कर्नाटक में 8 रुपये प्रति लीटर महंगा हुआ नंदिनी दूध, 1 नवंबर से नए रेट लागू
कर्नाटक में नंदिनी दूध की कीमतों में 8 रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी की गई है. राज्य कैबिनेट ने 29 अक्टूबर को इस फैसले को मंजूरी दी. नई कीमतें 1 नवंबर से लागू होंगी.

Nandini Milk Price Hike: कर्नाटक में दूध की कीमतों में 8 रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी की गई है. राज्य कैबिनेट ने गुरुवार, 29 अक्टूबर को इस फैसले को मंजूरी दी. नई कीमतें 1 नवंबर से लागू होंगी. इस बढ़ोतरी में से 7 रुपये प्रति लीटर दूध उत्पादक किसानों को मिलेंगे, जबकि 1 रुपया सहकारी समितियों को दिया जाएगा. कर्नाटक के मंत्री कृष्णा बायरे गौड़ा ने कैबिनेट बैठक के बाद यह जानकारी दी.
किसानों को अब 42 रुपये प्रति लीटर मिलेंगे
कृष्णा बायरे गौड़ा ने बताया कि फिलहाल कर्नाटक में किसानों को दूध के लिए करीब 35 रुपये प्रति लीटर मिलते हैं. अब यह रकम बढ़कर 42 रुपये प्रति लीटर हो जाएगी. इसके अलावा, सरकार की ओर से मिलने वाला 5 रुपये प्रति लीटर का प्रोत्साहन भी जारी रहेगा. इस तरह सरकारी प्रोत्साहन को मिलाकर किसानों को कुल 47 रुपये प्रति लीटर मिलेंगे. मंत्री ने कहा कि इस फैसले से लाखों किसान परिवारों को फायदा होगा.
किसानों ने की थी 10 रुपये बढ़ोतरी की मांग
कृष्णा बायरे गौड़ा ने कहा कि किसानों की समस्याओं को देखते हुए विधान परिषद में सभी दलों के सदस्यों ने उनकी मदद के लिए कदम उठाने की मांग की थी. दूध उत्पादक किसान बढ़ोतरी की मांग को लेकर सड़कों पर भी उतरे थे. सहकारी समितियों ने भी दूध की कीमत बढ़ाने की मांग की थी. किसानों के विरोध के दौरान उनकी सहकारी समितियों के प्रतिनिधियों ने मुख्यमंत्री, पशुपालन मंत्री और सहकारिता मंत्री से मुलाकात की थी. उन्होंने दूध की कीमत में कम से कम 10 रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी की मांग रखी थी.
हालांकि, कैबिनेट में चर्चा के दौरान इतनी बढ़ोतरी करना संभव नहीं माना गया. इसके बाद मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में हुई बैठक में 8 रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी का फैसला लिया गया.
कैबिनेट ने सर्वसम्मति से लिया फैसला
कृष्णा बायरे गौड़ा ने बताया कि दूध की कीमत बढ़ाने के मुद्दे पर कैबिनेट में दो से तीन बार चर्चा हुई थी. गुरुवार को हुई बैठक में इस प्रस्ताव को सर्वसम्मति से मंजूरी दी गई.
मंत्री ने कहा कि बढ़ोतरी का मकसद दूध उत्पादक किसानों को राहत देना और उनकी मांगों को ध्यान में रखना है. नई दरें 1 नवंबर से लागू होंगी.
इसे भी पढ़ें- शेयर बाजार में छाई हरियाली, सेंसेक्स-निफ्टी ने भरी उड़ान, निवेशकों की दौलत ₹5 लाख करोड़ बढ़ी; ये रहे बड़े ट्रिगर