15 दिसंबर से बदलेंगे कार-बाइक इंश्योरेंस के नियम, परिवार को नहीं मिलेगा पूरा कवर!

15 दिसंबर 2026 से कार और बाइक इंश्योरेंस के नियम बदलने जा रहे हैं. IRDAI ने मोटर इंश्योरेंस को चार हिस्सों में बांटने का फैसला किया है. नए सिस्टम में माता-पिता, पत्नी और बच्चों को पैसेंजर लायबिलिटी कवर नहीं मिलेगा. परिवार की सुरक्षा के लिए अलग पर्सनल एक्सीडेंट कवर लेना होगा. ग्राहक अपनी जरूरत के हिसाब से बीमा चुन सकेंगे.

कार और बाइक इंश्योरेंस Image Credit:

अगर आपके पास कार या बाइक है और आप उसका इंश्योरेंस कराते हैं तो 15 दिसंबर 2026 की तारीख आपके लिए अहम होने वाली है. इस दिन से मोटर इंश्योरेंस का नया सिस्टम लागू होगा. अब कार और दोपहिया वाहनों की इंश्योरेंस पॉलिसी चार अलग-अलग हिस्सों में बंटी होगी. ग्राहक अपनी जरूरत के हिसाब से अलग-अलग कवर चुन सकेंगे. लेकिन इसमें एक ऐसी बात है, जिसे नजरअंदाज करना आपके परिवार के लिए महंगा पड़ सकता है. नई व्यवस्था में कार में बैठे आपके माता-पिता, पत्नी और बच्चों को पैसेंजर लायबिलिटी कवर का फायदा अपने आप नहीं मिलेगा.

मोटर इंश्योरेंस में क्या होने जा रहा है बदलाव?

भारतीय बीमा नियामक और विकास प्राधिकरण (IRDAI) ने मोटर इंश्योरेंस के लिए चार हिस्सों वाला नया सिस्टम तैयार किया है. यह नियम 15 दिसंबर 2026 से जारी होने वाली प्राइवेट कार और दोपहिया वाहनों की पॉलिसी पर लागू होगा.

अभी ग्राहक थर्ड पार्टी या कॉम्प्रिहेंसिव इंश्योरेंस पॉलिसी चुनते हैं. लेकिन नए सिस्टम में एक ही पॉलिसी के अंदर चार तरह के कवर दिए जाएंगे. ग्राहक को एक फॉर्म भरकर बताना होगा कि वह कौन-सा कवर लेना चाहता है और कौन-सा नहीं.

मोटर इंश्योरेंस के चार हिस्से क्या होंगे?

  1. थर्ड पार्टी इंश्योरेंस: यह कवर अनिवार्य रहेगा. सड़क दुर्घटना में किसी दूसरे व्यक्ति की मौत, चोट या उसकी संपत्ति को नुकसान पहुंचने पर यह बीमा आर्थिक जिम्मेदारी उठाएगा.
  2. पैसेंजर लायबिलिटी कवर: यह वैकल्पिक कवर होगा. इसके तहत कार में बैठे यात्रियों या बाइक पर पीछे बैठने वाले व्यक्ति को चोट लगने या मौत होने की स्थिति में वाहन मालिक की कानूनी जिम्मेदारी कवर होगी. इसमें कर्मचारी भी शामिल हो सकते हैं. हालांकि, इसके लिए अतिरिक्त प्रीमियम देना होगा.
  3. पर्सनल एक्सीडेंट कवर: इसमें वाहन के रजिस्टर्ड मालिक और पॉलिसीधारक के लिए व्यक्तिगत दुर्घटना बीमा अनिवार्य रहेगा, जबकि दूसरे यात्रियों और पिलियन राइडर के लिए अतिरिक्त कवर लेना वैकल्पिक होगा.
  4. ओन डैमेज कवर: इस कवर के तहत दुर्घटना, चोरी या पॉलिसी में शामिल अन्य वजहों से आपके अपने वाहन को हुए नुकसान की भरपाई की जाएगी. यह कवर वैकल्पिक रहेगा.

माता-पिता, पत्नी और बच्चों को क्यों नहीं मिलेगा पैसेंजर कवर?

नए नियमों में सबसे महत्वपूर्ण बात पैसेंजर लायबिलिटी कवर से जुड़ी है. इस कवर में वाहन मालिक और उसके करीबी परिवार के सदस्यों को शामिल नहीं किया गया है. इनमें माता-पिता, पति या पत्नी और बच्चे शामिल हैं.

इसका मतलब है कि अगर आपकी कार में सफर करते समय आपके परिवार के किसी सदस्य को चोट लगती है या उसकी मौत हो जाती है तो सिर्फ पैसेंजर लायबिलिटी कवर के आधार पर बीमा सुरक्षा नहीं मिलेगी.

ऐसी स्थिति में परिवार के सदस्यों के लिए अलग से पर्सनल एक्सीडेंट कवर लेना जरूरी होगा. इस कवर के तहत दुर्घटना में मौत या स्थायी विकलांगता होने पर तय बीमा राशि मिल सकती है. इसलिए कार या बाइक का इंश्योरेंस लेते समय केवल पैसेंजर कवर देखकर संतुष्ट नहीं होना चाहिए.

क्या पहले से चल रही पॉलिसी में भी जुड़वा सकेंगे कवर?

जिन लोगों के पास पहले से थर्ड पार्टी मोटर इंश्योरेंस है, उनके लिए भी राहत की बात है. वे अपनी मौजूदा पॉलिसी को रद्द किए बिना पैसेंजर लायबिलिटी कवर जुड़वा सकेंगे. इसके लिए अतिरिक्त प्रीमियम देना होगा.

हालांकि, यह सुविधा उसी बीमा कंपनी से मिलेगी, जिससे मौजूदा थर्ड पार्टी पॉलिसी खरीदी गई है. नया कवर बीमा कंपनी की ओर से जारी एंडोर्समेंट में बताई गई तारीख और समय से लागू होगा. पुराने हादसों पर इसका फायदा नहीं मिलेगा.

इंश्योरेंस खरीदते समय अब इन बातों का रखें ध्यान

नई व्यवस्था में बीमा कंपनियों को ग्राहकों से एक ऑप्शन फॉर्म भरवाना होगा. इसमें ग्राहक को बताना होगा कि उसने कौन-कौन से कवर चुने हैं. ऑनलाइन पॉलिसी खरीदने पर भी यह विकल्प दर्ज करना होगा.

इसके अलावा बीमा कंपनियों को कस्टमर इंफॉर्मेशन शीट (CIS) देनी होगी. इसमें हर कवर की जानकारी और उसका अलग प्रीमियम बताया जाएगा. पॉलिसी के दस्तावेज में भी सभी कवर और उनके चार्ज अलग-अलग दिखाने होंगे.

इसलिए इंश्योरेंस खरीदते या रिन्यू कराते समय यह जरूर जांचें कि परिवार के सदस्यों के लिए पर्सनल एक्सीडेंट कवर लिया गया है या नहीं. सिर्फ सबसे सस्ता प्रीमियम देखकर पॉलिसी चुनना आपके लिए जोखिम भरा हो सकता है.

यह भी पढ़ें- NRI सेविंग अकाउंट वालों के लिए जरूरी खबर, कैश जमा और निकासी होगी महंगी