NRI सेविंग अकाउंट वालों के लिए जरूरी खबर, कैश जमा और निकासी होगी महंगी
ICICI Bank ने NRI सेविंग अकाउंट के सर्विस चार्ज में बदलाव किया है. नए नियम 1 दिसंबर 2026 से लागू होंगे. कैश जमा और निकासी की लिमिट पार करने पर अब हर 1,000 रुपये पर 4 रुपये देने होंगे. वहीं, ECS डेबिट फेल होने पर दूसरी और तीसरी बार 550 रुपये का चार्ज लगेगा. ये बदलाव कई NRI अकाउंट पर लागू होंगे.

ICICI Bank ने एनआरआई (NRI) सेविंग अकाउंट से जुड़ी कुछ बैंकिंग सेवाओं के चार्ज में बदलाव किया है. नए नियम 1 दिसंबर 2026 से लागू होंगे. इसके तहत कैश जमा और निकासी की तय लिमिट पार करने पर ग्राहकों को पहले से ज्यादा पैसे देने होंगे. इसके अलावा ECS डेबिट फेल होने पर भी अलग-अलग चार्ज वसूला जाएगा. नए बदलावों का असर एनआरआई प्राइवेट बैंकिंग, प्रीमियम, सिलेक्ट, प्रो और रेगुलर सेविंग अकाउंट पर पड़ेगा.
कैश जमा और निकासी पर बढ़ेगा चार्ज
बैंक ने तय फ्री लिमिट से ज्यादा कैश जमा और निकासी करने पर लगने वाले चार्ज में बदलाव किया है. अभी तक लिमिट पार होने पर हर 1,000 रुपये के ट्रांजैक्शन पर 3.50 रुपये का चार्ज लगता था. 1 दिसंबर से इसे बढ़ाकर 4 रुपये प्रति 1,000 रुपये कर दिया गया है. हालांकि, न्यूनतम चार्ज 150 रुपये रहेगा.
एनआरआई सेविंग अकाउंट में हर महीने 3 कैश डिपॉजिट और 3 कैश विड्रॉल ट्रांजैक्शन मुफ्त मिलेंगे. इसके अलावा जमा और निकासी के लिए अलग-अलग 1 लाख रुपये तक की मासिक लिमिट भी रहेगी. इस लिमिट को पार करने पर नया चार्ज लागू होगा.
प्राइवेट बैंकिंग ग्राहकों को मिलेगी ज्यादा छूट
एनआरआई प्राइवेट बैंकिंग और प्रीमियम कैटेगरी के कुछ ग्राहकों को सामान्य खातों के मुकाबले ज्यादा ट्रांजैक्शन की सुविधा मिलेगी. इसके लिए ग्राहकों को कम से कम 1 करोड़ रुपये का रिलेशनशिप वैल्यू बनाए रखना होगा. दूसरा विकल्प यह है कि पिछले तीन महीनों में से किसी एक महीने में खाते में 25 लाख रुपये या उससे ज्यादा का डिपॉजिट और बैलेंस होना चाहिए.
ऐसे योग्य ग्राहकों को हर महीने कुल 15 कैश ट्रांजैक्शन मुफ्त मिलेंगे. इसके अलावा कैश जमा और निकासी के लिए अलग-अलग 15 लाख रुपये तक की लिमिट होगी. इस लिमिट के पार होने पर 1,000 रुपये पर 4 रुपये या न्यूनतम 150 रुपये का चार्ज लगेगा.
ECS डेबिट फेल होने पर कितना लगेगा चार्ज?
बैंक ने ECS (इलेक्ट्रॉनिक क्लियरिंग सर्विस) डेबिट रिटर्न के चार्ज में भी बदलाव किया है. अगर खाते में पर्याप्त बैलेंस नहीं होने या किसी दूसरी वित्तीय वजह से ECS पेमेंट फेल होता है तो ग्राहकों को चार्ज देना होगा.
इसके तहत पहली बार ECS डेबिट फेल होने पर 500 रुपये देने होंगे. वहीं, उसी महीने दूसरी और तीसरी बार पेमेंट फेल होने पर हर बार 550 रुपये का चार्ज लगेगा. एक ही मैंडेट पर महीने में अधिकतम तीन बार ही यह चार्ज वसूला जाएगा. इन सभी चार्ज के ऊपर लागू GST भी देना होगा.
किन NRI खाताधारकों पर लागू होंगे नए नियम?
ये बदलाव ICICI Bank के अलग-अलग एनआरआई सेविंग अकाउंट पर लागू होंगे. इनमें NRI Private Banking, NRI Premium/Premia, NRI Select, NRI Pro, NRI Regular, Seafarer, Virtu और NRI Sparsh अकाउंट शामिल हैं. यह बदलाव उन खातों पर भी लागू होंगे, जो 4 अगस्त 2025 से पहले खोले गए थे. ग्राहकों को सलाह है कि वे कैश ट्रांजैक्शन और ECS पेमेंट करने से पहले अपने अकाउंट की फ्री लिमिट और लागू चार्ज की जानकारी जरूर जांच लें.