IPO बाजार में बड़ा धमाका! NSE समेत 11 कंपनियां जुटाएंगी ₹24600 करोड़, देखें पूरी लिस्ट

अगले हफ्ते NSE समेत 11 IPO खुलेंगे. इनसे करीब 24574 करोड़ रुपये जुटाने की तैयारी है. जानें NSE IPO, Hero Motors, SS Retail और SME IPO की तारीख, प्राइस बैंड और पूरी जानकारी.

अपकमिंग आईपीओ Image Credit: Canva

Upcoming IPO: दूसरे बाजार में भले ही हाल के दिनों में कमजोरी देखने को मिल रही हो, लेकिन IPO बाजार की रफ्तार बनी हुई है. 15 सितंबर से शुरू होने वाले छुट्टियों से छोटे कारोबारी सप्ताह में कुल 11 कंपनियां अपना IPO लेकर आ रही हैं. इन इश्यू के जरिए करीब 24574.28 करोड़ रुपये जुटाए जाने की उम्मीद है. इनमें 5 मेनबोर्ड IPO से 24328.02 करोड़ रुपये और 6 SME IPO से 246.26 करोड़ रुपये जुटाने की योजना है.

इस पूरे IPO एक्शन में सबसे ज्यादा नजर NSE के IPO पर रहेगी. NSE का करीब 22561.6 करोड़ रुपये का IPO 17 सितंबर को खुलेगा. इसके अलावा Hero Motors, SS Retail, Jindal Supreme और Sonaselection India के IPO भी निवेशकों के लिए खुलेंगे.

NSE का ₹22561 करोड़ का IPO सबसे बड़ा

NSE का बहुप्रतीक्षित IPO 17 सितंबर को खुलेगा और 21 सितंबर को बंद होगा. कंपनी ने शेयर का प्राइस बैंड 1700 रुपये से 1785 रुपये तय किया है. इसके लिए एंकर बुक 16 सितंबर को खुलेगी. रिपोर्ट के मुताबिक LIC एंकर बुक में सबसे बड़ा निवेशक हो सकता है. इसके अलावा Abu Dhabi Investment Authority, GIC, Fidelity, SBI Life और HDFC Life के भी इसमें हिस्सा लेने की संभावना है.

यह IPO पूरी तरह ऑफर फार सेल यानी OFS है. इसमें 10 मौजूदा शेयरधारक अपनी हिस्सेदारी बेचेंगे. इनमें State Bank of India, Canara Pension Plan Investment Board, Aranda Investments, MS Strategic, New India Assurance Company और SBI Capital Markets शामिल हैं. इसका मतलब यह है कि IPO से मिलने वाली रकम, इश्यू से जुड़े खर्चों को छोड़कर, NSE के पास नहीं जाएगी, बल्कि शेयर बेचने वाले मौजूदा शेयरधारकों को मिलेगी. IPO का मुख्य उद्देश्य NSE की BSE पर लिस्टिंग का रास्ता तैयार करना है.

Hero Motors का ₹1000 करोड़ का IPO

मेनबोर्ड सेगमेंट में NSE के बाद अगला बड़ा IPO Hero Motors का होगा. O P Munjal Holdings की प्रमोटेड कंपनी का IPO 16 सितंबर को खुलेगा और 18 सितंबर को बंद होगा. कंपनी ने IPO का प्राइस बैंड 79 से 84 रुपये प्रति शेयर तय किया है और इसके जरिए 1000 करोड़ रुपये जुटाने की योजना है. इसमें 600 करोड़ रुपये का फ्रेश इश्यू और प्रमोटरों की ओर से 400 करोड़ रुपये का OFS शामिल है.

SS Retail और Jindal Supreme भी 16 सितंबर को खुलेंगे

SS Retail और Jindal Supreme (India) के IPO भी 16 सितंबर को खुलेंगे. मोबाइल फोन, एक्सेसरीज और दूसरे इलेक्ट्रॉनिक उत्पाद बेचने वाली SS Retail अपने IPO से 500 करोड़ रुपये जुटाना चाहती है. इसका प्राइस बैंड 403 से 424 रुपये प्रति शेयर है. इसमें 360 करोड़ रुपये का फ्रेश इश्यू और मौजूदा शेयरधारकों की ओर से 140 करोड़ रुपये का OFS शामिल है.

वहीं, स्टील पाइप और ट्यूब बनाने वाली Jindal Supreme (India) 88 से 93 रुपये प्रति शेयर के प्राइस बैंड पर 1.34 करोड़ शेयर जारी करेगी. कंपनी इससे 124.88 करोड़ रुपये जुटाने की योजना बना रही है. इसमें 1.07 करोड़ नए शेयर और प्रमोटर इकाई की ओर से 26.86 लाख शेयरों का OFS शामिल है.

