ट्रंप की हार से भारत को कितना फायदा, कच्चे तेल, सोना-चांदी, शेयर बाजार और IT सेक्टर पर समझें असर

अमेरिका के मिडटर्म चुनाव में डोनाल्ड ट्रंप की रिपब्लिकन पार्टी को हार का सामना करना पड़ा है और डेमोक्रेट्स ने सीनेट और प्रतिनिधि सभा, दोनों में बहुमत हासिल किया है. इस नतीजे का असर भारत समेत दुनियाभर के बाजारों पर पड़ सकता है. डॉलर, अमेरिकी बॉन्ड यील्ड, कच्चे तेल और विदेशी निवेश की दिशा बदल सकती है. जानिए अमेरिकी राजनीति के इस बदलाव से भारतीय शेयर बाजार, सोना-चांदी, IT कंपनियों और विदेशी निवेशकों पर क्या असर पड़ सकता है.

ट्रप के हार असर भारत पर भी देखने को मिलेगा. Image Credit: TV9 Bharatvarsh

अमेरिका के मिडटर्म चुनाव में राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की रिपब्लिकन पार्टी को बड़ा झटका लगा है. डेमोक्रेटिक पार्टी ने अमेरिकी संसद के दोनों सदनों सीनेट और हाउस ऑफ रिप्रेजेंटेटिव्स में बहुमत हासिल कर लिया है. इस नतीजे से ट्रंप के लिए अपने कार्यकाल के बाकी दो साल में नीतियों को लागू करना आसान नहीं होगा. इसका असर अमेरिका की अर्थव्यवस्था से लेकर वैश्विक बाजारों तक देखने को मिल सकता है.

भारत के लिए भी यह चुनाव कई मायनों में अहम है, क्योंकि कच्चे तेल, डॉलर, सोना-चांदी और विदेशी निवेश जैसे कई कारक अमेरिकी नीतियों से प्रभावित होते हैं. चुनावी नतीजों के बाद डॉलर और अमेरिकी बॉन्ड यील्ड में गिरावट देखने को मिली है. वहीं, रुपये में मजबूती और विदेशी निवेशकों की खरीदारी के संकेत भी मिले हैं. ऐसे में सवाल है कि क्या ट्रंप की पार्टी की हार भारत के लिए आर्थिक राहत लेकर आएगी या कुछ नई चुनौतियां भी पैदा होंगी?

कच्चा तेल

भारत अपनी जरूरत का करीब 85 फीसदी कच्चा तेल आयात करता है. ऐसे में अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में बदलाव का सीधा असर देश के आयात बिल, रुपये, महंगाई और चालू खाता घाटे पर पड़ता है. डेमोक्रेट्स की जीत के बाद अमेरिकी संसद में ट्रंप प्रशासन पर ईरान के साथ जारी संघर्ष को खत्म करने का दबाव बढ़ सकता है.

अगर तनाव कम होता है और तेल की सप्लाई सामान्य होती है, तो अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों को राहत मिल सकती है. इसका फायदा भारत को होगा. कच्चा तेल सस्ता होने से देश का आयात बिल घटेगा. पेट्रोलियम कंपनियों की लागत कम हो सकती है और महंगाई को कंट्रोल करने में भी मदद मिल सकती है. इसके अलावा रुपये पर दबाव कम होने और चालू खाता घाटा घटने की संभावना भी बनेगी. केडिया एडवायजरी के डायरेक्टर अजय केडिया ने Money9live.com से बातचीत में बताया कि आने वाले समय में कच्चा तेल 80 डॉलर तक आ सकता है.

सोना

अमेरिकी चुनाव का असर सोने की कीमतों पर भी दिखाई देने लगा है. चुनावी नतीजों के बाद डॉलर और अमेरिकी बॉन्ड यील्ड में कमजोरी से सोने को सपोर्ट मिला है. डेमोक्रेट्स की जीत के बाद बुधवार को अंतरराष्ट्रीय बाजार में सोने की कीमत करीब 2.2 फीसदी बढ़कर 4016 डॉलर प्रति औंस पहुंच गई. कमजोर डॉलर और अमेरिकी बॉन्ड यील्ड में गिरावट को इसकी प्रमुख वजह बताया गया. केडिया एडवायजरी के डायरेक्टर अजय केडिया के मुताबिक, ट्रंप के हार से सोना-चांदी में उछाल देखी जा सकती है. आने वाले समय में सोना 1.65 लाख तो चांदी 2 लाख के पार जा सकता है.

चांदी

चांदी पर अमेरिकी चुनाव का असर सोने से थोड़ा अलग हो सकता है. इसकी वजह है कि चांदी का इस्तेमाल निवेश के साथ-साथ इंडस्ट्रियल कामों में भी होता है. सोलर पैनल, इलेक्ट्रॉनिक्स, इलेक्ट्रिक व्हीकल, ऑटोमोबाइल और डेटा सेंटर जैसे क्षेत्रों में इसकी मांग रहती है. डॉलर और अमेरिकी बॉन्ड यील्ड में गिरावट से चांदी को भी सपोर्ट मिल सकता है. इसके अलावा, अगर वैश्विक अनिश्चितता बढ़ती है तो निवेशक सोने के साथ चांदी में भी निवेश बढ़ा सकते हैं.

शेयर बाजार

अमेरिकी मिडटर्म चुनाव का असर भारतीय शेयर बाजार पर मुख्य रूप से डॉलर, अमेरिकी बॉन्ड यील्ड और विदेशी निवेशकों की खरीदारी के जरिए पड़ सकता है. चुनाव के बाद इन तीनों मोर्चों पर कुछ पॉजिटिव संकेत मिले हैं.

