Delhi NCR Property: घर खरीदने का शानदार मौका! नोएडा-ग्रेटर नोएडा में बढ़े विकल्प, बिल्डर दे रहे खास ऑफर

दिल्ली-एनसीआर में त्योहारी सीजन के दौरान घर खरीदारों के लिए विकल्प बढ़े हैं. नोएडा, ग्रेटर नोएडा और गाजियाबाद में नई परियोजनाओं की संख्या बढ़ने से इन्वेंटरी में भी इजाफा हुआ है. बिल्डर ग्राहकों को आकर्षित करने के लिए पेमेंट प्लान, शुरुआती बुकिंग लाभ, लकी ड्रॉ और मुफ्त मॉड्यूलर किचन जैसे ऑफर दे रहे हैं.

प्रॉपर्टी Image Credit:

दिल्ली एनसीआर में घर खरीदने का सपना देख रहे लोगों के लिए त्योहारों का यह सीजन उम्मीद लेकर आ सकता है, खास तौर पर नोएडा ग्रेटर नोएडा व गाजियाबाद में! तेजी से विकसित हो रहे इन शहरों में नई आवासीय परियोजनाओं की सप्लाई बढ़ने से खरीदारों के सामने घरों की अधिक श्रेणियां और बजट के अनुसार विकल्प होंगे. फ्लैट की बढ़िया सप्लाइ, बढ़ती कीमतों और ब्याज दरों के दबाव के बीच नए के साथ पुराने विज़िट वाले ग्राहकों को आकर्षित करने के लिए बिल्डर भुगतान योजनाओं, शुरुआती बुकिंग लाभ और दूसरे प्रोत्साहनों की तैयारी में जुटे हैं.

इनवेंटरी और ऑफर, दोनों भरपूर

एनारॉक के ताजा आंकड़ों के अनुसार, देश के शीर्ष सात शहरों में तीसरी तिमाही में नई आवासीय इकाइयों की लॉन्चिंग सालाना आधार पर 18 प्रतिशत बढ़कर 1,14,320 हो गई. वहीं, उपलब्ध इन्वेंटरी 12 प्रतिशत बढ़कर करीब 6.31 लाख यूनिट पहुंच गई, जो पिछले वर्ष 5.62 लाख यूनिट थी. यूपी रेरा से जारी आंकड़ों के अनुसार, प्रदेश में 217 परियोजनाएं पंजीकृत हुईं. इनमें सबसे अधिक 72 परियोजनाएं गौतम बुद्ध नगर और गाजियाबाद में हैं, जिनमें 32,000 से अधिक यूनिट का निर्माण होना है. निराला वर्ल्ड के सीएमडी सुरेश गर्ग के अनुसार, “त्योहारी सीज़न में खरीदारों के पास कई विकल्प हैं. रेपो रेट में बढ़ोतरी के बावजूद, स्पेशल ऑफ़र और पेमेंट प्लान ग्राहकों को अतिरिक्त फ़ायदे दे रहे हैं. प्रीमियम और प्राइम लोकेशन वाले रेज़िडेन्शल और कमर्शियल, दोनों टाइप के प्रोजेक्ट्स की मांग बनी हुई है.”

हर बिल्डर का विशेष ऑफर

त्योहारी सीजन में डेवलपर्स ने ग्राहकों के लिए अलग-अलग तरह के ऑफर पेश किए हैं. नई परियोजना में बिल्डर भुगतान योजनाओं, शुरुआती बुकिंग लाभ, अपग्रेड पैकेज और अन्य प्रोत्साहनों के जरिये ग्राहकों को आकर्षित कर सकते हैं. आरजी होम्स की ओर से आरजी प्लेयड्स में ‘ऑपरेशन 99’ के तहत 99 लाख रुपये में 3 बीएचके बुक करने वाले पात्र ग्राहकों के लिए लकी ड्रॉ रखा गया है. इसमें दो विजेताओं को किआ सेल्टोस एवं अन्य को सोना, लैपटॉप, मोबाइल फोन और स्मार्ट वॉच समेत अन्य उपहार भी रखे गए हैं. श्री केबी की ओर से न्यूनतम 400 वर्ग फुट की खरीद पर लकी ड्रॉ में शामिल होने का मौका दिया जा रहा है. इसमें एक विजेता को दंपती के लिए वापसी टिकट सहित दो रात और तीन दिन के दुबई प्रवास तथा अन्य को ‘स्पिन द व्हील’ के जरिये 25,000 रुपये तक का सुनिश्चित उपहार मिलेगा.

