15 साल का सितारा या जल्दबाजी? वैभव सूर्यवंशी के लिए उठी टीम इंडिया में एंट्री की मांग, टूटेगा सचिन का रिकॉर्ड?
आईपीएल 2026 में धमाकेदार प्रदर्शन के बाद 15 साल के वैभव सूर्यवंशी को टीम इंडिया में शामिल करने की मांग तेज हो गई है. अगर मौका मिला, तो वह सचिन तेंदुलकर का सबसे कम उम्र में डेब्यू का रिकॉर्ड तोड़ सकते हैं.

Vaibhav Sooryavanshi IPL and India Entry: IPL 2026 में एक नया नाम तेजी से सुर्खियां बटोर रहा है और वह है वैभव सूर्यवंशी. महज 15 साल की उम्र में इस युवा बल्लेबाज ने अपने प्रदर्शन से क्रिकेट जगत को चौंका दिया है. उनकी आक्रामक बल्लेबाजी और मैच फिनिश करने की क्षमता ने न सिर्फ फैंस, बल्कि क्रिकेट प्रशासकों का भी ध्यान खींचा है. अब इस खिलाड़ी को लेकर एक बड़ी मांग उठने लगी है कि उसे जल्द से जल्द टीम इंडिया में मौका दिया जाए. IPL चेयरमैन अरुण धूमल ने भी खुलकर कहा है कि सूर्यवंशी अपने प्रदर्शन के दम पर भारत के लिए डेब्यू करने के हकदार हैं, और अगर ऐसा होता है तो वे देश के सबसे कम उम्र के इंटरनेशनल क्रिकेटर बन सकते हैं.
रिकॉर्ड तोड़ सकता है यह युवा सितारा
अगर वैभव को आयरलैंड के खिलाफ होने वाली आगामी T20 सीरीज में मौका मिलता है, तो वह पूर्व बल्लेबाज सचिन तेंदुलकर का रिकॉर्ड भी तोड़ सकते हैं. सचिन ने 16 साल 205 दिन की उम्र में भारत के लिए डेब्यू किया था. ऐसे में सूर्यवंशी के पास इतिहास रचने का सुनहरा मौका होगा.
मैदान पर दिख रहा है अलग ही अंदाज
इस सीजन वैभव सूर्यवंशी ने जिस तरह की बल्लेबाजी की है, वह किसी अनुभवी खिलाड़ी से कम नहीं लगती. वे सिर्फ रन ही नहीं बना रहे, बल्कि विरोधी गेंदबाजों पर पूरी तरह हावी नजर आ रहे हैं. कई मैचों में उन्होंने पावरप्ले के अंदर ही मुकाबला खत्म कर दिया, जो उनकी आक्रामक मानसिकता को दिखाता है.
RCB के खिलाफ धमाकेदार पारी
हाल ही में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के खिलाफ खेले गए मुकाबले में सूर्यवंशी ने अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया. उन्होंने सिर्फ 26 गेंदों में 78 रन ठोक दिए, जिसमें 8 चौके और 7 छक्के शामिल थे. खास बात यह रही कि उन्होंने भुवनेश्वर कुमार और जोश हेजलवुड जैसे अनुभवी गेंदबाजों को भी नहीं बख्शा. इससे इतर, मुंबई इंडियन्स के साथ हुए हालिया मैच में भी सूर्यवंशी ने अनुभवी गेंदबाज जसप्रीत बुमराह के पहले ही गेंद पर छक्का जड़ दिया था.
क्या कह रहे हैं क्रिकेट एक्सपर्ट?
अरुण धूमल ने सोशल मीडिया पर उनकी तारीफ करते हुए कहा कि इतनी कम उम्र में इतनी बड़ी प्रतिभा बहुत कम देखने को मिलती है. उनके मुताबिक, अगर किसी खिलाड़ी को इतनी जल्दी मौका देने का समय है, तो वह सूर्यवंशी ही हैं.
अब सबकी नजरें BCCI पर टिकी हैं. क्या चयनकर्ता इस युवा खिलाड़ी पर भरोसा जताते हुए उसे इंटरनेशनल क्रिकेट में मौका देंगे, या फिर उसे और समय दिया जाएगा, यह देखना दिलचस्प होगा.
ये भी पढ़ें- वैभव सूर्यवंशी IPL के ‘प्रॉफिट मशीन’, सिर्फ 3 मैच में 1600% रिटर्न; जानें हर गेंद पर कितनी कमाई