इस हफ्ते ₹28,000 लुढ़की चांदी, सोने में भी ₹11,000 की गिरावट, जानें अब कहां पहुंचा भाव?

इस हफ्ते सोने और चांदी के दामों में लगातार गिरावट देखने को मिली. गोल्ड में तेज गिरावट आई, जबकि सिल्वर भी दबाव में रहा. डॉलर की मजबूती, ब्याज दरों की चिंता और ग्लोबल तनाव ने बाजार की दिशा बदल दी. जानिए पूरे हफ्ते का ट्रेंड और वजह.

सोने और चांदी में गिरावट Image Credit: AI Generated

Gold Weekly Report: सोने के दामों में इस हफ्ते लगातार गिरावट देखने को मिला. पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव, डॉलर की मजबूती और ब्याज दरों को लेकर अनिश्चितता ने सोने की चाल को काफी प्रभावित किया. ऐसे में यह हफ्ता गोल्ड निवेशकों के लिए काफी अहम रहा.

हफ्ते भर लुढ़कता रहा सोना

13 मार्च को गोल्ड का भाव ₹1,58,399 था, जो 16 मार्च यानी सोमवार को घटकर ₹1,55,714 रह गया. यानी सप्ताह की शुरुआत में ही करीब ₹2,685 की गिरावट देखने को मिली. आमतौर पर वैश्विक तनाव के बीच सोना बढ़ता है, लेकिन इस बार डॉलर की मजबूती और मुनाफावसूली ने कीमतों को दबाव में रखा.

17 मार्च को दाम ₹1,55,668 रहे और 18 मार्च को और गिरकर ₹1,54,879 पर आ गए. 19 मार्च को गिरावट जारी रही और सोना ₹1,47,889 पर कारोबार करने लगा, जो हफ्ते की सबसे बड़ी गिरावट में से एक रही. इस गिरावट के पीछे सबसे बड़ी वजह रही ब्याज दरों में कटौती की उम्मीद कम होना और बॉन्ड यील्ड का बढ़ना. ऐसे माहौल में सोना निवेशकों के लिए कम आकर्षक हो जाता है.

20 मार्च को सोने का भाव थोड़ा संभला और ₹1,47,218 पर बंद हुआ. हालांकि यह पूरे हफ्ते की तुलना में काफी नीचे रहा. बाजार में उतार-चढ़ाव के बीच निवेशकों ने कैश की जरूरत के चलते सोने में बिकवाली भी की, जिससे कीमतों पर दबाव बना रहा.

क्यों बदलती रही सोने की चाल

इस हफ्ते सोने की कीमतों पर कई ग्लोबल फैक्टर्स का असर दिखा:

  • मजबूत अमेरिकी डॉलर ने सोने की मांग घटाई
  • ब्याज दरों में बढ़ोतरी की आशंका से दबाव बना
  • पश्चिम एशिया तनाव के बावजूद निवेशकों ने मुनाफावसूली की
  • तेल की कीमतों में तेजी से महंगाई का डर बढ़ा

यह भी पढ़ें: मिसाइल बना रहीं कंपनियां, ब्रह्मोस से कनेक्शन, 1400% तक रिटर्न, क्या आपने पहचाने ये 5 छुपे डिफेंस स्टॉक्स?

सिल्वर में भी बड़ा उतार-चढ़ाव

सिल्वर की बात करें तो 13 मार्च को इसका भाव ₹2,60,488 प्रति किलो था, जो 20 मार्च को घटकर ₹2,32,364 रह गया. यानी पूरे हफ्ते में करीब ₹28,000 से ज्यादा की गिरावट आई. सिल्वर में गिरावट सोने से ज्यादा रही, क्योंकि यह इंडस्ट्रियल मेटल भी है और आर्थिक अनिश्चितता का असर इस पर ज्यादा पड़ता है.

DateGold 999 (PM Price – 10g)Silver 999 (PM Price – 1kg)
20-Mar-26₹1,47,218₹2,32,364
19-Mar-26₹1,47,889₹2,29,873
18-Mar-26₹1,54,879₹2,49,907
17-Mar-26₹1,55,668₹2,52,340
16-Mar-26₹1,55,714₹2,48,711
15-Mar-26— (रविवार)
14-Mar-26— (शनिवार)
13-Mar-26₹1,58,399₹2,60,488