त्योहारी सीजन में खरीदार भी पूरी तैयारी में होते है जिससे अपने निवेश का भरपूर लाभ उठा सके. जीवाईजीवाई मेंटीस, सेक्टर-140, नोएडा एक्सप्रेसवे की ओर से कार्यालय स्पेस पर विशेष त्योहारी ऑफर दिया गया है. इसमें 1.25 लाख रुपये के भुगतान पर 2.50 लाख रुपये के निवेश मूल्य की गणना, 50:50 भुगतान योजना और 10,000 रुपये प्रति वर्ग फुट से कीमत शुरू होने की जानकारी दी गई है. एआईजीआईएन द्वारा दोनों परियोजनाओं में नए घर खरीदारों को एक मॉड्यूलर किचन और वॉर्डरोब बिल्कुल मुफ्त दे रहे हैं. सीएमडी राकेश कुमार अग्रवाल के अनुसार हर नए घर की शुरुआत आराम, भव्यता और लंबे समय तक चलने वाली वैल्यू के साथ होनी चाहिए और हम ‘सोच-समझकर तैयार की गई लग्जरी’ पर जोर देते हैं.

इन यूनिटस की सबसे अधिक सप्लाई

कीमतों को एक सीमा तक नियंत्रित करने और पॉकेट फ़्रेंडली बनाने के लिए बिल्डर ज्यादा यूनिटस 2000 वर्ग फुट के नीचे रखने का प्रयास कर रहे है. इस कारण नई आवासीय सप्लाई में 80 लाख से 1.5 करोड़ रुपये तक कीमत वाले घरों की हिस्सेदारी 34 प्रतिशत हो गई है. इससे मिड-प्रीमियम के साथ प्रीमियम और लग्जरी श्रेणी के घरों की बढ़ती हिस्सेदारी का संकेत मिलता है. डिलीजेंट बिल्डर्स के सीओओ अश्वनी नागपाल के अनुसार हम वैली प्रोजेक्ट के रीवाइवल प्लान में दो टावर की जगह एक टावर ले आए जिससे मीडियम और बड़े फ्लैट्स, ज्यादा लिफ्टस, ओपन व ग्रीन एरिया और सुविधाएं दी जा सके, इससे सोसाइटी में डेन्सिटी कम हुई और क्वालिटी बढ़ गई जो बायर्स को पसंद आ रही है.

हालांकि, जिन बिल्डरों की अधिकतर यूनिट बिक चुकी हैं या जिनके पास सीमित इन्वेंटरी बची है, उनके यहां ऑफर की गुंजाइश कम रह सकती है. कुछ बिल्डर्स ऑफर्स से हटकर भी खरीदारों को विश्वास और भरोसे के दम पर आकर्षित कर रहे है. रीयरको प्राइवेट लिमिटेड की एमडी गीतांजलि खन्ना के अनुसार हम आशान्वित है कि हमारे खरीदारों में वे लोग अधिक होंगे जिन्होंने पहले वायु विज़िट किया है और इस त्योहार घर लेने की योजना बना रहे है, इसलिए हमने अपने सीमित यूनिट वाले प्रोजेक्ट में कीमतें नहीं बढ़ाई है जिससे ऐसे खरीदारों को उनकी विज़िट का लाभ और साथ में नए खरीदारों को फायदा मिले.

तुलनात्मक विश्लेषण से बेहतर निर्णय

डेवलपर्स के अनुसार, निर्माण सामग्री, श्रम और ढुलाई की बढ़ती लागत के साथ बेहतर सुरक्षा, ऊर्जा दक्षता और आधुनिक सुविधाएं भी परियोजनाओं की लागत बढ़ा रही हैं. ऐसे ऑफर और पेमेंट प्लान पर काम कर रहे है जिससे घर खरीदारों को अधिक से अधिक फायदा दिया जा सके तथा बढ़ी हुई ईएमआई और लागत से बचाया जा सके. पंकज कुमार जैन, निदेशक, केडब्लू ग्रुप का मानना है कि एनसीआर में खरीदारों का व्यवहार पहले से अधिक समझदारी वाला हुआ है. बढ़ती कीमतों के बीच वे जल्दबाजी में निर्णय लेने के बजाय परियोजना, सुविधाओं, कनेक्टिविटी और भुगतान योजना की तुलना कर रहे हैं. त्योहारी सीजन में बेहतर ऑफर मिलने पर यह मांग खरीदारी में बदल सकती है. इसलिए खरीदारों के लिए केवल ऑफर नहीं, बल्कि कुल कीमत, भुगतान की शर्तें, निर्माण की स्थिति और सुविधाओं की तुलना करना भी जरूरी होगा.

यह भी पढ़ें- SIP Investment: हर महीने ₹25,000 की SIP से 15 साल में बन सकता है ₹2.17 करोड़ का फंड, समझें पूरा गणित