PPFAS MF लॉन्च कर रही है दो नए इंटरनेशनल फंड, GIFT सिटी प्लेटफॉर्म से होगी शुरुआत, अमेरिकी बाजार से कमाई का मौका
PPFAS Mutual Fund ने निवेशकों को अमेरिकी बाजार में निवेश का नया मौका देते हुए दो पैसिव, GIFT सिटी आधारित आउटबाउंड फंड लॉन्च करने की घोषणा की है. Parag Parikh IFSC S&P 500 FOF और Nasdaq 100 FOF का एनएफओ 23 फरवरी से 16 मार्च 2026 तक खुला रहेगा, जिससे बिना विदेशी अकाउंट के ग्लोबल एक्सपोजर मिल सकेगा.
PPFAS Mutual Fund: PPFAS Mutual Fund ने निवेशकों के लिए दो नए ग्लोबल पैसिव फंड लॉन्च करने की घोषणा की है. ये दोनों फंड GIFT सिटी से संचालित होंगे और अमेरिकी बाजार के प्रमुख इंडेक्स में निवेश का मौका देंगे. इन फंड्स का न्यू फंड ऑफर (NFO) 23 फरवरी से 16 मार्च 2026 तक खुला रहेगा.
S&P 500 और Nasdaq 100 में निवेश का मौका
नए फंड्स के नाम हैं Parag Parikh IFSC S&P 500 Fund of Fund और Parag Parikh IFSC Nasdaq 100 Fund of Fund. पहला फंड अमेरिका की 500 बड़ी कंपनियों वाले S&P 500 इंडेक्स में निवेश करेगा, जबकि दूसरा फंड टेक्नोलॉजी और ग्रोथ कंपनियों से जुड़े Nasdaq 100 इंडेक्स में एक्सपोजर देगा. ये दोनों फंड पैसिव स्ट्रैटेजी पर आधारित हैं और 90-100% राशि संबंधित इंडेक्स से जुड़े ETFs और UCITS में निवेश करेंगे. बाकी 0-10% राशि डेट सिक्योरिटीज और मनी मार्केट इंस्ट्रूमेंट्स में लगाई जाएगी.
विदेशी अकाउंट के बिना अंतरराष्ट्रीय एक्सपोजर
फंड हाउस के अनुसार, इन योजनाओं के जरिए निवेशकों को सीधे विदेशी ब्रोकरेज अकाउंट खोलने की जरूरत नहीं होगी. निवेश GIFT सिटी के जरिए किया जाएगा, जिससे ओवरसीज पोर्टफोलियो इन्वेस्टमेंट (OPI) नियमों का पालन भी आसान होगा. PPFAS का कहना है कि इन फंड्स में निवेश करने से इनहेरिटेंस टैक्स की जटिलता नहीं होगी, टैक्स के नियमों का पालन आसान रहेगा क्योंकि टैक्स फंड स्तर पर चुकाया जाएगा, और फॉरेक्स व ट्रांजैक्शन कॉस्ट भी बेहतर तरीके से मैनेज किए जाएंगे.
निवेश की शर्तें और खर्च
इन फंड्स का फेस वैल्यू 100 अमेरिकी डॉलर रखा गया है. NAV की गणना रोजाना होगी और खरीद-फरोख्त सभी कारोबारी दिनों में की जा सकेगी. दोनों फंड्स में कोई लॉक-इन पीरियड या एग्जिट लोड नहीं है. निवेशकों को A (डायरेक्ट) और B (रेगुलर) क्लास में यूनिट्स मिलेंगी. निवेश की न्यूनतम राशि 5,000 अमेरिकी डॉलर है.
किन निवेशकों के लिए और कौन जुड़े हैं
ये फंड भारतीय निवासी व्यक्तियों, कॉरपोरेट्स, ट्रस्ट, पार्टनरशिप फर्म और अन्य पात्र निवेशकों के लिए उपलब्ध होंगे. इन योजनाओं में Kotak Mahindra Bank को कस्टोडियन और बैंकर नियुक्त किया गया है. IC RegFin Legal Partners LLP लीगल एडवाइजर, SDKD & Associates LLP स्टैच्यूटरी ऑडिटर और Apex Fincore LLP फंड अकाउंटेंट की भूमिका निभाएंगे. PPFAS ने इससे पहले नवंबर 2025 में इन दोनों GIFT सिटी आधारित पैसिव आउटबाउंड फंड्स को लॉन्च करने की मंजूरी मिलने की जानकारी दी थी. अब निवेशकों के पास तय समयसीमा में ग्लोबल मार्केट में निवेश का यह नया विकल्प उपलब्ध है.
डिस्क्लेमर: Money9live किसी स्टॉक, म्यूचुअल फंड, आईपीओ में निवेश की सलाह नहीं देता है. यहां पर केवल स्टॉक्स की जानकारी दी गई है. निवेश से पहले अपने वित्तीय सलाहकार की राय जरूर लें.
