IPO Calendar: अगले हफ्ते खुलेंगे 20 IPO, ₹1,292 करोड़ जुटाने की तैयारी

अगले हफ्ते IPO बाजार में बड़ी हलचल रहेगी। 28 सितंबर से 4 अक्टूबर के बीच 20 IPO खुलेंगे. कंपनियां इन इश्यू के जरिए करीब ₹1,292 करोड़ जुटाने की तैयारी में हैं. इनमें 4 मेनबोर्ड और 16 SME IPO शामिल हैं.

IPO बाजार Image Credit:

भारतीय प्राइमरी मार्केट में अगले हफ्ते यानी 28 सितंबर से 4 अक्टूबर के दौरान जबरदस्त हलचल देखने को मिलेगी. इस दौरान कुल 20 IPO सब्सक्रिप्शन के लिए खुलेंगे. कंपनियां इन इश्यू के जरिए करीब ₹1,292 करोड़ जुटाने की तैयारी में हैं. इनमें 4 मेनबोर्ड IPO से करीब ₹595 करोड़ और 16 SME IPO से करीब ₹697 करोड़ जुटाए जाने हैं.

SRIT India IPO सबसे बड़ा मेनबोर्ड इश्यू

अगले हफ्ते मेनबोर्ड सेगमेंट में SRIT India IPO सबसे बड़ा इश्यू होगा. कंपनी ₹218 करोड़ जुटाने के लिए 28 सितंबर को IPO खोलेगी, जो 30 सितंबर तक सब्सक्रिप्शन के लिए खुला रहेगा. इसका प्राइस बैंड ₹123 से ₹130 प्रति शेयर तय किया गया है.

निवेशक कम से कम 115 शेयरों के लिए बोली लगा सकते हैं. ऊपरी प्राइस बैंड के हिसाब से रिटेल निवेशक को न्यूनतम ₹14,950 लगाने होंगे. बेंगलुरु स्थित SRIT India IT और IT-enabled services कारोबार में है. कंपनी हेल्थकेयर, ई-गवर्नेंस और टेलीकॉम जैसे क्षेत्रों के लिए डिजिटल सॉल्यूशन देती है. वित्त वर्ष 2026 में कंपनी की कुल आय ₹462.54 करोड़ और मुनाफा ₹43.29 करोड़ रहा.

Vishal Nirmiti IPO से जुटेंगे ₹178 करोड़

Vishal Nirmiti IPO 30 सितंबर को खुलेगा और 5 अक्टूबर को बंद होगा. कंपनी इस इश्यू से ₹178 करोड़ जुटाने की योजना बना रही है. इसमें ₹145 करोड़ का फ्रेश इश्यू और ₹33 करोड़ का ऑफर फॉर सेल शामिल है.

IPO का प्राइस बैंड ₹208-220 प्रति शेयर और लॉट साइज 68 शेयर है. ऊपरी प्राइस बैंड पर न्यूनतम निवेश ₹14,960 होगा. कंपनी रेलवे और अन्य इंफ्रास्ट्रक्चर प्रोजेक्ट्स के लिए प्री-स्ट्रेस्ड कंक्रीट प्रोडक्ट्स, पाइप और EPC सेवाएं देती है.

Nityas Gems और Shah Investor’s Home IPO भी आएंगे

Nityas Gems and Jewellery का IPO भी 30 सितंबर को खुलेगा और 5 अक्टूबर तक चलेगा. कंपनी फ्रेश इश्यू के जरिए ₹108 करोड़ जुटाएगी. प्राइस बैंड ₹70-75 और लॉट साइज 200 शेयर है. ऊपरी बैंड पर न्यूनतम आवेदन राशि ₹15,000 होगी.

वहीं Shah Investor’s Home IPO 28 से 30 सितंबर तक खुला रहेगा. कंपनी ₹90.17 करोड़ जुटाएगी. इसका प्राइस बैंड ₹159-167 और लॉट साइज 85 शेयर है. ऊपरी बैंड पर न्यूनतम निवेश ₹14,195 होगा. कंपनी ब्रोकिंग और दूसरी वित्तीय सेवाएं देती है.

SME सेगमेंट में 16 IPO

अगले हफ्ते SME सेगमेंट में भी 16 कंपनियां IPO लेकर आएंगी. इनमें Acme India Industries, Paramount Syntex, Dove Soft, EverestIMS Technologies, Black Opal Consultants, Vans Electroengineerings, Shree TNB Polymers, Pind Hospitality, Shivchem Agro और अन्य कंपनियां शामिल हैं. इन SME इश्यू के जरिए कुल करीब ₹697.20 करोड़ जुटाने की योजना है.

इस तरह सितंबर के आखिरी हफ्ते में IPO मार्केट में मेनबोर्ड और SME दोनों सेगमेंट में गतिविधियां तेज रहेंगी. निवेशकों के लिए हर IPO में आवेदन करने से पहले कंपनी के कारोबार, वित्तीय प्रदर्शन, वैल्यूएशन और इश्यू से जुटाई जाने वाली रकम के इस्तेमाल को समझना जरूरी होगा.

यह भी पढ़ें- 4 IPO की सब्सक्रिप्शन पूरी, अब अलॉटमेंट का इंतजार! GMP से जानें किस IPO की लिस्टिंग कितनी मजबूत