17 सितंबर को खुलेगा Sonaselection India का IPO

टेक्सटाइल उत्पाद बनाने वाली Sonaselection India का IPO 17 सितंबर को खुलेगा. 1.43 करोड़ शेयरों वाले इस IPO के जरिए कंपनी 141.57 करोड़ रुपये जुटाएगी. इसका पूरा इश्यू फ्रेश शेयरों का होगा और प्राइस बैंड ₹94 से ₹99 प्रति शेयर तय किया गया है.

SME सेगमेंट में भी आएंगे 6 IPO

मेनबोर्ड के साथ SME सेगमेंट में भी अगले हफ्ते काफी हलचल देखने को मिलेगी. Vama Wovenfab, Quanto Agroworld और Shakti Polytarp के IPO 15 सितंबर को खुलेंगे और 17 सितंबर को बंद होंगे.

PP और HDPE बुने हुए बोरे और पैकेजिंग उत्पाद बनाने वाली Vama Wovenfab 324 से 341 रुपये के प्राइस बैंड पर IPO ला रही है. कंपनी इसके जरिए 49.54 करोड़ रुपये जुटाएगी.

वहीं, लेमनग्रास आधारित बॉटनिकल उत्पाद और एसेंशियल ऑयल बनाने वाली Quanto Agroworld का IPO फिक्स्ड प्राइस ₹67 प्रति शेयर है. कंपनी इससे 31.02 करोड़ रुपये जुटाने की योजना बना रही है. Tarpaulin बनाने वाली Shakti Polytarp का 45.64 लाख शेयरों वाला IPO 26.93 करोड़ रुपये का है.

इसके अलावा Kheria Autocomp और SpectraA Technology Solutions के IPO 17 सितंबर को खुलेंगे और 21 सितंबर को बंद होंगे. वहीं Axiom Gas Engineering का IPO 18 सितंबर को खुलेगा और 22 सितंबर को बंद होगा.

Kheria Autocomp ₹96 से ₹101 के प्राइस बैंड पर 46.44 करोड़ रुपये जुटाने की योजना बना रही है. कंपनी मुख्य रूप से ऑटोमोबाइल सेक्टर के लिए प्लास्टिक कंपोनेंट बनाती है.

SpectraA Technology Solutions 36.03 लाख शेयरों के जरिए 42.5 करोड़ रुपये जुटाएगी. इसका प्राइस बैंड 112 से 118 रुपये प्रति शेयर है.

Axiom Gas Engineering ऑटो LPG, CNG और LNG से जुड़ी सेवाएं देती है. कंपनी अपने IPO से 49.81 करोड़ रुपये जुटाना चाहती है और इसका प्राइस बैंड 50 से 53 रुपये प्रति शेयर है.

अगले हफ्ते बंद होंगे ये IPO

अगले हफ्ते कुछ IPO में निवेश का मौका खत्म भी होगा. मेनबोर्ड सेगमेंट में केरल की रियल एस्टेट कंपनी Veegaland Developers का IPO 15 सितंबर को बंद होगा. वहीं प्लास्टिक उत्पाद बनाने वाली Manika Plastech का IPO 16 सितंबर तक खुला रहेगा.

SME सेगमेंट में Raksan Transformers, Maharaja & Speedex India, Om Galaxy और Panchatv Bharat के IPO 15 सितंबर को बंद होंगे. वहीं Injecto Polymers और Century Business Media के IPO 16 सितंबर तक खुले रहेंगे.

19 कंपनियों की होगी शेयर बाजार में एंट्री

अगले हफ्ते सिर्फ IPO ही नहीं, बल्कि नई लिस्टिंग को लेकर भी बाजार में काफी हलचल रहेगी. कुल 19 नई कंपनियों के शेयर एक्सचेंज पर कारोबार शुरू कर सकते हैं. इनमें 11 मेनबोर्ड कंपनियां हैं.

Pranav Constructions की लिस्टिंग 15 सितंबर को होगी. इसके बाद 16 सितंबर को Kanohar Electricals, Prasol Chemicals और Glass Wall Systems (India) की लिस्टिंग होने की उम्मीद है.

17 सितंबर को सबसे ज्यादा कंपनियों की लिस्टिंग होगी. इस दिन Rentomojo, Asset Reconstruction Company India, Karamtara Engineering, LCC Projects, Manipal Payment & Identity Solutions और Steamhouse India के शेयर बाजार में कारोबार शुरू कर सकते हैं.

इसे भी पढ़ें- SIP का ये फॉर्मूला बना सकता है बड़ा कॉर्पस, समझिए SIP का 15×15×30 नियम

Veegaland Developers की लिस्टिंग 18 सितंबर को होने की उम्मीद है. SME सेगमेंट में Apana Logistics 15 सितंबर को लिस्ट हो सकती है. इसके बाद 17 सितंबर को Infrax Renewable, Amtech Esters और Vinod Texworld की लिस्टिंग होगी. सप्ताह के आखिरी कारोबारी दिन 18 सितंबर को Maharaja & Speedex India, Raksan Transformers, Panchatv Bharat और Om Galaxy के शेयर SME प्लेटफॉर्म पर कारोबार शुरू कर सकते हैं.