RBI की बड़ी तैयारी, जल्द आ सकते हैं 10 और 20 रुपये के पॉलिमर नोट; जारी किया ग्लोबल टेंडर
भारतीय रिजर्व बैंक जल्द ही 10 रुपये और 20 रुपये के पॉलिमर नोट जारी करने की दिशा में आगे बढ़ सकता है. RBI की करेंसी प्रिंटिंग इकाई ने पॉलिमर सब्सट्रेट की सप्लाई के लिए ग्लोबल टेंडर जारी की है. शुरुआत में 68000 रीम सामग्री खरीदी जाएगी. सफल परीक्षण के बाद अन्य मूल्यवर्ग के नोट भी पॉलिमर पर छापे जा सकते हैं.

Polymer Currency: भारतीय रिजर्व बैंक जल्द ही देश में पॉलिमर बैंकनोट लाने की दिशा में कदम बढ़ा सकता है. RBI की करेंसी प्रिंटिंग यूनिट ने पॉलिमर सब्सट्रेट शीट की सप्लाई के लिए ग्लोबल टेंडर जारी की है. इन शीट्स का इस्तेमाल भारतीय नोट छापने में किया जाएगा. शुरुआती चरण में 10 रुपये और 20 रुपये के नोट पॉलिमर मैटेरियल पर छापे जा सकते हैं. यदि टेस्ट सफल रहता है तो आगे अन्य मूल्यवर्ग (Denomination) के नोट भी इस तकनीक से बनाए जा सकते हैं. इससे नोट अधिक टिकाऊ और सुरक्षित बनेंगे.
पॉलिमर नोट के लिए जारी हुई ग्लोबल टेंडर
RBI की करेंसी प्रिंटिंग इकाई BRBNMPL ने शुक्रवार को ग्लोबल कंपनियों को बिडिंग के लिए इनवाइट है. इच्छुक कंपनियां 18 अगस्त 2026 तक अप्लाई कर सकती हैं. इन कंपनियों को पॉलिमर सब्सट्रेट शीट उपलब्ध करानी होगी जिनका उपयोग भारतीय बैंकनोट छापने में किया जाएगा. यह कदम भारत में प्लास्टिक करेंसी की शुरुआत की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है. पिछले महीने RBI गवर्नर संजय मल्होत्रा ने भी पॉलिमर नोट पर विचार होने की बात कही थी.
शुरुआती चरण में 10 और 20 रुपये के नोट
ब्लूमबर्ग की रिपोर्ट के मुताबिक, सबसे पहले 10 रुपये और 20 रुपये के नोट पॉलिमर सामग्री पर छापे जा सकते हैं. सूत्रों के मुताबिक इन नोटों के लिए स्पेशल सिक्योरिटी इंक का उपयोग होगा. इसका उद्देश्य नोटों की सुरक्षा को मजबूत बनाना और नकली नोटों पर रोक लगाना है. कम मूल्यवर्ग (Denomination) के नोट सबसे अधिक इस्तेमाल होते हैं इसलिए इनके लिए पॉलिमर सामग्री अधिक उपयोगी मानी जा रही है. इससे नोटों की उम्र भी बढ़ सकती है.
68000 रीम सामग्री की होगी खरीद
BRBNMPL ने शुरुआत में करीब 68000 रीम BOPP आधारित पॉलिमर सब्सट्रेट की जरूरत बताई है. यह सामग्री दो मूल्यवर्ग के नोटों के लिए इस्तेमाल की जाएगी. एक रीम में 500 शीट्स होंगी. संस्था का कहना है कि यदि फील्ड ट्रायल सफल रहते हैं तो आगे और अधिक मात्रा में खरीद की जाएगी. भविष्य में अन्य मूल्यवर्ग के नोटों के लिए भी अलग टेंडर जारी की जा सकती हैं.
यह भी पढ़ें- ICICI Bank Q1 Results: 16% बढ़कर 14,805 करोड़ रुपये पर पहुंचा मुनाफा, Gross NPA भी घटा
नोटों में होंगे कई एडवांस सुरक्षा फीचर
पॉलिमर नोटों में कई एडवांस सेफ्टी फीचर शामिल किए जाएंगे. इनमें ट्रांसपेरेंट विंडो, चित्र वाला सुरक्षा भाग, मेटल्स बेस्ड न्यूमेरिकल, मैगेनेटिक सेफ्टी थ्रेड, शैडो इमेज और विशेष चमकदार पैटर्न शामिल होंगे. ये फीचर नकली नोटों की पहचान आसान बनाएंगे. साथ ही नोटों को अधिक सुरक्षित और आधुनिक बनाने में मदद करेंगे.