DA बढ़कर 63% हुआ, आपकी सैलरी में कितना बढ़ेगा पैसा? – Money9live

DA बढ़कर 63% हुआ, आपकी सैलरी में कितना बढ़ेगा पैसा?

DA बढ़कर 63% हुआ, आपकी सैलरी में कितना बढ़ेगा पैसा?
केंद्र सरकार ने केंद्रीय कर्मचारियों और पेंशनर्स के महंगाई भत्ते यानी DA में 3 फीसदी की बढ़ोतरी को मंजूरी दे दी है. इसके बाद DA की दर 60 फीसदी से बढ़कर 63 फीसदी हो गई है. यह बढ़ोतरी 1 जुलाई 2026 से लागू मानी जाएगी. ऐसे में कर्मचारियों को हर महीने बढ़ा हुआ DA तो मिलेगा ही, साथ में जुलाई से एरियर का फायदा भी मिलेगा. आइए समझते हैं कि आपकी बेसिक सैलरी के हिसाब से कितनी बढ़ेगी कमाई.
1 / 6
अगर आपकी बेसिक सैलरी 18,000 रुपये है, तो पहले 60 फीसदी DA के हिसाब से हर महीने 10,800 रुपये मिलते थे. अब 63 फीसदी DA होने पर यह रकम बढ़कर 11,340 रुपये हो जाएगी. यानी हर महीने 540 रुपये का अतिरिक्त फायदा मिलेगा. सालभर में यह बढ़ोतरी 6,480 रुपये होगी. ध्यान रहे कि DA की गणना बेसिक सैलरी पर होती है, इसमें HRA और ट्रांसपोर्ट अलाउंस शामिल नहीं होते.
2 / 6
अगर आपकी बेसिक सैलरी 25,000 रुपये है, तो 3 फीसदी DA बढ़ने से हर महीने 750 रुपये अतिरिक्त मिलेंगे. वहीं, 30,000 रुपये बेसिक सैलरी पर यह फायदा 900 रुपये होगा. 40,000 रुपये बेसिक सैलरी वाले कर्मचारी को हर महीने 1,200 रुपये और 50,000 रुपये बेसिक सैलरी वाले कर्मचारी को 1,500 रुपये अतिरिक्त मिलेंगे. यानी बेसिक सैलरी जितनी ज्यादा होगी, DA बढ़ोतरी से मिलने वाला फायदा भी उतना ही ज्यादा होगा.
3 / 6
DA में 3 फीसदी की बढ़ोतरी 1 जुलाई 2026 से लागू है. ऐसे में कर्मचारियों को जुलाई से बढ़ी हुई रकम का एरियर भी मिलेगा. उदाहरण के लिए, 18,000 रुपये बेसिक सैलरी वाले कर्मचारी को हर महीने 540 रुपये अतिरिक्त मिलेंगे. जुलाई से अक्टूबर तक चार महीने का कुल एरियर 2,160 रुपये होगा. यह रकम बढ़े हुए मासिक DA के अलावा मिलेगी. वास्तविक भुगतान का समय सरकार और संबंधित विभाग की प्रक्रिया पर निर्भर करेगा.
4 / 6
7वें वेतन आयोग के लागू होने के बाद जुलाई 2016 में DA की दर 2 फीसदी थी. इसके बाद 2017 में यह 5 फीसदी, 2018 में 9 फीसदी और 2019 में 17 फीसदी हो गई. कोरोना महामारी के दौरान 2020 में इसे 17 फीसदी पर फ्रीज रखा गया. 2021 में रुकी हुई किस्तें बहाल होने के बाद DA 31 फीसदी पहुंचा. इसके बाद 2022 में 38 फीसदी, 2023 में 46 फीसदी, 2024 में 53 फीसदी और जुलाई 2025 में 58 फीसदी हुआ. जनवरी 2026 में यह 60 फीसदी और जुलाई 2026 में 63 फीसदी हो गया.
5 / 6
केंद्रीय कर्मचारियों का महंगाई भत्ता उनकी बेसिक सैलरी के आधार पर निकाला जाता है. इसका फॉर्मूला है: बेसिक सैलरी × DA की दर ÷ 100. सरकार आमतौर पर साल में दो बार यानी जनवरी और जुलाई से DA में बदलाव करती है. जनवरी से लागू होने वाली बढ़ोतरी का ऐलान सामान्य तौर पर मार्च या अप्रैल में और जुलाई से लागू होने वाली बढ़ोतरी का ऐलान अक्टूबर के आसपास किया जाता है. DA का मकसद महंगाई के असर को कम करके कर्मचारियों की खरीदारी क्षमता बनाए रखने में मदद करना है.
6 / 6