दरअसल, जब अमेरिका में बॉन्ड यील्ड बढ़ती है तो विदेशी निवेशकों के लिए अमेरिकी सरकारी बॉन्ड में निवेश आकर्षक हो जाता है. ऐसे में वे भारत जैसे उभरते बाजारों से पैसा निकालकर अमेरिका में निवेश कर सकते हैं. इसके उलट, अमेरिकी बॉन्ड यील्ड और डॉलर में गिरावट आने पर भारत जैसे बाजारों में निवेश की संभावना बढ़ सकती है.

डॉलर कमजोर होने से भारतीय बाजार को कैसे फायदा होगा?

  • विदेशी निवेशकों के लिए भारतीय शेयर बाजार में निवेश आकर्षक हो सकता है.
  • रुपये को मजबूती मिल सकती है.
  • विदेशी कैपिटल की उपलब्धता बढ़ने से बाजार में लिक्विडिटी बेहतर हो सकती है.
  • आयात पर निर्भर कंपनियों की लागत को राहत मिल सकती है.
  • अमेरिकी बॉन्ड यील्ड घटने से वैश्विक वित्तीय परिस्थितियां कुछ आसान हो सकती हैं.

IT कंपनियां

अमेरिका में डेमोक्रेट्स की जीत भारतीय IT कंपनियों के लिए भी महत्वपूर्ण है. इसकी वजह है कि भारतीय IT सेक्टर के कुल रेवेन्यू में अमेरिकी बाजार की बड़ी हिस्सेदारी है. अमेरिका में इमिग्रेशन, H-1B वीजा, आउटसोर्सिंग और AI से जुड़े नियमों में बदलाव का असर सीधे भारतीय IT कंपनियों के कारोबार पर पड़ सकता है. भारतीय IT सेक्टर के कुल रेवेन्यू में अमेरिका की हिस्सेदारी करीब 57 फीसदी है. वहीं, 2024 में अमेरिका की ओर से मंजूर किए गए H-1B वीजा में भारतीय नागरिकों की हिस्सेदारी करीब 71 फीसदी थी.

सात बड़े मोर्चों पर भारत को क्या फायदा और क्या नुकसान?

सेक्टरसंभावित फायदाप्रमुख जोखिम
कच्चा तेलईरान तनाव घटने पर कीमतों में नरमीसंघर्ष बढ़ने पर तेल महंगा
सोनाकमजोर डॉलर और बॉन्ड यील्ड से सपोर्टब्याज दरें बढ़ने पर दबाव
चांदीनिवेश मांग और कमजोर डॉलर से फायदाऔद्योगिक मांग में गिरावट
शेयर बाजारFPI निवेश और रुपये को सहारावैश्विक अस्थिरता और महंगा तेल
IT कंपनियांH-1B नियमों में राहत की संभावनावीजा और AI नियमों की अनिश्चितता
विदेशी निवेशडॉलर कमजोर होने से भारत आकर्षककमाई और वैल्यूएशन की चुनौती
रुपयाडॉलर की कमजोरी से मजबूतीमहंगे तेल से दबाव

H-1B वीजा पर क्या होगा असर?

ट्रंप प्रशासन ने नए H-1B वीजा आवेदनों पर 1 लाख डॉलर की फीस लगाने का फैसला किया था. इससे भारतीय IT कंपनियों के लिए अमेरिका में कर्मचारियों को भेजना महंगा हो सकता है. डेमोक्रेट्स की जीत के बाद इस फैसले और इमिग्रेशन नीतियों पर अमेरिकी संसद में ज्यादा चर्चा और निगरानी हो सकती है. इससे भारतीय IT कंपनियों और कर्मचारियों को भविष्य में कुछ राहत मिलने की संभावना बन सकती है.

ये भी पढ़ें- US Midterms: ट्रंप, इट्स डन ब्रो! डेमोक्रेट्स का हाउस और सीनेट पर कब्जा, ब्लू वेव में बिखरा रिपब्लिकन का गढ़

टेक कंपनियों पर बढ़ सकती है निगरानी

डेमोक्रेट्स की जीत के बाद अमेरिका में बड़ी टेक्नोलॉजी कंपनियों, AI और डेटा सेंटर से जुड़े नियमों पर निगरानी बढ़ सकती है. इसका असर भारतीय IT कंपनियों पर भी पड़ सकता है, क्योंकि वे अमेरिकी कंपनियों को AI, क्लाउड कंप्यूटिंग, डेटा मैनेजमेंट और डिजिटल सर्विस देती हैं. हालांकि, AI और डेटा सेंटर में निवेश जारी रहने से भारतीय IT कंपनियों के लिए नए कारोबार के अवसर भी बन सकते हैं.

विदेशी निवेश

अमेरिकी चुनाव का एक बड़ा असर विदेशी निवेशकों की रणनीति पर भी पड़ सकता है. भारत जैसे उभरते बाजारों में विदेशी निवेश का फ्लो काफी हद तक अमेरिकी डॉलर और बॉन्ड यील्ड पर निर्भर करता है. अगर अमेरिकी बॉन्ड यील्ड और डॉलर में गिरावट जारी रहती है तो विदेशी निवेशकों के लिए भारत में निवेश करना आकर्षक हो सकता है. इससे भारतीय शेयर बाजार को सपोर्ट मिल सकता है और रुपये को भी मजबूती मिल सकती है.