Meta में ‘महाछंटनी’ की तैयारी! 8,000 कर्मचारियों पर गिरेगी गाज, 20 May बन सकता है काला दिन, AI बना बड़ी वजह
मेटा (फेसबुक, इंस्टाग्राम) मई में करीब 8,000 कर्मचारियों की छंटनी कर सकता है. जुकरबर्ग एआई (AI) पर भारी निवेश कर रहे हैं, जिसके कारण 'कार्यकुशलता' के नाम पर कुल वर्कफोर्स में 10% की कटौती होगी. मुनाफे के बावजूद अमेजन और डिज्नी जैसी दिग्गज कंपनियां भी इस साल हजारों नौकरियां खत्म कर चुकी हैं.

Meta Layoffs May 2026: टेक जगत की दिग्गज कंपनी मेटा (फेसबुक और इंस्टाग्राम की पेरेंट कंपनी) एक बार फिर बड़े पैमाने पर कर्मचारियों का ले-ऑफ करने जा रही है. रॉयटर्स की ताजा रिपोर्ट्स के मुताबिक, मार्क जुकरबर्ग की अगुवाई वाली यह कंपनी अपने ग्लोबल वर्कफोर्स से करीब 8,000 कर्मचारियों को बाहर का रास्ता दिखाने की तैयारी में है. यह छंटनी 2022 और 2023 के बाद मेटा का अब तक का सबसे बड़ा कदम माना जा रहा है.
खबरों की मानें तो छंटनी का यह दौर इसी साल 20 मई के आसपास शुरू हो सकता है.
10 फीसदी वर्कफोर्स पर संकट
रॉयटर्स ने सूत्रों के हवाले से जानकारी दी है कि शुरुआती दौर में मेटा अपने कुल कर्मचारियों में से करीब 10 प्रतिशत की कटौती करेगा. हालांकि, यह सिलसिला यहीं नहीं थमेगा; कंपनी साल की दूसरी छमाही में भी कुछ और छंटनी कर सकती है. दिलचस्प बात यह है कि पहले यह चर्चा थी कि मेटा 20 फीसदी से ज्यादा स्टाफ कम करेगा, लेकिन फिलहाल यह आंकड़ा 8,000 (लगभग 10%) के आसपास ठहरता दिख रहा है.
एआई (AI) का बढ़ता दखल और ‘एफिशिएंसी’ का तर्क
मार्क जुकरबर्ग इन दिनों आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) पर अरबों डॉलर खर्च कर रहे हैं. कंपनी के अधिकारियों का मानना है कि एआई की मदद से काम को अधिक कुशल बनाया जा सकता है, जिससे मैनेजमेंट की परतों को कम करने में मदद मिलेगी. यानी, जहां पहले इंसानी दिमाग और ज्यादा लोगों की जरूरत थी, अब वहां एआई-असिस्टेड वर्कर्स काम संभालेंगे.
हैरानी की बात यह है कि मेटा की आर्थिक स्थिति काफी मजबूत है. पिछले साल कंपनी ने 200 अरब डॉलर से ज्यादा का रेवेन्यू जेनरेट किया और 60 अरब डॉलर का मुनाफा कमाया. इसके बावजूद, कंपनी ‘दक्षता’ (Efficiency) के नाम पर छंटनी का सहारा ले रही है. मेटा के शेयर भी इस साल करीब 3.68% तक चढ़े हैं.
टेक सेक्टर में छंटनी का ‘तूफान’
सिर्फ मेटा ही नहीं, अन्य बड़ी कंपनियां भी इसी रास्ते पर हैं:
- अमेजन: हाल के महीनों में लगभग 30,000 कॉर्पोरेट कर्मचारियों को निकाला.
- ब्लॉक (Block): इस फिनटेक कंपनी ने अपने स्टाफ में लगभग 50% की कटौती की है.
- डिज्नी: सीईओ जोश डी’अमारो ने टीवी बिजनेस, ईएसपीएन और टेक्नोलॉजी सेक्शन से 1,000 नौकरियों को खत्म करने का एलान किया है.
- Sama: मेटा से कॉन्ट्रैक्ट खत्म होने के बाद इस कंपनी ने भी 1,100 से ज्यादा कर्मचारियों की छंटनी की नोटिस जारी की है.
यह भी पढ़ें: ₹15 लाख का लोन लेकर भी पाएं प्रॉफिट, ₹2.92 लाख तक का होगा मुनाफा! पोस्ट ऑफिस की यह स्कीम बन सकती है गेम चेंजर
Layoffs.fyi के आंकड़ों के अनुसार, इस साल अब तक 73,000 से ज्यादा लोग अपनी नौकरियां गंवा चुके हैं, जबकि 2024 में यह आंकड़ा 1.53 लाख था. साफ है कि एआई के दौर में टेक कंपनियां खुद को नए सिरे से ढाल रही हैं, जिसकी कीमत कर्मचारियों को अपनी नौकरी देकर चुकानी पड़ रही है.