SBI Funds Management IPO का साइज घटा, प्री IPO निवेश के बाद अब 9813 करोड़ रुपये का होगा इश्यू

SBI Funds Management ने प्री IPO राउंड में 30 बड़े निवेशकों को 1.6 फीसदी हिस्सेदारी बेचने के बाद अपने IPO का साइज घटाकर 9812.9 करोड़ रुपये कर दिया है. पहले यह इश्यू 11692.9 करोड़ रुपये का था. IPO 14 जुलाई से 16 जुलाई तक खुला रहेगा.

IPO 14 जुलाई से 16 जुलाई तक खुला रहेगा. Image Credit: MONEY9LIVE.COM

SBI Funds Management IPO: एसेट मैनेजमेंट कंपनी SBI Funds Management का IPO अब पहले से छोटा हो गया है. कंपनी ने IPO से पहले 30 बडे़ निवेशकों को 1.6 फीसदी हिस्सेदारी बेच दी है. इसके बाद IPO का साइज 11693 करोड़ रुपये से घटकर 9813 करोड़ रुपये रह गया है. यह पूरी तरह ऑफर फोर सेल यानी OFS इश्यू है, इसलिए कंपनी को इससे कोई नई कैपिटल नहीं मिलेगी. IPO 14 जुलाई से 16 जुलाई तक निवेशकों के लिए खुला रहेगा.

प्री IPO निवेश के बाद घटा इश्यू का साइज

SBI Funds Management ने IPO से पहले 3.27 करोड़ शेयर 30 प्रमुख निवेशकों को बेच दिए. यह कंपनी की 1.6 फीसदी हिस्सेदारी के बराबर है. इस प्री IPO डील से करीब 1880 करोड़ रुपये जुटाए गए. इसके बाद IPO का साइज 20.37 करोड़ शेयरों से घटकर 17.09 करोड़ शेयर रह गया. अब इश्यू का कुल आकार 9812.9 करोड़ रुपये होगा.

क्या है IPO की कीमत और तारीख

कंपनी ने IPO का प्राइस बैंड 545 रुपये से 574 रुपये प्रति शेयर तय किया है. इस कीमत पर कंपनी का वैल्यूएशन करीब 1.17 लाख करोड़ रुपये बैठता है. IPO 14 जुलाई को खुलेगा और 16 जुलाई को बंद होगा. एंकर निवेशकों के लिए बुक 13 जुलाई को खुलेगी. शेयरों का अलॉटमेंट 17 जुलाई तक होने की संभावना है, जबकि 21 जुलाई को शेयर बाजार में लिस्टिंग हो सकती है.

किन निवेशकों ने खरीदी हिस्सेदारी

प्री IPO राउंड में कई नामी निवेशकों ने हिस्सा लिया. अजीम प्रेमजी समर्थित PI Opportunities Fund और आकाश माणेक भंसाली ने 200- 200 करोड़ रुपये का निवेश किया. इसके अलावा 3P India Equity Fund, WhiteOak Capital, Tata AIG General Insurance, Clarus Capital और Hara Global Capital Master Fund सहित कुल 30 निवेशकों ने कंपनी में हिस्सेदारी खरीदी.

कंपनी को नहीं मिलेगा IPO का पैसा

यह IPO पूरी तरह ऑफर फोर सेल है. यानी इसमें कोई नए शेयर जारी नहीं किए जा रहे हैं. इससे मिलने वाली पूरी रकम SBI और Amundi India Holding को जाएगी. IPO के बाद भी SBI कंपनी में 60.32 फीसदी और Amundi India Holding 36.06 फीसदी हिस्सेदारी बनाए रखेगी.

यह भी पढ़ें- 129X सब्सक्राइब हुआ यह IPO, GMP ₹160 के पार; लिस्टिंग पर ₹5,600 तक का हो सकता है मुनाफा

शेयरहोल्डर के लिए खास व्यवस्था

IPO में कंपनी ने अपने कर्मचारियों और SBI के कर्मचारियों के लिए अलग कोटा रखा है. SBI Funds Management के कर्मचारियों के लिए 2.7 लाख शेयर और SBI कर्मचारियों के लिए 29.87 लाख शेयर रिजर्व हैं. इसके अलावा SBI के मौजूदा शेयरधारकों के लिए 1.3 करोड़ शेयर रिजर्व किए गए हैं. कर्मचारियों को अंतिम इश्यू प्राइस पर 54 रुपये प्रति शेयर की छूट भी मिलेगी.

डिस्क्लेमर: इस खबर में GMP से संबंधित जानकारी दी गई है. मनी9लाइव का GMP तय करने से कोई संबंध नहीं है. मनी9लाइव निवेशकों को यह भी सचेत करता है कि केवल जीएमपी के आधार पर निवेश पर फैसला नहीं करें. निवेश से पहले कंपनी के फंडामेंटल जरूर देखें और एक्सपर्ट की सलाह अवश्य लें.