराष्ट्र अक्टूबर में सबसे आगे रहा. राज्य का GST कलेक्शन सालाना आधार पर 13% बढ़कर 35,150 करोड़ रुपये पहुंच गया. पिछले साल अक्टूबर में यह 31,013 करोड़ रुपये था.
कर्नाटक 15,922 करोड़ रुपये के कलेक्शन के साथ दूसरे स्थान पर रहा. यहां सालाना आधार पर 18% की बढ़ोतरी दर्ज की गई. गुजरात का GST कलेक्शन 16% बढ़कर 13,516 करोड़ रुपये रहा.
उत्तर प्रदेश और हरियाणा में भी बढ़ा GST कलेक्शन
उत्तर प्रदेश में अक्टूबर के दौरान GST कलेक्शन 24% बढ़कर 10,235 करोड़ रुपये पहुंच गया. पिछले साल इसी महीने में यह 8,283 करोड़ रुपये था.
हरियाणा का GST कलेक्शन 17% बढ़कर 11,529 करोड़ रुपये रहा. वहीं, दिल्ली में 10% की बढ़ोतरी के साथ यह 9,298 करोड़ रुपये पर पहुंच गया. पंजाब का GST रेवेन्यू 25% बढ़कर 2,856 करोड़ रुपये रहा.
असम में सबसे ज्यादा 47% की बढ़ोतरी
बड़े राज्यों में असम ने GST कलेक्शन की बढ़ोतरी के मामले में सबसे अच्छा प्रदर्शन किया. राज्य का कलेक्शन 47% बढ़कर 1,934 करोड़ पहुंच गया. पिछले साल अक्टूबर में यह 1,315 करोड़ रुपये था. झारखंड में GST कलेक्शन 31% बढ़कर 2,821 करोड़ रहा. मध्य प्रदेश में 29% की बढ़ोतरी के साथ यह 3,768 करोड़ पर पहुंच गया.
केरल का GST कलेक्शन 23% बढ़कर 3,486 करोड़ रहा. पश्चिम बंगाल में 17% की बढ़ोतरी के साथ यह 6,055 करोड़ और तेलंगाना में 14% बढ़कर 5,958 करोड़ रहा. आंध्र प्रदेश का GST रेवेन्यू 24% बढ़कर 4,307 करोड़ पहुंच गया.
इन राज्यों में घटा GST कलेक्शन
अक्टूबर में कुछ राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में GST कलेक्शन में गिरावट भी दर्ज की गई. सिक्किम में सबसे ज्यादा 28% की कमी आई और कलेक्शन घटकर 221 करोड़ रुपये रह गया.
लद्दाख में GST कलेक्शन 20% गिरकर 63 करोड़ रुपये रहा. पुडुचेरी में 7% की गिरावट के साथ यह 179 करोड़ रुपये और हिमाचल प्रदेश में 2% की मामूली कमी के साथ 704 करोड़ रुपये रहा.
तमिलनाडु, राजस्थान और बिहार का हाल
तमिलनाडु का GST कलेक्शन सालाना आधार पर 3% बढ़कर 11,661 करोड़ रुपये रहा. ओडिशा में 10% की बढ़ोतरी के साथ यह 4,744 करोड़ रुपये पहुंच गया. राजस्थान का GST रेवेन्यू 16% बढ़कर 4,937 करोड़ रुपये रहा. वहीं, बिहार में 24% की बढ़ोतरी के साथ अक्टूबर का कलेक्शन 1,827 करोड़ रुपये दर्ज किया गया.
इसे भी पढ़ें- 3% DA Hike से रिटायरमेंट पर कितना बढ़ेगा पैसा? समझें पूरा कैलकुलेशन