सितंबर में सरकार की कमाई बढ़ी, GST कलेक्शन 2 लाख करोड़ के पार; 14.7% की बढ़ोतरी
सितंबर 2026 में देश का ग्रॉस GST कलेक्शन 2.03 लाख करोड़ रुपये रहा, जो पिछले साल के मुकाबले 14.7 फीसदी ज्यादा है. अप्रैल से सितंबर के दौरान कुल GST कलेक्शन 12.46 लाख करोड़ रुपये रहा. सितंबर में नेट GST रेवेन्यू 1.76 लाख करोड़ रुपये रहा, जिसमें 18.1 फीसदी की बढ़ोतरी हुई. राज्यों में महाराष्ट्र का GST कलेक्शन सबसे ज्यादा रहा.

सितंबर 2026 में देश का ग्रॉस GST कलेक्शन 203521 करोड़ रुपये रहा है. यह पिछले साल सितंबर के मुकाबले 14.7 फीसदी ज्यादा है. चालू वित्त वर्ष के पहले छह महीने यानी अप्रैल से सितंबर के दौरान कुल ग्रॉस GST कलेक्शन 1246278 करोड़ रुपये रहा. इस दौरान GST कलेक्शन में सालाना आधार पर 11.6 फीसदी की बढ़ोतरी हुई. सितंबर में कुल नेट GST रेवेन्यू 1,76,520 करोड़ रुपये रहा, जो एक साल पहले के मुकाबले 18.1 फीसदी ज्यादा है. सितंबर में GST रिफंड 3 फीसदी घटकर 27001 करोड़ रुपये रहा.
CGST और SGST से कितनी हुई कमाई
सितंबर के कुल GST कलेक्शन में CGST 37,762 करोड़ रुपये रहा. वहीं SGST से 45,363 करोड़ रुपये की कमाई हुई. IGST कलेक्शन 1,20,396 करोड़ रुपये रहा. इस दौरान ग्रॉस घरेलू रेवेन्यू 10.1 फीसदी बढ़कर 137996 करोड़ रुपये हो गया. एक साल पहले यह आंकड़ा 1,25,334 करोड़ रुपये था. नेट घरेलू रेवेन्यू भी 13.5 फीसदी बढ़कर 124491 करोड़ रुपये रहा. कुल नेट GST रेवेन्यू में सितंबर के दौरान 18.1 फीसदी की बढ़ोतरी दर्ज की गई.
महाराष्ट्र का GST कलेक्शन सबसे ज्यादा
सितंबर में राज्यों में महाराष्ट्र का GST कलेक्शन सबसे ज्यादा रहा. महाराष्ट्र ने 29986 करोड़ रुपये का GST कलेक्शन दर्ज किया, जो पिछले साल के 25973 करोड़ रुपये से 15 फीसदी ज्यादा है. कर्नाटक का GST कलेक्शन 16 फीसदी बढ़कर 13884 करोड़ रुपये रहा. गुजरात में GST कलेक्शन 17 फीसदी बढ़कर 12,222 करोड़ रुपये हो गया. इन तीनों राज्यों में सितंबर के दौरान GST कलेक्शन में अच्छी बढ़ोतरी दर्ज की गई.
यूपी और तेलंगाना में 18 फीसदी बढ़ा GST
उत्तर प्रदेश में सितंबर 2026 का GST कलेक्शन 8882 करोड़ रुपये रहा. एक साल पहले यह 7516 करोड़ रुपये था, यानी राज्य के GST कलेक्शन में 18 फीसदी की बढ़ोतरी हुई. तेलंगाना का GST कलेक्शन भी 18 फीसदी बढ़कर 5,327 करोड़ रुपये रहा. पंजाब में GST कलेक्शन 18 फीसदी बढ़कर 2,549 करोड़ रुपये हो गया. वहीं केरल में GST कलेक्शन 11 फीसदी बढ़कर 3328 करोड़ रुपये रहा. पश्चिम बंगाल में 6 फीसदी बढ़ोतरी के साथ GST कलेक्शन 5549 करोड़ रुपये रहा.
असम और मणिपुर में सबसे तेज बढ़ोतरी
बड़े राज्यों में असम के GST कलेक्शन में सबसे ज्यादा बढ़ोतरी दर्ज की गई. सितंबर में असम का GST कलेक्शन 88 फीसदी बढ़कर 2,415 करोड़ रुपये रहा, जबकि एक साल पहले यह 1,287 करोड़ रुपये था. मणिपुर में GST कलेक्शन 145 फीसदी बढ़कर 92 करोड़ रुपये हो गया. अरुणाचल प्रदेश में GST कलेक्शन 46 फीसदी बढ़ा. नागालैंड में भी GST कलेक्शन में 39 फीसदी की बढ़ोतरी हुई. ओडिशा का GST कलेक्शन 10 फीसदी बढ़कर 4356 करोड़ रुपये रहा.
ये भी पढ़ें- कौन हैं कोटक महिंद्रा बैंक के नए MD और CEO अनूप कुमार साहा? ऐलान के बाद शेयरों में बंपर उछाल
इन राज्यों में GST कलेक्शन में गिरावट
सितंबर में कई राज्यों के GST कलेक्शन में गिरावट भी दर्ज की गई. सिक्किम में GST कलेक्शन 51 फीसदी घटकर 194 करोड़ रुपये रहा, जो सबसे बड़ी गिरावट है. जम्मू कश्मीर में कलेक्शन 29 फीसदी घटकर 487 करोड़ रुपये रहा. उत्तराखंड में GST कलेक्शन 23 फीसदी घटकर 1,277 करोड़ रुपये और हिमाचल प्रदेश में 21 फीसदी घटकर 640 करोड़ रुपये रहा. तमिलनाडु का GST कलेक्शन 5 फीसदी घटकर 10,188 करोड़ रुपये रहा. गोवा में 7 फीसदी गिरावट के साथ कलेक्शन 494 करोड़ रुपये रहा, जबकि पुडुचेरी और मेघालय में भी GST कलेक्शन घटा.