दिवाली से पहले चीनी की कीमतों में जोरदार बढ़ोतरी, 6 दिनों में 17 फीसदी बढ़ा रेट; जानें- क्या है वजह

देश में चीनी की कमी है और बाजार में अतिरिक्त 3,00,000 टन चीनी लाने के बावजूद कमी दूर नहीं हो पाई है. रकार ने 1 मिलियन टन कच्ची चीनी के ड्यूटी-फ्री इंपोर्ट की इजाजत दी है, डीलरों के लिए स्टॉक रखने की सीमा तय की है.

चीनी की कीमतों में जोरदार इजाफा. Image Credit: money9live

Sugar Price Rise: दिवाली से पहले सप्लाई कम होने और घरों व मिठाई बनाने वालों की तरफ से त्योहार के समय जबरदस्त मांग के कारण चीनी की कीमतें बढ़ रही हैं. पिछले छह दिनों में कीमतों में 13 फीसदी से अधिक की बढ़ोतरी हुई है.

कितनी बढ़ी कीमत?

हिंदुस्तान टाइम्स की रिपोर्ट के अनुसार, स्थानीय व्यापारियों का हवाला देते हुए बताया गया है कि उत्तर प्रदेश में एक्स-मिल कीमतें 6 अक्टूबर के 4,600 रुपये प्रति क्विंटल से बढ़कर 12 अक्टूबर को 13 फीसदी की बढ़ोतरी के साथ 5,200 रुपये प्रति क्विंटल हो गईं. वहीं महाराष्ट्र में कीमतें 17 फीसदी बढ़कर 5,100 रुपये प्रति क्विंटल हो गईं.

सप्लाई में कमी

एग्रीकल्चर एक्सपर्ट और इंडिपेंडेंट डायरेक्टर GK सूद ने HT को बताया कि देश में चीनी की कमी है और बाजार में अतिरिक्त 3,00,000 टन चीनी लाने के बावजूद कमी दूर नहीं हो पाई है. उन्होंने कहा कि स्टॉक और व्यापार पर लगी पाबंदियों ने सप्लाई को और कम कर दिया है.

सरकार ने उठाए हैं कदम

केंद्र सरकार ने चीनी की उपलब्धता बढ़ाने और जमाखोरी रोकने के लिए कदम उठाए हैं. सरकार ने 1 मिलियन टन कच्ची चीनी के ड्यूटी-फ्री इंपोर्ट की इजाजत दी है, डीलरों के लिए स्टॉक रखने की सीमा तय की है और थोक खरीदारों को घरेलू खुले बाजार से चीनी खरीदने पर रोक लगा दी है.

हाई-लेवल जॉइंट कमिटी बनाने का फैसला

इसके अलावा, केंद्र सरकार ने 12 अक्टूबर को दो राज्यों के गन्ना किसानों की चिंताओं को दूर करने के लिए एक हफ्ते के अंदर एक हाई-लेवल जॉइंट कमिटी बनाने का फैसला किया.

यह फैसला दिल्ली के पूसा कैंपस में केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान, खाद्य मंत्री प्रह्लाद जोशी और किसानों के एक प्रतिनिधिमंडल के बीच लगभग तीन घंटे चली बातचीत के बाद लिया गया. इस बैठक में अलग-अलग किसान संगठनों के लगभग 80 से 90 प्रतिनिधियों के साथ-साथ राज्य के मंत्री भी शामिल हुए.

यह भी पढ़ें: Jio IPO की धूम! 20 अरब डॉलर से अधिक की बोलियां मिलने की उम्मीद, कतार में निवेशक; बनेगा सबसे बड़ा पब्लिक ऑफर