अब धधकेगा मौसम! यूपी-बिहार समेत कई राज्यों में 7 डिग्री तक चढ़ेगा पारा, पहाड़ों में बारिश-ओले का अलर्ट
उत्तर भारत में अब गर्मी का दौर शुरू हो चुका है और आने वाले दिनों में यह और तेज होने वाला है. दिल्ली, हरियाणा, पंजाब, उत्तर प्रदेश और बिहार जैसे राज्यों में लोगों को दिन के समय तेज धूप और बढ़ते तापमान का सामना करना पड़ेगा. ऐसे में जरूरी है कि लोग गर्मी से बचाव के उपाय अपनाएं और खासतौर पर दोपहर के समय बाहर निकलने से बचें.

IMD Weather Alert: देश में मौसम अब धीरे-धीरे गर्मी की तरफ बढ़ रहा है और इसका सबसे ज्यादा असर उत्तर भारत के राज्यों में देखने को मिलने वाला है. भारतीय मौसम विज्ञान विभाग के ताजा अपडेट के मुताबिक, अगले कुछ दिनों तक उत्तर-पश्चिम, मध्य और पूर्वी भारत में कोई बड़ा मौसम बदलाव नहीं होगा, यानी बारिश या ठंड से राहत जैसी स्थिति नहीं बनेगी, लेकिन तापमान लगातार बढ़ता रहेगा. खासतौर पर दिल्ली, हरियाणा, पंजाब, उत्तर प्रदेश, बिहार और राजस्थान जैसे राज्यों में गर्मी तेजी से अपना असर दिखाएगी.
UP, बिहार जैसे राज्यों में 5 से 7 डिग्री तक बढ़ेगा पारा
विभाग के अनुसार, उत्तर-पश्चिम भारत में अधिकतम तापमान में 6 से 8 डिग्री तक की बढ़ोतरी हो सकती है. जो तापमान अभी सामान्य या थोड़ा कम महसूस हो रहा है, वह आने वाले दिनों में तेजी से ऊपर जाएगा और सामान्य से ज्यादा गर्मी महसूस होगी. वहीं पूर्वी भारत, जिसमें बिहार और पूर्वी उत्तर प्रदेश शामिल हैं, वहां भी तापमान 5 से 7 डिग्री तक बढ़ सकता है. यानी उत्तर भारत के लगभग सभी बड़े राज्यों में गर्मी का असर एक साथ देखने को मिलेगा.
पिछले 24 घंटे में देश भर का कैसा रहा मौसम ?
अगर पिछले 24 घंटे के मौसम पर नजर डालें तो देश के ज्यादातर हिस्सों में तापमान 34 से 41 डिग्री सेल्सियस के बीच रहा. हालांकि उत्तर भारत के कुछ हिस्सों में रात का तापमान सामान्य से कम रहा, जिससे सुबह और रात के समय हल्की ठंडक बनी रही. लेकिन दिन के समय तेज धूप और बढ़ती गर्मी ने संकेत दे दिया है कि आने वाले दिनों में मौसम पूरी तरह बदलने वाला है.
दिल्ली-NCR और आसपास के इलाकों की बात करें तो यहां मौसम साफ बना रहेगा, लेकिन तापमान लगातार बढ़ेगा. 10 अप्रैल को जहां अधिकतम तापमान 32 से 34 डिग्री के बीच रहने की संभावना है, वहीं 13 अप्रैल तक यही तापमान बढ़कर 36 से 38 डिग्री तक पहुंच सकता है.
पहाड़ी राज्यों में बारिश और ओले के आसार
उत्तर भारत के पहाड़ी राज्यों जैसे हिमाचल प्रदेश में मौसम थोड़ा अलग नजर आ रहा है, जहां कुछ जगहों पर ओलावृष्टि और तेज हवाओं के साथ बारिश दर्ज की गई है. इससे साफ है कि पहाड़ों में अभी भी मौसम पूरी तरह स्थिर नहीं हुआ है, लेकिन इसका असर मैदानी इलाकों पर ज्यादा नहीं पड़ेगा. मैदानी क्षेत्रों में मौसम साफ रहेगा और तापमान बढ़ता जाएगा.
वहीं, बिहार और पूर्वी उत्तर प्रदेश जैसे इलाकों में जहां एक तरफ तापमान बढ़ेगा, वहीं कुछ जगहों पर हल्की बारिश और तेज हवाओं की संभावना भी बनी हुई है. हालांकि ये राहत ज्यादा लंबे समय तक नहीं रहेगी और कुल मिलाकर गर्मी का असर ही ज्यादा देखने को मिलेगा.
इसे भी पढ़ें- समय रैना का क्रिप्टिक मैसेज, क्या फिर से शुरू हो रहा है India’s Got Latent! जानें यूट्यूब से कितनी है कमाई
मौसम में इस बदलाव के पीछे पश्चिमी विक्षोभ और अलग-अलग जगहों पर बने चक्रवाती सिस्टम जिम्मेदार हैं, लेकिन इनका असर उत्तर भारत में ज्यादा बारिश के रूप में नहीं बल्कि तापमान बढ़ने के रूप में दिखेगा. यही वजह है कि आने वाले दिनों में मौसम साफ रहेगा, लेकिन गर्मी तेजी से बढ़ेगी.